इंग्लैंड के तेज गेंदबाज जेम्स एंडरसन ने इतिहास रच दिया। पूर्व ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज ग्लेन मैक्ग्राथ को पछाड़ते हुए वे टेस्ट क्रिकेट में सर्वाधिक विकेट लेने वाले तेज गेंदबाज बन गए। भारत के खिलाफ खेले जा रहे पांचवें और अंतिम टेस्ट के दौरान मोहम्मद शमी का विकेट लेते ही उन्होंने अपने विकेटों की संख्या 564 पहुंचा दी।
22 मई 2003 को जिम्बॉब्वे के खिलाफ लॉर्ड्स में अपना डेब्यू करने वाले एंडरसन का यह 143वां टेस्ट मैच है। 36 वर्षीय एंडरसन भारत की दूसरी पारी में अबतक 3 विकेट झटके चुके हैं। चौथे दिन इस पेसर ने अपने दूसरे ही ओवर की तीसरी गेंद पर शिखर धवन को एलबीडब्ल्यू किया। चेतेश्वर पुजारा भी इसी ओवर में एंडरसन की गेंद पर लेग बिफोर द विकेट आउट हुए।
एंडरसन ने ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज तेज गेंदबाज ग्लेन मैक्ग्राथ को पछाड़ा। मैक्ग्राथ के नाम 124 टेस्ट मैच की 243 पारियों में 563 विकेट हैं। 8/24 उनका बेस्ट फिगर है। इंग्लैंड के खिलाफ सिडनी में जनवरी 2007 को अपना आखिरी टेस्ट खेलने वाले मैक्ग्राथ ने लंबे समय तक इस रिकॉर्ड को संभाले रखा था।
सीरीज में सबसे सफल गेंदबाज
एंडरसन ने भारत के खिलाफ मौजूदा सीरीज में अब तक 23 विकेट झटके हैं। उनके अलावा किसी और गेंदबाज ने सीरीज में 20 विकेट भी नहीं लिए हैं। एंडरसन ने लॉर्ड्स टेस्ट में नौ विकेट लेकर भारतीय टीम की कमर तोड़ दी थी। उन्होंने इस दौरान भारत के खिलाफ अपने 100 विकेट तो पूरे किए ही, लॉर्ड्स में भी अपने सौ विकेट पूरे किए थे। वे दुनिया के इकलौते ऐसे तेज गेंदबाज हैं जिसने एक ही मैदान पर 100 से ज्यादा विकेट लिए हैं।
अब सिर्फ तीन स्पिनर ही एंडरसन से आगे
अब टेस्ट क्रिकेट में सबसे अधिक विकेट लेने के मामले में सिर्फ तीन स्पिनर ही जेम्स एंडरसन से आगे हैं। श्रीलंका के मुथैया मुरलीधरन (800) इस मामले में पहले स्थान पर हैं। ऑस्ट्रेलिया के शेन वार्न (798) दूसरे और अनिल कुंबले (619) तीसरे नंबर पर हैं। ओवरऑल विकेट के मामले में अब जेम्स एंडरसन और ग्लेन मैक्ग्रा संयुक्त रूप से चौथे स्थान पर हैं।