संगकारा ने बताया IPL 2021 में कौन सी भूमिका अदा करेंगे राजस्थान के रॉयल क्रिस?
राजस्थान रॉयल्स के क्रिकेट निदेशक कुमार संगकारा ने शुक्रवार को कहा कि आईपीएल के 14वें सीजन में क्रिस मॉरिस अहम भूमिका अदा करेंगे। वह तेज गेंदबाजी आक्रमण की अगुवाई करने वाले जोफ्रा आर्चर की मदद करेंगे। दरअसल, राजस्थान ने नीलामी में मॉरिस को 16.25 करोड़ रुपये में खरीदा है।
संगकारा ने एक वर्चुअल प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, 'नीलामी की कीमत की बात की जाए तो मॉरिस काफी ऊंची राशि में खरीदे गए। मॉरिस की हमारे साथ बहुत ही अहम भूमिका होगी जो (जोफ्रा) आर्चर का सहयोग करने की होगी। इससे हम जिस तरह से आर्चर को इस्तेमाल करें, उसमें और अधिक लचीलापन मिल जाएगा।'
श्रीलंका के 43 वर्षीय विकेटकीपर बल्लेबाज ने कहा, 'मॉरिस जब भी फिट रहा है तो उसके आंकड़े आईपीएल में सर्वश्रेष्ठ रहे हैं और खेल पर प्रभाव के मामले में भी वह सर्वश्रेष्ठ हैं। इसलिए इस लिहाज से वह हमारे लिए काफी अहम हैं इससे हम आर्चर को अन्य तरीकों से इस्तेमाल के बारे में सोच सकते हैं।'
संगकारा ने कहा, 'हमारे पास एंड्रयू टाई, मुस्तफिजुर रहमान और फिर मदद के लिए युवा भारतीय तेज गेंदबाज भी हैं जिससे हमें कुछ और संयोजन मिल जाएंगे जो खेल सकते हैं और इसमें मॉरिस काफी अहम होंगे।'
फ्रेंचाइजी लीग और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के बीच संतुलन बनाए
वहीं, कुमार संगकारा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट पर आईपीएल जैसी फ्रेंचाइजी लीग को तरजीह देने के खिलाफ हैं लेकिन वह चाहते हैं कि खेल के फायदे के लिए आईसीसी और सदस्य देश दोनों में संतुलन बनाए। एक वर्चुअल प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा, 'यह सबको पता ही है कि सारे अनुबंध अंतरराष्ट्रीय अनुबंध से नीचे हैं। आईपीएल अनुबंध ऐसे बनाया गया है कि खिलाड़ियों को इसमें भाग लेने के लिये अपने बोर्ड से एनओसी लेनी पड़ती है।' उन्होंने कहा, 'मुझे यकीन है कि संतुलन बनाया जा सकता है । यह कभी भी आदर्श या परफेक्ट संतुलन नहीं हो सकता लेकिन संतुलन जरूरी है ताकि घरेलू बोर्ड और खिलाड़ियों दोनों का फायदा हो सके।'