राजकोट में खेले गए दूसरे टी-20 मुकाबले में भारत ने बांग्लादेश को 8 विकेट से हरा दिया। रोहित शर्मा से लेकर युजवेंद्र चहल तक लगभग सभी खिलाड़ियों ने अपने दमदार खेल से भारत को सीरीज में जिंदा रखा है। हालांकि कुछ खिलाड़ियों के लिए यह मुकाबला किसी बुरे सपने जैसा रहा। ऋषभ पंत विकेट के पीछे खराब स्टंपिंग स्किल से एक बार फिर क्रिकेट प्रशंसकों के निशाने पर आ गए। वहीं पिछले मैच की तरह इस मुकाबले में भी भारत के तेज गेंदबाज खलील अहमद की जमकर पिटाई हुई, जिसके बाद उनकी जगह को लेकर टीम में सवाल उठने लगे हैं।
2 of 4
खलील अहमद
- फोटो : ट्विटर
राजकोट में खेले गए दूसरे टी-20 मैच में खलील ने अपने चार ओवर के कोटे में 44 रन बनवा दिए। इस मैच में उन्हें केवल एक ही सफलता मिली। इससे पहले 21 वर्षीय युवा खिलाड़ी के लिए दिल्ली में पहला टी-20 मैच भी किसी भयानक सपने जैसा रहा। बांग्लादेश के खिलाफ खेले गए पहले मुकाबले में खलील अहमद ने 4 ओवर में 37 रन लुटाए थे, इस दौरान खलील को एक ही विकेट मिला, लेकिन उन्होंने 9.25 की इकॉनमी से रन दिए थे। शायद यही भारत की हार का मुख्य कारण था। ऐसे में भारत की टी-20 विश्व कप की टीम के लिए खलील एक कमजोर कड़ी साबित हो सकते हैं।
मैच शुरू होने से पहले ऐसी अटकलें लगाई जा रही थी कि कप्तान रोहित शर्मा अंतिम 11 में खलील अहमद की जगह शार्दुल ठाकुर जैसे प्रतिभाशाली गेंदबाजों को टीम में मौका मिल सकता है, लेकिन रोहित ने खलील पर भरोसा कायम रखा और उन्हें दूसरे टी-20 मुकाबले में भी टीम में शामिल किया। हालांकि यह बाएं हाथ का यह तेज गेंदबाज भारतीय कप्तान के भरोसे पर खरा नहीं उतर सका और इस मुकाबले में भी भारत की ओर से सबसे ज्यादा रन लुटाए।
खलील अहमद ने अपने करियर में अब तक खेले 13 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में महज 13 विकेट ही चटकाए हैं। आईपीएल से अपनी पहचान बना चुके इस तेज गेंदबाज का अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में साधारण प्रदर्शन रहा है। टी-20 मैच में उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 27 रन देकर दो विकेट का है। रोहित शर्मा ने पहले ही साफ कर दिया है कि 2020 में ऑस्ट्रेलिया में खेली जाने वाली टी-20 विश्व कप के लिए नए चेहरों को मौका दिया जाएगा, इसलिए लगता है कि खलील के खराब प्रदर्शन के कारण उनकी जगह पर तलवार लटक सकती है।