IPL 2019: धोनी सेना का कोटला पर कब्जा, दिल्ली को 6 विकेट से किया परास्त
शेन वॉटसन (44) की उम्दा पारी और ड्वेन ब्रावो (3 विकेट) की शानदार गेंदबाजी की बदौलत चेन्नई ने मंगलवार को रोमांचक मुकाबले में दिल्ली को 6 विकेट से हरा दिया। इसके साथ ही चेन्नई ने इस सीजन में लगातार अपनी दूसरी जीत दर्ज की है।
दिल्ली के फिरोजशाह कोटला स्टेडियम में खेले गए इंडियन टी-20 लीग सीजन-12 के पांचवें मुकाबले में दिल्ली ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 147 रन बनाए। जवाब में चेन्नई की टीम ने 4 विकेट खोकर 2 गेंदें शेष रहते ही यह मुकाबला अपने नाम कर लिया। धोनी (32*) के साथ ब्रावो 4 रन बनाकर नाबाद लौटे। इस रोमांचक मैच में शेन वॉटसन को शानदार प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया।
दिल्ली के लक्ष्य का पीछा करने उतरी चेन्नई टीम की शुरुआत थोड़ा निराशाजनक रही। तीसरे ओवर की चौथी गेंद पर चेन्नई को सलामी बल्लेबाज अंबाती रायुडू (5) के रूप में पहला झटका लगा। दिल्ली के तेज गेंदबाज इशांत शर्मा ने रायुडू को मिड ऑफ में कप्तान अय्यर के हाथों कैच आउट कराकर डगआउट भेजा। पहले विकेट के लिए दोनों बल्लेबाजों के बीच 21 रनों की साझेदारी हुई।
इसके बाद 6.5 ओवर में दिल्ली ने चेन्नई को सलामी बल्लेबाज शेन वॉटसन के रूप में दूसरा झटका दिया। वह अमित मिश्रा की गेंद पर स्टंप आउट हो गए। उन्होंने 26 गेंदों में 4 चौके और 3 छक्के की मदद से 44 रन की ताबड़तोड़ पारी खेली। दूसरे विकेट के लिए उन्होंने रैना के साथ मिलकर 52 रन की अर्धशतकीय साझेदारी की।
10.2 ओवर में चेन्नई को सुरेश रैना के रूप में तीसरा झटका लगा। अमित मिश्रा ने उन्हें विकेट के पीछे ऋषभ पंत के हाथों कैच आउट कराकर डगआउट भेजा। रैना ने 16 गेंदों में 4 चौके और एक छक्के की मदद से 30 रन बनाए। तीसरे विकेट के लिए उन्होंने केदार जाधव के साथ मिलकर 25 रनों की साझेदारी की।
19.1 ओवर में चेन्नई को केदार जाधव (27) के रूप में चौथा झटका लगा। वह कागिसो रबाडा की गेंद पर विकेट के पीछे पंत के हाथों कैच आउट हो गए। जाधव ने चौथे विकेट के धोनी ने साथ मिलकर 48 रनों की साझेदारी की। दिल्ली की तरफ से अमित मिश्रा ने 2 , जबकि इशांत शर्मा और कागिसो रबाडा ने 1-1 विकेट लिए।
पहले बल्लेबाजी करने उतरी दिल्ली की टीम को शिखर धवन और पृथ्वी शॉ की सलामी जोड़ी ने सधी शुरुआत दिलाई, लेकिन पांचवें ओवर की तीसरी गेंद पर दिल्ली को पहला झटका लगा। चेन्नई के तेज गेंदबाज दीपक चाहर ने पृथ्वी शॉ को मिडविकेट पर शेन वॉटसन के हाथों कैच आउट कराकर डगआउट भेजा। शॉ ने 16 गेदों में 5 चौके की मदद से 24 रन बनाए। पहले विकेट के लिए दोनों बल्लेबाजों के बीच 36 रनों की साझेदारी हुई।
पृथ्वी शॉ के आउट होने के बाद बल्लेबाजी करने आए कप्तान श्रेयस अय्यर ने धवन के साथ मिलकर पारी को संभाला, लेकिन 11.4 ओवर में इमरान ताहिर ने उन्हें एलबीडब्ल्यू आउट किया। वह 18 रन बनाकर डगआउट लौटे। धवन के साथ मिलकर उन्होंने दूसरे विकेट के लिए 43 रनों की साझेदारी की।
यहां से धवन ने पंत के साथ मिलकर पारी को संभाला और स्कोर को 120 तक पहुंचाया। 15.2 ओवर में दिल्ली को तीसरा झटका ऋषभ पंत के रूप में लगा। पंत को ब्रावो ने शार्दुल ठाकुर के हाथों कैच आउट कराया। उन्होंने 13 गेदों में 2 चौके और एक छक्के की मदद से 25 रन बनाए। इसके तुरंत बाद इसी ओवर की चौथी गेंद पर ब्रावो ने कॉलिन इनग्राम (2) को रैना के हाथों कैच आउट कराकर डगआउट भेजा।
कॉलिन इनग्राम के आउट होने के बाद बल्लेबाजी करने आए कीमो पॉल को रविंद्र जडेजा ने 16.3 ओवर में बोल्ड किया। इसके कुछ ही देर बाद दिल्ली को सलामी बल्लेबाज शिखर धवन के रूप में छठा झटका लगा। धवन 47 गेंदों में 7 चौके की मदद से 51 रन की अर्धशतकीय पारी खेली।
इससे पहले दिल्ली के कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया। चेन्नई की टीम में कोई बदलाव नहीं किया गया था। वहीं, मेजबान दिल्ली ने तेज गेंदबाज ट्रेंट बोल्ट की जगह स्पिनर अमित मिश्रा को प्लेइंग इलेवन में शामिल किया था।
इस प्रकार हैं दोनों टीमेंः
दिल्लीः शिखर धवन, पृथ्वी शॉ, श्रेयस अय्यर (कप्तान), ऋषभ पंत, अमित मिश्रा, राहुल तेवतिया, कागिसो रबाडा, कॉलिन इनग्राम, अक्षर पटेल, इशांत शर्मा, कीमो पॉल।
चेन्नईः शेन वॉटसन, अंबाती रायुडू, सुरेश रैना, केदार जाधव, एमएस धोनी (कप्तान), रविंद्र जडेजा, ड्वेन ब्रावो, दीपक चाहर, इमरान ताहिर, हरभजन सिंह, दीपक चहर, शार्दुल ठाकुर।