...तो इस बार भारतीय सरजमीं पर नहीं होगा आईपीएल 2019! इस वजह से छाए संकट के बादल
आईपीएल 2019 का आयोजन कहां होगा? इसकी चर्चाएं जोरों पर हैं। आईपीएल 2019 के लिए सारे खिलाड़ियों की नीलामी पूरी हो चुकी है, लेकिन इसका वेन्यू अभी तक तय नहीं हुआ है कि आईपीएल के 12वें सीजन का आयोजन भारत में होगा या नहीं। कयास लगाया जा रहा है कि आम चुनाव के चलते आईपीएल 2019 को दूसरे देशों में शिफ्ट किया जा सकता है।
दरअसल, इसके बारे में फिलहाल कुछ स्पष्ट नहीं है। इसके इतर साल 2019 में आईसीसी वर्ल्ड कप भी होने वाला है। विश्व कप 2019 से पहले आईपीएल के 12वें सीजन का आयोजन होना है। ऐसे में बीसीसीआई गंभीरता से विचार कर रहा है कि इस बार वह टूर्नामेंट का आयोजन देश में कर पाएगा या फिर उसे किसी दूसरे देश में इसका आयोजन करना होगा।
हालांकि, अभी तक इस मुद्दे पर कुछ कहा नहीं गया है, लेकिन बीसीसीआई के अधिकारियों का एक प्रतिनिधिमंडल खेल मंत्रालय के अधिकारियों के साथ मिलकर इस संबंध में एक बैठक कर चुके हैं। इस बैठक में बोर्ड के अधिकारियों ने सरकार को बता दिया है कि वह इस बार इस टूर्नामेंट को बाहर आयोजित करने पर विचार कर रहा है।
बता दें कि इससे पहले भी लोक सभा चुनाव के दौरान दो बार यह टूर्नामेंट देश से बाहर आयोजित हो चुका है, जिसमें साल 2009 में दक्षिण अफ्रीका और 2014 में यूएई में, जबकि कुछ अन्य देशों में आयोजित हुआ था।
चुनावों के अलावा इस बार बोर्ड को यह भी ख्याल रखना है कि इस लीग के बाद टीम इंडिया को वर्ल्ड कप में हिस्सा लेना है। वर्ल्ड कप 30 मई से 14 जुलाई तक इंग्लैंड में आयोजित होगा।
आमतौर पर आईपीएल अप्रैल के पहले सप्ताह में शुरू होकर मई के अंतिम सप्ताह तक फाइनल तक पहुंचता है। लेकिन लोढ़ा कमिटी की सिफारिशों के बाद इस बार ऐसा बिल्कुल नहीं हो सकता। लोढ़ा समिति की सिफारिशों के अनुसार, आईपीएल और अगले किसी इंटरनेशनल टूर्नामेंट के बीच 15 दिन का गैप रहना जरूरी है।
इससे पहले जौहरी ने कहा था कि बोर्ड आईपीएल के 12वें सीजन को देश में ही आयोजित करने पर विचार कर रहा है। क्योंकि इसके अधिकारिक ब्रॉडकास्टर और सभी आठों फ्रेंचाइजियां इस विचार के खिलाफ हैं कि टूर्नामेंट को देश से बाहर आयोजित किया जाए। इससे लाजिस्टिक का प्रबंध और रेवेन्यू का अधिक नुकसान होता है। मगर सरकार ने चुनाव के चलते अगर टूर्नामेंट को सुरक्षा देने से हाथ खींच लिए, तो मजबूरन बोर्ड को कहीं और विचार करना होगा।