एक भी गेंद डाले बगैर दूसरे दिन का खेल खत्म
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
भारी बारिश के कारण फातुल्लाह में खेले जा रहे बांग्लादेश और भारत के बीच टेस्ट मैच के दूसरे दिन एक भी गेंद नहीं डाली जा सकी और टी-ब्रेक से पहले ही दिन का खेल खत्म कर दिया गया।
लाइव स्कोरबोर्ड के लिए यहां क्लिक करें।
टेस्ट मैच के पहले दिन भी बारिश ने खलल डाली थी लेकिन 56 ओवर का खेल खेला जा सका था। पहले दिन का खेल खत्म होने तक भारत ने बिना किसी नुकसान के 239 रन बना लिए थे। शिखर धवन और मुरली विजय की ओपनिंग जोड़ी ने पहले दिन भारत को कोई झटका नहीं लगने दिया और दिन का खेल खत्म होने तक नाबाद रहे।
पहले दिन के खेल में जीवनदान पाने के बाद शिखर धवन ने अपने टेस्ट करियर का तीसरा शतक ठोंक दिया। उनका साथ दे रहे मुरली भी शतक के करीब पहुंच गए हैं और वह 89 रन बनाकर खेल रहे हैं। अब उन्हें अपने शतक के लिए तीसरे दिन का इंतजार करना होगा।
पहले दिन बारिश के बीच धवन और मुरली के बल्ले से बरसे रन
नए टेस्ट कप्तान विराट कोहली के मुंह से जिस आक्रामक और सकारात्मक क्रिकेट की बात हम सुनते आ रहे थे, उसके दर्शन बांग्लादेश के खिलाफ एकमात्र टेस्ट के पहले दिन हो ही गए। न तो बांग्लादेशी गेंदबाज और न ही बारिश ही भारतीय ओपनरों शिखर धवन और मुरली विजय को बरसने से रोक सकी।
पहला दिन इस कदर भारतीय बल्लेबाजों के नाम रहा कि दिन भर में फेंके गए 56 ओवरों में ही दोनों ने अटूट 239 रन की साझेदारी कर मेजबान गेंदबाजों का जैसे दम ही निकाल दिया। दिन का खेल खत्म होने तक धवन ताबड़तोड़ अंदाज में अपना तीसरा टेस्ट शतक बनाकर 150 और विजय 89 रन बनाकर खेल रहे थे।
धवन ने 158 गेंदों का सामना करते हुए 21 खूबसूरत चौके जड़े जबकि विजय ने 178 गेंद की अपनी पारी में 8 चौके व एक छक्का लगाया। दोनों ने भारत के लिए पहले विकेट के लिए चौथी सबसे बड़ी साझेदारी बना ली है।
इस विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी का रिकॉर्ड पंकज राय और वीनू मांकड़ के नाम है, जिन्होंने चेन्नई में न्यूजीलैंड के खिलाफ 413 रन की साझेदारी की थी। हालांकि दोनों पहले विकेट के लिए 200 से अधिक रन की साझेदारी पहले भी कर चुके हैं। 2013 में दोनों ने मोहाली में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 289 रन जोड़े थे।
धवन-विजय के दबदबे का आलम यह था कि चार स्पिनरों और एक तेज विशेषज्ञ गेंदबाज के साथ मैदान पर उतरने का बांग्लादेशी कप्तान मुशफिकुर रहीम का दांव पूरी तरह उल्टा पड़ गया।