मोर्गन के शतक पर भारी पड़ा डेविड वॉर्नर का शतक
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
वर्ल्ड कप से पहले ऑस्ट्रेलिया में आज से शुरू हुई त्रिकोणीय वनडे सीरीज का आगाज बेहद शानदार तरीके से हुआ और दोनों ही टीमों की ओर से एक-एक शतक ठोंके गए।
लाइव स्कोर कार्ड के लिए यहां क्लिक करें।
इंग्लैंड से 235 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम ने यूं तो 39.5 ओवर में 7 विकेट गंवाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। लेकिन मेजबान टीम ने अपने अंतिम 4 विकेट 34 रनों के अंदर गंवा दिया जिससे उसकी जीत का जश्न फीका पड़ गया। उसकी ओर से ओपनर डेविड वॉर्नर ने शानदार शतक लगाते हुए 127 रनों की पारी खेली। इंग्लैंड की ओर से क्रिस वोग्स ने 40 रन देकर 4 विकेट झटके।
दौरे पर अपना पहला मैच खेल रही इंग्लैंड की टीम को बेहद खराब शुरुआत मिली लेकिन कप्तान इयोन मोर्गन (121) की शतकीय पारी ने कुछ हद तक संभाला। हालांकि टीम 48वें ओवर में 234 रन बनाकर आउट हो गई। ऑस्ट्रेलिया की ओर से तेज गेंदबाज मिचेल स्टॉर्क ने 42 रन देकर 4 विकेट निकाले।
सीरीज में भाग लेने वाली तीसरी टीम भारत की है। अगला मैच भारत का है जो 18 को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होगा।
कप्तान मोर्गन ने रोका विकेटों के गिरने का सिलसिला
इससे पहले टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला इंग्लैंड के लिए अच्छा नहीं रहा। उसे शुरुआती झटका मैच की पहली ही गेंद पर लग गया, जब अभ्यास मैच में 187 रनों की धमाकेदार पारी खेलने वाले इयान बेल (0) पगबाधा हो गए। इस शुरुआती झटके से अभी इंग्लैंड उबरा भी नहीं था कि तीसरी गेंद पर जेम्स टेलर (0) भी अपना विकेट गंवा बैठे। इंग्लैंड ने अपने 2 विकेट खाता खुले बगैर ही गंवा दिया था। ऑस्ट्रेलिया की ओर से पहला ओवर मिचेल स्टॉर्क ने डाला।
शुरुआत खराब रही तो इंग्लिश टीम के लिए आगे भी कुछ अच्छा नहीं रहा। मध्य क्रम के ठोस बल्लेबाज जोई रुट (5) पैट कमिंस की गेंद पर कैच आउट हो गए। बेल के साथ ओपनिंग करने आए मोइन अली भी आज कुछ खास नहीं कर सके और 22 रन बनाकर जेम्स फॉकनर की गेंद पर कैच आउट हो गए। इंग्लैंड के 4 विकेट महज 33 रन पर गिर गए थे और सारा दबाव मध्य क्रम और पुछल्लों पर आ गया।
वर्ल्ड कप से पहले शुरू हुई वनडे सीरीज के अपने पहले अभियान की शुरुआत में ही इंग्लैंड को झटके लगे। उसके 5 शीर्ष बल्लेबाज महज 69 रन पर पवेलियन लौट गए थे। हालांकि पहली बार टीम के पूर्णकालिक कप्तान बने मोर्गन ने एक छोर संभालकर अपनी टीम के विकेटों के पतन को कुछ देर के लिए रोके रखा।
रवि बोपारा के 13 रन पर आउट होने के बाद श्ातकवीर मोर्गन ने जोस बटलर के साथ छठे विकेट के लिए 67 रनों की साझेदारी कर टीम को सौ के पार पहुंचा दिया। इस बीच मोर्गन ने अपनी फिफ्टी भी पूरी कर ली, लेकिन जल्द ही यह जोड़ी टूट गई। बटलर 28 रन बनाकर फॉकनर की गेंद पर आउट हो गए। इसके बाद ग्लेन मैक्सवेल ने कि्रस वोग्स (8) को आउट कराया।
हालांकि दूसरे छोर पर कप्तान मोर्गन ने अपना विकेट बचाए रखा और शतक भी जमा दिया। इंग्लैंड ने अपने शुरुआती 2 विकेट महज 3 गेंद के अंदर गंवा दिए थे और इसके बाद अपने अंतिम 3 विकेट महज 6 गेंदों के अंदर गंवाए। ऑस्ट्रेलिया की ओर से मिचेल स्टॉर्क के 4 विकेट के अलावा जेम्स फॉकनर ने 3 विकेट लिए, जबकि 3 अन्य गेंदबाजों को एक-एक सफलता हाथ लगी।
शतक के साथ फॉर्म में लौटे वॉर्नर
गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के बाद ऑस्ट्रेलिया को अपने बल्लेबाजों से उम्मीद थी कि 235 रनों के लक्ष्य को आसानी से हासिल कर लेंगे। हालांकि उसे भी सातवें ओवर में 33 रन के स्कोर पर पहला झटका लग गया जब ऐरोन फिंच 15 रन बनाकर चलते बने। इसेक बाद वॉर्नर ने शेन वॉटसन के साथ पारी को आगे बढ़ाया लेकिन जल्द ही यह साथ भी छूट गया। वॉटसन 16 रन बनाकर कैच आउट हो गए।
इसके बाद वॉर्नर ने स्टीवन स्मिथ के साथ तीसरे विकेट के लिए 88 रनों की साझेदारी कर टीम के स्कोर का डेढ़ सौ के पार पहुंचा दिया। स्मिथ 37 रन बनाकर मोइन अली की गेंद पर बोल्ड हो गए। वॉर्नर ने इस बीच अपना शतक ठोंक दिया और वह कप्तान जॉर्ज बैली (10) के साथ आराम से लक्ष्य की ओर बढ़ रहे थे कि बैली टीम के 199 रनों के स्कोर पर आउट हो गए। वॉर्नर भी इस पारी से शतक लगाने वाले फॉर्म में लौट आए। उन्होंने मार्च, 2012 के बाद और 30 वनडे के बाद अपना पहला शतक ठोंका।
इसके बाद इंग्लैंड ने जल्दी-जल्दी 3 और विकेट झटक लिए। वॉर्नर भी 127 रन बनाकर आउट हो गए। कंगारू टीम का स्कोर एक समय 3 विकेट पर 199 रन था लेकिन उसने लक्ष्य तक पहुंचते-पहुंचते 4 और विकेट गंवा दिए। इंग्लैंड ने जिस तरह से सफलता हासिल की उससे यही लग रहा था कि अगर स्कोर कुछ और होता तो वे मैच में रोमांच ला देते।
मेजबान ऑस्ट्रेलिया ने 61 गेंद शेष रहते मैच 3 विकेट से जीत लिया। इस जीत के साथ ही उन्हें बोनस अंक भी हासिल हो गया।