IPL में 100 विकेट लेने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बने जहीर, धोनी ने तोड़ा विश्व रिकॉर्ड
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दिल्ली के फिरोज शाह कोटला स्टेडियम में दिल्ली डेयरडेविल्स और राइजिंग पुणे सुपरजायंट के बीच खेले गए मुकाबले में दिल्ली के कप्तान जहीर खान ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में 25 रन देकर 2 विकेट हासिल किए। इसके साथ ही जहीर के नाम एक नई उपलब्धि दर्ज हो गई। वह आईपीएल इतिहास में 100 से ज्यादा विकेट हासिल करने वाले दसवें गेंदबाज बन गए। वह यह मुकाम हासिल करने वाले बांए हाथ के दूसरे गेंदबाज हैं। मौजूदा सीजन में ही आशीष नेहरा 100 विकेट चटकाने वाले बाएं हाथ के पहले गेंदबाज बने थे।
जहीर खान ने 100 आईपीएल विकेट हासिल करने के दौरान एक रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया। वह यह उपलब्धि हासिल करने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी हैं। जहीर ने 38 साल 217 की उम्र में आईपीएल में अपने 100 विकेट पूरे किए हैं। इससे पहले यह रिकॉर्ड आशीष नेहरा के नाम दर्ज था। आशीष ने 37 साल 217 दिन की उम्र में यह उपलब्धि हासिल की थी।
धोनी ने तोड़ा संगकारा का विश्व रिकॉर्ड
दिल्ली के खिलाफ पुणे के विकेटकीपर महेंद्र सिंह धोनी ने विकेट के पीछे मुस्तैदी दिखाते हुए दो कैच लपके और एक खिलाड़ी को स्टंपिंग कर वापस पवेलियन भेजा। इसके साथ ही धोनी के नाम टी-20 क्रिकेट में 124 कैच दर्ज हो गए। यह एक नया विश्व रिकॉर्ड है। धोनी ने पूर्व श्रीलंकाई दिग्गज कुमार संगकारा के 123 कैच के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ा।
करुण नायर ने पुणे के खिलाफ 64 रनों की शानदार पारी खेली। इस पारी के लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच के खिताब से भी नवाजा गया। यह आईपीएल के मैजूदा सीजन में उनका सर्वाधिक स्कोर है। इंग्लैंड के खिलाफ तिहरा शतक(303*) जड़ने के बाद यह उनके बल्ले से किसी भी फॉर्मेट में निकला सबसे बड़ा स्कोर है।
आईपीएल में किसी भारतीय का सबसे ्ज्यादा स्ट्राइक रेट
ऋषभ पंत ने आईपीएल के मौजूदा सत्र में 171.65 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए हैं। 187 गेंदों में उनके बल्ले से 321 रन निकले हैं। आईपीएल इतिहास में 300 से ज्यादा रन बनाने वालों की सूची में किसी भी भारतीय बल्लेबाज का यह तीसरा सबसे अधिक स्ट्राइक रेट है। इससे पहले साल 2008 और 2011 में वीरेंद्र सहवाग और साल 2008 में यूसुफ पठान ने इससे अधिक के स्ट्राइक रेट से रन बनाए थे।
दिल्ली और पुणे के बीच खेले गए मैच में 169 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पुणे ने पारी के पहले ओवर की पहली गेंद में अपना पहला विकेट गंवा दिया। रहाणे को जहीर खान ने बोल्ड कर दिया। यह मौजूदा आईपीएल सत्र में पांचवां मौका है जब कोई खिलाड़ी पारी की पहली गेंद पर आउट हो गया। रहाणे से पहले हाशिम अमला, पार्थिव पटेल, संजू सैमसन और क्रिस गेल पारी की पहली गेंद पर आउट हो चुके हैं।