सैयद मुश्ताक टी20: विदर्भ को कर्नाटक ने 6 विकेट से रौंदा, फाइनल में महाराष्ट्र से होगी जंग
कर्नाटक ने रणजी चैंपियन विदर्भ को चार गेंद शेष रहते छह विकेट से रौंदकर सैयद मुश्ताक अली टी-20 ट्रॉफी के फाइनल में प्रवेश कर लिया। अब खिताब के लिए बृहस्पतिवार को उसका सामना महाराष्ट्र से होगा। महाराष्ट्र ग्रुप ए और कर्नाटक ग्रुप बी में अपने सभी मैच जीतकर 16-16 अंकों के साथ शीर्ष पर रहे।
कर्नाटक ने सुपर लीग चरण के अपने आखिरी मुकाबले में पहले विदर्भ को सात विकेट पर 138 रन पर रोक दिया। उसके बाद लक्ष्य को 19.2 ओवर में चार विकेट पर 140 रन बनाकर हासिल कर लिया। कप्तान मनीष पांडे ने नाबाद 49, रोहन कादम ने 39 और करुण नायर ने 24 रन की पारी खेली। इससे पहले विदर्भ की टीम ने अपूर्व नाबाद 56, अक्षय 33 और अर्थवा ताइडे 28 की मदद से 138 रन बनाए। कनार्टक की ओर से विनय कुमार ने दो विकेट लिए।
महाराष्ट्र ने रेलवे को 21 रन से हराया
महाराष्ट्र ने निखिल नायक (95*) और नौशाद शेख (59) के बीच तीसरे विकेट के लिए हुई 119 रन की साझेदारी के दम पर रेलवे को 21 रन से हराकर जीत का चौका लगाया। महाराष्ट्र ने पहले खेलते हुए पांच विकेट पर 177 रन बनाए। जवाब में रेलवे की टीम अंतिम गेंद पर 156 रन पर ढेर हो गई। मृणाल देवधर ने 55 और प्रथम सिंह ने 29 रन बनाए। समद फलाह ने तीन और सत्यजीत, शेख और दिव्यांग ने दो-दो विकेट झटके।
हार के चौके साथ यूपी बाहर
सिद्धेश लाड (62, 3/23) के ऑलराउंड खेल से मुंबई ने सैयद मुश्ताक अली टी-20 ट्रॉफी के सुपर लीग चरण में उत्तर प्रदेश को 46 रन से पराजित किया। हार के चौके के साथ उत्तर प्रदेश ने अपना अभियान खत्म गया। जीत के बावजूद मुंबई भी खिताब की दौड़ से बाहर हो गई।
मुंबई ने पहले खेलते हुए सात विकेट पर 183 रन बनाए। लाड ने एकांत केरकर (46) के साथ दूसरे विकेट के लिए 96 और कप्तान श्रेयस अय्यर (43) के साथ तीसरे विकेट के लिए 20 रन जोड़े। उन्होंने अपनी पारी में 44 गेंदों का सामना कर चार छक्के और तीन चौके जड़े।
उत्तर प्रदेश की ओर से अंकित राजपूत ने तीन विकेट झटके। जवाब में उत्तर प्रदेश की टीम छह गेंद शेष रहते 137 पर लुढ़क गई। सौरभ कुमार ने 24, प्रियम गर्ग ने 23, रिंकू सिंह और मोहसिन खान ने 19-19 और अंकित ने 18 रन का योगदान दिया। मुंबई के लिए शार्दुल ठाकुर और शिवम दुबे ने भी तीन-तीन विकेट झटके।