KKR और KXIP के बीच हाईवोल्टेज मैच, गेल और रसेल में मचेगी बाजी मारने की होड़
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आईपीएल 2018 की अंक तालिका में शीर्ष पर चल रही कोलकाता नाइटराइडर्स और किंग्स इलेवन पंजाब की टीमें शनिवार को आमने-सामने होंगी। इस मैच में जमैका के दो आक्रामक बल्लेबाजों पंजाब के क्रिस गेल और केकेआर के आंद्रे रसेल की आपसी होड़ काफी दिलचस्प होगी।
गेल ने गुरुवार को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 63 गेंदों पर 104 नाबाद रन की पारी खेली। सीजन का पहला शतक लगाते हुए उन्होंने अपनी पारी में 11 छक्के लगाए। इनमें से सात छक्के उन्होंने टी-20 के शीर्ष गेंदबाज अफगानिस्तान के लेग स्पिनर राशिद खान पर लगाए। उन्होंने अपने उन आलोचकों को कड़ा जवाब दिया, जो मान रहे थे कि गेल में अब वो पुरानी बात नहीं है।
इस बार भी वह दो मैचों में बाहर बैठे थे, लेकिन जैसे ही मैदान पर उतरे उनका करिश्मा शुरू हो गया। चेन्नई के खिलाफ उन्होंने 63 रन बनाए और आठ टीमों में सबसे बेहतर गेंदबाजी संतुलन रखने वाली सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ तो शतक ठोक दिया।
ईडन गार्डन पर होने वाली भिड़ंत में देखना होगा कि गेल हमवतन विंडीज स्पिनर सुनील नरेन और चाइनामैन बॉलर कुलदीप यादव का कैसे सामना करते हैं। केकेआर में इसके साथ पियूष चावला और पार्टटाइम स्पिनर नितीश राणा भी हैं।
किंग्स इलेवन पंजाब की टीम रविचंद्रन अश्विन के नेतृत्व में बिल्कुल बदली नजर आ रही है। उनकी बल्लेबाजी में भी दम नजर आ रहा है। लोकेश राहुल, गेल के अलावा मयंक अगरवाल और करुण नायर हैं। फिनिशर के रूप में आरोन फिंच और युवराज सिंह हैं, हालांकि दोनों ने अभी वैसी पारी नहीं खेली है जिसके लिए वह मशहूर हैं।
दूसरी ओर केकेआर में शामिल अन्य जमैकाई बल्लेबाज आंद्रे रसेल भी फॉर्म में हैं। ईडन गार्डन में खेले गए पिछले मैच में उन्होंने 12 गेंदों पर 41 रन की पारी खेली थी।
केकेआर के राणा भी फॉर्म में
केकेआर के पास नितीश राणा हैं जो दिल्ली और राजस्थान के खिलाफ मिली जीतों में मैन ऑफ द मैच रहे हैं। राणा ने पार्टटाइम ऑफ स्पिनर के रूप में भी अपनी उपयोगिता साबित की है। रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के खिलाफ उन्होंने विराट कोहली का विकेट लिया तो राजस्थान के खिलाफ अजिंक्य रहाणे का।
राजस्थान के खिलाफ जयपुर में केकेआर के स्पिनरों ने 14 ओवर फेंके और पांच विकेट लेकर घरेलू टीम को 8 विकेट पर 160 रन पर रोक दिया। अफगान के 17 वर्षीय स्पिनर मुजीब उर रहमान भी कोहली जैसे बल्लेबाज को छकाने में सफल रहे हैं। उनकी इकानोमी रेट भी चार मैचों में 6.80 की रही है।
संभावित टीमें:
किंग्स इलेवन पंजाब- केएल राहुल, क्रिस गेल, मयंक अगरवाल, करुण नायर, युवराज सिंह, आरोन फिंच, बरिंदर सरां, रविचंद्रन अश्विन (कप्तान), एंड्रू टाई, मोहित शर्मा, मुजीब उर रहमान।
कोलकाता नाइटराइडर्स- क्रिस लिन, सुनील नरेन, रॉबिन उथप्पा, नितीश राणा, दिनेश कार्तिक (कप्तान), आंद्रे रसेल, शुभमन गिल, टॉम करन, पियूष चावला, शिवम मावी, कुलदीप यादव।