WWC17 Final : मिताली ने बताया, असल में कहां हुई टीम से गलती
मिताली राज के नेतृत्व वाली भारतीय महिला क्रिकेट टीम रविवार को 2017 महिला वर्ल्ड कप के फाइनल में जीत के करीब पहुंचकर भी हार गई। इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करके 50 ओवर में 7 विकेट खोकर 228 रन बनाए। जवाब में भारतीय टीम ने अंतिम 7 विकेट 28 रन के अंतराल में गंवाए और पूरी टीम 48।4 ओवर में 219 रन पर ऑलआउट हो गई। भारत को फाइनल में मिली 9 रन की करारी शिकस्त के बाद कप्तान मिताली राज ने स्वीकार किया कि अंतिम क्षणों में टीम घबरा गई थी।
फाइनल मुकाबले के बाद कप्तान मिताली ने कहा, 'मैं अपनी टीम को कहना चाहती हूं कि मुझे उन पर गर्व है। मेरी टीम ने इस विश्व कप में किसी भी विरोधी को आरामदायक मैच नहीं खेलने दिया। टूर्नामेंट में टीम ने जिस तरह का प्रदर्शन करते हुए दूसरी बार फाइनल में जगह बनाई, उससे भारत में महिला क्रिकेट की स्थिति बेहतर होगी और खिलाड़ियों को पहचान मिलेगी।
भारतीय कप्तान ने आगे कहा, 'इंग्लैंड के लिए ये मैच आसान नहीं था, लेकिन उन्होंने संयम बनाए रखा और जीत हासिल की। एक समय हम मैच में बराबरी पर थे, लेकिन अंतिम समय में घबरा गए और मैच गंवा बैठे। हमने टूर्नामेंट में काफी अच्छा प्रदर्शन किया। टीम के सभी युवाओं ने अपना सर्वश्रेष्ठ दिया।'
क्रिकेट फैंस का किया शुक्रिया अदा
यह पूछने पर कि आप पहले ही घोषणा कर चुकी है कि मौजूदा विश्व कप आपके करियर का आखिरी है, तो आगे की क्या योजना है? इस पर मिताली ने कहा, ''मैं अभी कुछ समय और क्रिकेट खेलूंगी, लेकिन अपने आप को अगले विश्वकप तक खेलते नहीं देखती हूं।' मिताली ने लॉर्ड्स स्टेडियम में मौजूद दर्शकों का शुक्रिया अदा किया।
उन्होंने कहा, 'मैं यहां महिला क्रिकेट का समर्थन करने आए सभी प्रशंसकों को धन्यवाद देती हूं। यह सभी महिला क्रिकेटरों के हौसले के लिए बड़ी बात है। निश्चित रूप से यह अनुभव खिलाड़ियों की मदद करेगा। अब हमारे घरों में महिला क्रिकेट को लेकर अलग नजरिया है और ये खेल के लिए अच्छे संकेत हैं।'
उधर, चौथी बार वर्ल्ड चैंपियन बनी इंग्लैंड की कप्तान हेदर नाइट ने जीत पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा, 'मैं अपनी मुस्कान छुपा नहीं पा रही हूं। हमारी टीम ने दबाव की स्थिति में संयम बनाए रखा और भारत के मुंह से जीत छीन ली।'