महिला खिलाड़ी ने 10 विकेट चटकाकर रचा इतिहास, आठ खिलाड़ी तो खाता भी नहीं खोल पाईं
- सीमित ओवरों के प्रारूप में यह उपलब्धि हासिल करने वाली भारत की पहली क्रिकेटर
- गौतम ने अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ अंडर-19 वनडे ट्रॉफी में किया रिकॉर्ड तोड़ प्रदर्शन
- 18 विकेट चटका चुकी हैं काशवी अभी तक टूर्नामेंट के तीन मैचों में
विस्तार
4.5 ओवर, 1 मेडन, 12 रन और हैट्रिक सहित दस विकेट। वनडे क्रिकेट इतिहास का यह रिकॉर्ड प्रदर्शन कर चंडीगढ़ की काशवी गौतम ने अपना नाम सुनहरे अक्षरों में दर्ज कर लिया।
चंडीगढ़ की अंडर-19 महिला क्रिकेट टीम की कप्तान गौतम ने यह रिकॉर्ड तोड़ प्रदर्शन अरुणाचल प्रदेश के कदापा में मेजबान टीम के खिलाफ अंडर-19 वनडे ट्रॉफी में किया। गौतम सीमित ओवरों के प्रारूप में दस विकेट झटकने वाले भारत की पहली जबकि दुनिया की दूसरी क्रिकेटर हैं। बीसीसीआई ने इसका वीडियो अपने ऑफिशियशल ट्विटर हैंडल पर शेयर किया है।
Hat-trick ✅
10 wickets in a one-day game ✅
49 runs with the bat ✅
Leading from the front ✅
4.5-1-12-10! 👌👌
Kashvee Gautam stars as Chandigarh beat Arunachal Pradesh in the @paytm Women’s Under 19 One Day Trophy. 👏👏 #U19Onedayविज्ञापन विज्ञापन
Scorecard 👉👉 https://t.co/X8jDMMh5PS pic.twitter.com/GWUW9uUgtF — BCCI Women (@BCCIWomen) February 25, 2020
आलम के 12 साल बाद काशवी
काशवी से 12 साल पहले वनडे क्रिकेट में दस विकेट लेने का रिकॉर्ड नेपाल के महबूब आलम ने बनाया था। उन्होंने 2008 में नेपाल की ओर से खेलते हुए मोजाम्बिक के खिलाफ आईसीसी वर्ल्ड डिविजन मैच में 7.5 ओवर में 12 रन देकर सभी विकेट चटकाए थे। उनके इस प्रदर्शन से मोजाम्बिक की टीम 19 रन पर सिमट गई थी। उसने नौ बल्लेबाज शून्य पर आउट हो गए थे और नेपाल ने यह मैच 264 रन से जीता था। उसने सात विकेट पर 283 रन बनाए थे। आलम के इस प्रदर्शन को गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज किया गया था।
आठ खिलाड़ी नहीं खोल पाईं खाता
मीडियम पेसर गौतम के सामने अरुणाचल की आठ खिलाड़ी तो खाता भी नहीं खोल पाईं। इनमें से चार पहली ही गेंद पर चलती बनीं। मेजबान टीम के लिए इतिका त्यागी (10) ही दोहरे अंक तक पहुंच पाई। त्यागी के अलावा ओपनर नबाम मार्था (04) और नबाम पारा (03) ही रन बना पाईं। आठ रन अतिरिक्त के रहे। इससे अरुणाचल प्रदेश की टीम नौ ओवर में मात्र 25 रन पर ही ढेर हो गई। गौतम ने अपने पहले ही ओवर में दो और दूसरे ओवर में अंतिम तीन गेंदों पर लगातार तीन विकेट लेकर हैट्रिक लगाई।
49 रन भी बनाए
इससे पहले गौतम ने 68 गेंदों में 49 रन की पारी खेली जिससे चंडीगढ़ ने चार विकेट पर 186 रन का स्कोर बनाया। चंडीगढ़ ने यह मैच रिकॉर्ड 161 रन से जीता।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर दो खिलाड़ियों ने ही झटके हैं दस विकेट
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सिर्फ दो खिलाड़ियों ने ही एक मैच की पारी में दस विकेट लेने का करिश्माई प्रदर्शन किया है। वह भी टेस्ट में। सबसे पहले इंग्लैंड के स्पिनर जिम लेकर ने 1956 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट की एक पारी में दस विकेट झटके थे। जिम लेकर के 43 साल बाद दिग्गज भारतीय स्पिनर अनिल कुंबले ने चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के खिलाफ यह उपलब्धि हासिल की थी। उन्होंने 1999 में नई दिल्ली के फिरोजशाह कोटला मैदान में ऐसा किया था।
इनके नाम भी है परफेक्ट टेन
देवाशीष मोहंती ने 2001 में दक्षिण क्षेत्र की और से खेलते हुए पूर्वी क्षेत्र मैच में और रैक्स सिंह ने 2019 रणजी ट्रॉफी मैच में मणिपुर से खेलते हुए मिरोजम के खिलाफ दस विकेट विकेट झटके थे।