बांग्लादेश और वेस्टइंडीज की निगाह जीत पर, रोमांचक होगा मुकाबला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जीत के साथ अभियान की शुरुआत करने के बाद हार से परेशान बांग्लादेश और वेस्टइंडीज की टीमें सोमवार को जब मैदान में उतरेंगी तो दोनों का लक्ष्य बड़ी जीत के साथ फिर से पटरी पर लौटने का होगा।
वेस्टइंडीज ने अपने पहले मुकाबले में पाकिस्तान को सात विकेट से रौंदा था। उसके बाद उसे ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के हाथों हार मिली, जबकि दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ उनका मैच बारिश की भेंट चढ़ गया। बांग्लादेश ने भी दक्षिण अफ्रीका जैसी मजबूत टीम को हराकर उलटफेर किया, जबकि न्यूजीलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ हार झेलनी पड़ी। श्रीलंका के खिलाफ मुकाबला बारिश से रद्द हो गया।
दोनों टीमों के एक समान तीन अंक है। इस मैच को जीतने वाली टीम अंकतालिका में अपनी स्थिति में सुधार करने में सफल रहेगी। यहां परिस्थितियां हालांकि वेस्टइंडीज के गेंदबाजों के मुफीद होंगी, जिसने पाकिस्तान और ऑस्ट्रेलिया के शीर्ष क्रम को झकझोर दिया था। बांग्लादेश के हौसले भी हालांकि बुलंद होंगे क्योंकि विश्व कप से पहले आयरलैंड में खेली गई त्रिकोणीय सीरीज में टीम ने वेस्टइंडीज को दो लीग मैचों के बाद फाइनल में भी हराया था।
बल्लेबाजी विंडीज की कमजोर कड़ी
वेस्टइंडीज की परेशानी का सबब उनकी बल्लेबाजी है। ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के खिलाफ टीम की यह कमजोरी पूरी तरह उजागर हुई। इंग्लैंड के खिलाफ टीम ने 30वें ओवर में तीन विकेट पर 144 रन बना लिए थे लेकिन 45वें ओवर तक पूरी टीम 212 रन पर आउट हो गई। टीम को क्रिस गेल और फॉर्म में चल रहे शाई होप से बड़ी पारी की उम्मीद होगी। वेस्टइंडीज की परेशानी बड़े खिलाड़ियों का चोटिल होना भी है। आंद्रे रसेल और शेल्डन कॉट्रेल इंग्लैंड पांच ओवर ही गेंदबाजी कर पाए थे।
बांग्लादेश का दारोमदार शाकिब पर
बांग्लादेश की सफलता हालांकि शाकिब अल हसन के प्रदर्शन पर निर्भर कर करेगी जिन्होंने टूर्नामेंट में अब तक गेंद और बल्ले से शानदार प्रदर्शन किया है। शाकिब ने तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ शतक भी लगाया था। वह 260 रन के साथ सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाजों की तालिका में चौथे स्थान पर हैं। मुशफिकुर रहीम भी लय में हैं लेकिन बाकी बल्लेबाजों ने अब तक निराश किया है। बांग्लादेश को हालांकि गेंदबाजी में काफी सुधार करना होगा।
खास बातें
-
जीत के साथ आगाज करने के बाद दोनों टीमों ने गंवाए हैं दो-दो मुकाबले
-
दोनों टीमों का एक-एक मैच बारिश के कारण हुआ है रद्द
-
260 रन शाकिब ने बांग्लादेश की ओर से अब तक चार मैचों में एक शतक की मदद से बनाए हैं
-
37 मुकाबले दोनों ने अब तक खेले हैं जिसें में वेस्टइंडीज ने 21 और बांग्लादेश ने 14 जीते हैं। दो बेनतीजा रहे हैं
-
04 पिछले मुकाबलों से बांग्लादेश से जीत नहीं पाई है वेस्टइंडीज की टीम
-
04 बार विश्व कप में दोनों टीमें भिड़ी हैं जिसमें से तीन बार वेस्टइंडीज जीती है, जबकि एक मैच बेनतीजा रहा है
-
08 साल में कभी विश्व कप में वेस्टइंडीज से जीत नहीं पाई है बांग्लादेश की टीम। दोनों पहली बार 2011 में टकराए थे जहां विंडीज नौ विकेट से जीती