क्रिस गेल का रिकॉर्ड दोहरा शतक, WI की जोरदार जीत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
लंबे समय से शांत क्रिस गेल का बल्ला आखिरकार कैनबरा में चल निकला और वर्ल्ड कप के इस 15वें मुकाबले में उन्होंने धूमधड़ाके के साथ ऐतिहासिक पारी ही खेल डाली। वह दोहरा शतक लगाने वाले दुनिया के चौथे और वर्ल्ड कप में पहले बल्लेबाज बन गए हैं।
लाइव स्कोर कार्ड के लिए यहां क्लिक करें।
कैनबरा में क्रिस गेल और सैमुअल्स के बीच हुई 372 रनों की वर्ल्ड रिकॉर्ड साझेदारी के दम पर वेस्टइंडीज ने जिम्बाब्वे को जीत के लिए 373 रनों का मुश्किल सा लक्ष्य दिया और उसने अफ्रीकी टीम को डकवर्थ-लुइस नियम के आधार पर 289 रनों पर समेटते हुए 73 रनों से जीत हासिल कर ली।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए वेस्टइंडीज ने 50 ओवर में 2 विकेट के नुकसान पर 372 रन बनाए। ओपनर गेल ने आज धमाकेदार पारी खेली और वह अंतिम गेंद पर आउट हुए। उन्होंने आउट होने से पहले 147 गेंदों में 10 चौके के अलावा 16 छक्के भी लगाए। साथ ही गेल ने मार्लोन सैमुअल्स (नाबाद 133) के साथ दूसरे विकेट के लिए वर्ल्ड रिकॉर्ड 372 रनों की साझेदारी की।
उन्होंने 138 गेंदों में अपना दोहरा शतक पूरा किया। वह वनडे में दोहरा शतक लगाने वाले दुनिया के चौथे और वेस्टइंडीज के पहले बल्लेबाज बन गए हैं। इससे पहले भारत के तीन बल्लेबाजों ने 4 बार दोहरा शतक लगाने का कारनामा किया है। सचिन तेंदुलकर ने सबसे पहले दोहरा शतक लगाया। उनके बाद वीरेंद्र सहवाग और रोहित शर्मा ने भी दोहरा शतक लगाया। रोहित दो बार यह कारनामा कर चुके हैं।
जवाब में जिम्बाब्वे की पूरी टीम 44.2 ओवर में 289 रन बनाकर आउट हो गई। उसकी ओर से सियन विलियम्स ने सर्वाधिक 76 रन बनाए, जबकि क्रेग इरविन के बल्ले से 52 रन निकले। वर्ल्ड कप में पहला दोहरा शतक जड़ने वाले क्रिस गेल ने गेंदबाजी में भी कमाल दिखाया और 2 विकेट झटके। उनके अलावा कप्तान जेसन होल्डर और जीरोम टेलर ने 3-3 विकेट निकाले।
शून्य पर लगे झटके के बाद रिकॉर्ड तिहरी शतकीय साझेदारी
लेकिन इसके बाद गेल ने मार्लोन सैमुअल्स के साथ पारी को आगे बढ़ाया। दोनों ने शुरुआत में संयम दिखाया फिर लय में आ जाने के बाद दोनों ने जिम्बाब्वे के गेंदबाजों की जमकर क्लास ली।
टीम की खराब शुरुआत के बाद गेल पर खासा दबाव था कि वह टीम को संकट से निकाले। वह लंबे समय से टीम के लिए बड़ी पारी नहीं खेल पा रहे थे। वर्ल्ड कप में अपने पिछले दोनों मैचों में वह बेहद नाकाम रहे थे जिस कारण उनकी आलोचना होने लगी लेकिन आज उन्होंने लाजवाब पारी खेलकर आलोचकों को करारा जवाब दे दिया। 51 गेंदों में अर्धशतक लगाने के बाद उन्होंने सैमुअल्स के साथ पहले शतकीय साझेदारी की, फिर इसे दोहरे शतकीय साझेदारी में भी ले गए।
इस बीच सैमुअल्स ने भी अपना पचासा ठोंक दिया। सैमुअल्स के करियर की यह 26वीं अर्धशतकीय पारी है। इसके बाद गेल ने अपनी पारी को शतक में बदल दिया। यह उनके करियर का 22वां शतक है। दोनों की पारी के बीच बारिश भी शुरू हो गई लेकिन मैच जारी रहा और बल्लेबाज रन बनाते रहे।
शून्य से शुरू होने वाली यह साझेदारी 372 रनों के आंकड़े को छू गई। इस जोड़ी ने 1999 में राहुल द्रविड़ और सौरव गांगुली के बनाए 318 रनों के रिकॉर्ड को भी धो दिया। दोनों बल्लेबाजों ने शतक लगाए। गेल पारी की अंत तक क्रीज पर बने रहे और अंतिम गेंद पर कैच आउट हुए। नाबाद 133 रन बनाने वाले मार्लोन सैमुअल्स ने अपनी पारी में 156 गेंदों में 11 चौके के अलावा 3 छक्के भी जमाए।
सियन विलियम्स ने कुछ देर दिया विंडीज आक्रमण को जवाब
बहुत बड़े लक्ष्य के जवाब में जिम्बाब्वे जब अपनी पारी शुरू करने उतरा तो शुरुआत में ही उसे झटका लग गया। इसके बाद बारिश ने खेल कुछ देर के लिए रोक दिया। खेल जब दुबारा शुरू हुआ तो जिम्बाब्वे को 48 ओवर में जीत के लिए 363 रनों का संशोधित लक्ष्य मिला।
इस अफ्रीकी टीम को जहां तेज शुरुआत की दरकार थी तो उसे लगातार झटके लगते रहे। 46 रन पर उसने 3 विकेट गंवा दिए। इसके बाद चौथे विकेट के लिए 80 रनों की साझेदारी कर टीम को सौ के पार पहुंचा दिया। जिम्बाब्वे की ओर से सियन विलियम्स ने सर्वाधिक 76 रनों की पारी खेली। बाद में क्रेग इरविन ने भी अर्धशतक लगाया। कैरेबियाई टीम की ओर से कप्तान और तेज गेंदबाज जेसन होल्डर ने 3 विकेट झटके जबकि क्रिस गेल ने आलराउंड प्रदर्शन करते हुए 3 विकेट भी निकाले।
पिछले मैच में पाकिस्तान पर धमाकेदार जीत दर्ज करने के बाद आत्मविश्वास से लबरेज वेस्टइंडीज ने पूल-बी के मैच में जिम्बाब्वे को हराने के बाद अपनी स्थिति मजबूत कर ली है। पहले मैच में आयरलैंड से अप्रत्याशित पराजय झेलने के बाद वेस्टइंडीज ने शनिवार को क्राइस्टचर्च में पाकिस्तान को 150 रन से हराकर टूर्नामेंट में खाता खोला।
उधर, जिम्बाब्वे की 3 मैचों में यह दूसरी हार है। उसने पिछले मैच में संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) को 4 विकेट से हराकर दो अंक हासिल किए थे।