फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Cricket ›   Cricket News ›   IPL 2025 RR vs RCB Result: Rajasthan Royals vs Royal Challengers Bangalore Key Highlights Points Table

RR vs RCB: आरसीबी ने 15 गेंद शेष रहते राजस्थान को हराया, तालिका में शीर्ष तीन में पहुंचे; कोहली-सॉल्ट का पचासा

Sun, 13 Apr 2025 07:19 PM IST
शोभित चतुर्वेदी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, जयपुर
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, जयपुर Published by: शोभित चतुर्वेदी Updated Sun, 13 Apr 2025 07:19 PM IST
सार

राजस्थान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में चार विकेट पर 173 रन बनाए थे। जवाब में आरसीबी ने 17.3 ओवर में एक विकेट पर 175 रन बनाकर मैच जीत लिया।

विज्ञापन
IPL 2025 RR vs RCB Result: Rajasthan Royals vs Royal Challengers Bangalore Key Highlights Points Table
कोहली और सॉल्ट - फोटो : PTI

विस्तार

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने विराट कोहली और फिल सॉल्ट के अर्धशतकों की मदद से राजस्थान रॉयल्स को नौ विकेट से हराया। राजस्थान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में चार विकेट पर 173 रन बनाए थे। जवाब में आरसीबी ने 17.3 ओवर में एक विकेट पर 175 रन बनाकर मैच जीत लिया। आरसीबी के लिए सॉल्ट ने 33 गेंदों पर पांच चौकों और छह छक्कों की मदद से 65 रन बनाए, जबकि कोहली 45 गेंदों पर चार चौकों और दो छक्कों के सहारे 62 रन बनाकर नाबाद लौटे। इनके अलावा इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर उतरे देवदत्त पडिक्कल ने 28 गेंदों पर पांच चौकों और एक छक्के की मदद से नाबाद 40 रन बनाए। 
विज्ञापन

ग्रीन जर्सी में पांचवीं जीत
आरसीबी इस मुकाबले में हरी जर्सी पहनकर उतरी थी।यह टीम हर सीजन कम से कम एक मैच हरी जर्सी में खेलती है। दरअसल, बेंगलुरु की टीम पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के लिए हरे रंग की जर्सी पहनकर खेलती है। आरसीबी के लिए ग्रीन जर्सी में रिकॉर्ड कुछ खास नहीं रहा है, लेकिन राजस्थान के खिलाफ वह जीत दर्ज करने में सफल रही। आरसीबी की ग्रीन जर्सी में यह पांचवीं जीत है। उसने ग्रीन जर्सी पहनते हुए दो बार राजस्थान को हराया है। 

ये भी पढ़ें: Virat Kohli: विराट कोहली टी20 में 100 अर्धशतक पूरे करने वाले पहले भारतीय, इस मामले में वॉर्नर के बराबर पहुंचे
विज्ञापन
विज्ञापन

अंक तालिका में हुआ बदलाव
आरसीबी की जीत से अंक तालिका में बदलाव हुआ है और गत चैंपियन कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) की टीम पांचवें स्थान पर खिसक गई है। आरसीबी छह मैचों में चार जीत और दो हार के साथ आठ अंक लेकर तीसरे स्थान पर आ गई है, जबकि राजस्थान ने भी छह मैच खेले हैं और वह दो जीत, चार हार के साथ चार अंक लेकर सातवें स्थान पर आ गई है। 
विज्ञापन

सॉल्ट-कोहली की आक्रामक शुरुआत
लक्ष्य का पीछा करते हुए सॉल्ट और कोहली ने आरसीबी को तेज शुरुआत दिलाई जिससे टीम ने पावरप्ले में ही बिना किसी नुकसान के 60 रनों का आंकड़ा पार कर लिया था। कोहली और सॉल्ट आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी कर रहे थे जिससे आरसीबी का स्कोर छह ओवर में बिना किसी नुकसान के 65 रन हो गया था। सॉल्ट ने 28 गेंदों पर आईपीएल करियर का अपना आठवां अर्धशतक पूरा किया। कोहली और सॉल्ट के बीच पहले विकेट के लिए 92 रनों की साझेदारी हुई जिसे कुमार कार्तिकेय ने सॉल्ट को आउट कर तोड़ा। 

कोहली का टी20 में 100वां पचासा 
सॉल्ट के आउट होने के बाद कोहली ने पडिक्कल के साथ पारी आगे बढ़ाई और रन गति को धीमे नहीं पड़ने दिया। कोहली ने इस दौरान अर्धशतक पूरा किया। वह टी20 में 100 पचासा लगाने वाले पहले भारतीय बन गए। कोहली का इस आईपीएल सीजन का यह तीसरा पचासा है। उन्होंने पडिक्कल के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 83 रनों की अविजित साझेदारी की। पडिक्कल ने इस दौरान आरसीबी के लिए 1000 रन पूरे किए। वह कोहली के बाद ऐसा करने वाले दूसरे खिलाड़ी हैं। राजस्थान के लिए एकमात्र विकेट कार्तिकेय ने लिया, जबकि अन्य गेंदबाज खाली हाथ रहे। 

राजस्थान की धीमी शुरुआत 
राजस्थान रॉयल्स ने यशस्वी जायसवाल की अर्धशतकीय पारी की मदद से आरसीबी को 174 रनों का लक्ष्य दिया था। आरसीबी ने इस मैच में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया था। पहले बल्लेबाजी करते हुए राजस्थान की शुरुआत धीमी रही। यशस्वी और कप्तान संजू सैमसन के बीच अच्छी साझेदारी हो रही थी, लेकिन क्रुणाल पांड्या ने सैमसन को आउट कर राजस्थान को पहला झटका दिया। सैमसन 19 गेंदों पर एक चौके की मदद से 15 रन बनाकर आउट हुए।

यशस्वी ने जड़ा सत्र का दूसरा अर्धशतक
इसके बाद यशस्वी और रियान पराग ने दूसरे विकेट के लिए 56 रनों की साझेदारी की, लेकिन यश दयाल ने रियान को आउट कर दिया। रियान 22 गेंदों पर तीन चौकों और एक छक्के की मदद से 30 रन बनाकर पवेलियन लौटे। यशस्वी ने मैच में शानदार बल्लेबाजी की और सीजन का अपना दूसरा अर्धशतक जड़ा। यशस्वी एक छोर से पारी को संभाले हुए थे, लेकिन हेजलवुड ने यशस्वी को एलबीडब्ल्यू कर राजस्थान को तीसरा झटका दिया। यशस्वी ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 47 गेंदों पर 10 चौकों और दो छक्कों की मदद से 75 रन बनाए।  

शिमरॉन हेटमायर इस मैच में बड़ी पारी नहीं खेल सके और भुवनेश्वर कुमार का शिकार बने। शिमरॉन नौ रन बनाकर आउट हुए। अंत में ध्रुव जुरेल ने शानदार बल्लेबाजी की जिससे राजस्थान 170 रन का आंकड़ा पार करने में सफल रहा। जुरेल ने 23 गेंदों पर दो चौकों और दो छक्कों की मदद से नाबाद 35 रन बनाए। नीतीश राणा एक गेंद पर चार रन बनाकर नाबाद लौटे। आरसीबी के लिए भुवनेश्वर, यश दयाल, जोश हेजलवुड और क्रुणाल पांड्या को एक-एक विकेट मिले।
विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें क्रिकेट समाचार से जुड़ी ब्रेकिंग अपडेट। क्रिकेट जगत की अन्य खबरें जैसे क्रिकेट मैच लाइव स्कोरकार्ड, टीम और प्लेयर्स की आईसीसी रैंकिंग आदि से संबंधित ब्रेकिंग न्यूज़।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed