{"_id":"5f9a1411fa718f45d61e18f4","slug":"ipl-2020-rcb-vs-mi-match-report-jasprit-bumrah-and-suryakumar-yadav-helps-mumbai-indians-defeat-royal-challengers-bangalore","type":"feature-story","status":"publish","title_hn":"IPL 2020: बुमराह के बाद चमके सूर्य, RCB को मात देकर मुंबई प्लेऑफ में","category":{"title":"Cricket News","title_hn":"क्रिकेट न्यूज़","slug":"cricket-news"}}
IPL 2020: बुमराह के बाद चमके सूर्य, RCB को मात देकर मुंबई प्लेऑफ में
Thu, 29 Oct 2020 06:30 AM IST
Rajeev Rai
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला
Published by: Rajeev Rai
Updated Thu, 29 Oct 2020 06:30 AM IST
सार
- पांच गेंद शेष रहते बैंगलोर को पांच विकेट से दी शिकस्त
- 79 रन की नाबाद पारी खेली सूर्यकुमार ने, बुमराह ने चटकाए तीन विकेट
- 54 रन बनाए बैंगलोर ने पावरप्ले में बिना विकेट गंवाए, तो आखिरी पांच ओवर में खोए चार विकेट बनाए 35 रन
विज्ञापन
सूर्यकुमार यादव
- फोटो : PTI
विस्तार
चार बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस बुधवार को आईपीएल-13 के प्लेऑफ में पहुंचने वाली पहली टीम बन गई। मुंबई ने रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर को पांच गेंद शेष रहते पांच विकेट से हराकर लगातार दूसरी और कुल नौवीं बार अंतिम चार का टिकट कटाया। जसप्रीत बुमराह (3/14) ने पहले बैंगलोर को छह विकेट पर 164 रन पर रोक दिया। उसके बाद सूर्यकुमार यादव (79) की नाबाद अर्द्धशतकीय पारी से लक्ष्य को 19.1 ओवर में पांच विकेट पर 166 रन बनाकर हासिल कर लिया। मुंबई की यह 12 मैचों में आठवीं जीत है। वह 16 अंकों के साथ शीर्ष पर है।
विज्ञापन
पावरप्ले में बनाए 45 रन :
मुंबई के ओपनर क्विंटन डिकॉक और इशान किशन ने संभलकर खेलते हुए पहले विकेट के लिए 37 रन जोड़े। डिकॉक 18 रन बनाकर मोहम्मद सिराज की गेंद पर गुरकीरत को कैच देकर पवेलियन लौट गए। इसके बाद सूर्यकुमार और किशन (25) ने पावरप्ले में टीम का स्कोर को 45 रन तक पहुंचाया। किशन को चहल ने मौरिस के हाथों कैप आउट करवाया।
विज्ञापन
डटे रहे सूर्यकुमार :
एक छोर पर विकेट गिरते रहे पर दूसरे पर सूर्यकुमार डटे रहे। सौरभ तिवारी (5), क्रुणाल पांड्या (10) और हार्दिक पांड्या (17) रन बनाकर पवेलियन लौट गए। हार्दिक के आउट होने पर टीम को आठ गेंदों पर सात रन की दरकार थी। कार्यवाहक कप्तान कीरोन पोलार्ड ने मौरिस को चौका लगाकर खाता खोला। इसके बाद 19वें ओवर की पहली ही गेंद पर सूर्यकुमार ने डेल स्टेन पर चौका जड़कर टीम को शानदार जीत दिला दी।
विज्ञापन
पडिक्कल-फिलिप ने जोड़े 71 रन :
इससे पहले बैंगलोर ने एक समय मुंबई इंडियंस के खिलाफ पावरप्ले में बिना विकेट खोए 54 रन बना लिए थे और लग रहा था कि स्कोर 200 तक पहुंच जाएगा। लेकिन मुंबई के गेंदबाजों ने उसे छह विकेट पर 164 रन पर ही रोक दिया। बैंगलोर को देवदत्त पडिक्कल (74) और जोश फिलिप (33) ने पहले विकेट के लिए 71 रन की साझेदारी कर शानदार शुरुआत दिलाई। इस साझेदारी को राहुल चाहर ने फिलिप को डिकॉक के हाथों स्टं आउट करवाकर तोड़ा। इसके बाद बैंगलोर का मध्यक्रम चरमरा गया और मुंबई के गेंदबाजों ने दबाव बना लिया। कप्तान विराट कोहली (9) और एबी डीविलियर्स (15) सस्ते में पवेलियन लौट गए। गुरकीरत ने नाबाद 14 और वाशिंगटन सुंदर ने नाबाद 10 रन बनाए। तीन बल्लेबाज दोहरे अंक तक नहीं पहुंचे।
पडिक्कल ने चौके से की शुरुआत :
पडिक्कल ने डीप एक्स्ट्रा कवर पर चौके के साथ शुरुआत की और तीसरे ओवर में क्रुणाल पंड्या को लगातार तीन चौके जड़े। दोनों ओपनरों ने बिना किसी दबाव के खेलना जारी रखा। फिलिप ने बोल्ट को पांचवें ओवर में छक्का भी जड़ा। पडिक्कल ने पैटिंसन के अगले ओवर में दो चौके जड़े। इसके बाद लेग स्पिनर राहुल चाहर ने फिलिप को ललचाया जो आगे बढ़कर खेलने के प्रयास में चूके लेकिन डिकॉक ने स्टम्पिंग करने में कोई चूक नहीं की। पडिक्कल ने राहुल को दो चौके और लगाकर अपना अर्द्धशतक पूरा किया। कप्तान कोहली (नौ) टिक नहीं सके जिन्हें बुमराह ने सौरभ तिवारी के हाथों लपकवाया। बैंगलोर ने मध्यक्रम के चार विकेट जल्दी गंवा दिए। डीविलियर्स (15), शिवम दुबे (2), पडिक्कल और मौरिस (4) के पवेलियन लौटने से स्कोर छह विकेट पर 138 रन हो गया। गुरकीरत ने तेजी में बनाए लेकिन डेथ ओवरों में मुंबई के गेंदबाजों ने हमेशा की तरह उम्दा प्रदर्शन किया।
कोहली ही बुमराह का पहला और 100 शिकार
बुमराह के लीग के 100 विकेट हो गए हैं। उन्होंने कोहली को अपना सौवां शिकार बनाया। वह ऐसा करने वाले 16वें गेंदबाज हैं। बुमराह के ओवरऑल टी-20 में 200 विकेट हो गए। यह भी संयोग ही है कि आईपीएल में कोहली ही बुमराह का पहला शिकार बने थे।