फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Cricket ›   Cricket News ›   Indian Cricket Team in 2022 from Split Captaincy Controversy to India Wins against Bangladesh in Test Series

Year Ender 2022: कप्तानी विवाद से सूर्यकुमार के 360 डिग्री अवतार तक, भारतीय क्रिकेट के लिए कैसा रहा यह साल?

Mon, 26 Dec 2022 10:30 PM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: स्वप्निल शशांक Updated Mon, 26 Dec 2022 10:30 PM IST
सार

भारतीय क्रिकेट के लिए साल 2022 मिलाजुला रहा। द्विपक्षीय सीरीज में तो टीम ने अच्छा प्रदर्शन किया, लेकिन अहम टूर्नामेंट्स में महत्वपूर्ण मैचों में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर सके। हम आपको इस साल भारतीय क्रिकेट में क्या कुछ खास हुआ, इस बारे में बता रहे हैं....

विज्ञापन
Indian Cricket Team in 2022 from Split Captaincy Controversy to India Wins against Bangladesh in Test Series
भारतीय पुरुष और महिला टीम का प्रदर्शन - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

साल 2022 खत्म होने पर है। भारतीय क्रिकेट के लिए पिछले 12 महीने उथल-पुथल भरे रहे हैं। भारतीय पुरुष टीम ने द्विपक्षीय सीरीज में तो शानदार प्रदर्शन किया, लेकिन बड़े-बड़े टूर्नामेंट में अहम मौकों पर जाकर हार गई। इसके अलावा कप्तानी विवाद ने भी टीम इंडिया को पूरे साल घेरे रखा। रोहित शर्मा तीनों फॉर्मेट में नियमित कप्तान तो बने, लेकिन फिर भी चयनकर्ता प्रयोग करते रहे और इस साल कई खिलाड़ियों को अलग-अलग सीरीज में कप्तान बनाया। इससे भी भारतीय टीम के प्रदर्शन पर असर पड़ा।
विज्ञापन


वहीं, महिला टीम ने बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों में शानदार प्रदर्शन करते हुए ऐतिहासिक रजत पदक अपने नाम किया। इसके अलावा भारत की दो दिग्गज महिला क्रिकेटर मिताली राज और झूलन गोस्वामी ने भी क्रिकेट को अलविदा कह दिया। हम आपको इस साल भारतीय क्रिकेट में क्या कुछ खास हुआ, इस बारे में बता रहे हैं....
विज्ञापन

साल की शुरुआत दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज हार से



भारतीय टीम ने साल 2022 की शुरुआत दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज गंवाकर की। दक्षिण अफ्रीका ने भारत को तीन टेस्ट मैचों की सीरीज में 2-1 से हराया। हालांकि, जो मैच भारत ने जीता था वह पिछले साल दिसंबर में खेली गई थी। इस हार से भारतीय टीम पर काफी सवाल उठे थे। साथ ही केएल राहुल की कप्तानी क्षमता भी सवालों के घेरे में आ गई थी।

कोहली ने टेस्ट कप्तानी भी छोड़ी, रोहित तीनों फॉर्मेट के नियमित कप्तान बने

ljghtac

दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज गंवाने के साथ ही विराट कोहली ने टेस्ट की कप्तानी भी छोड़ दी। हालांकि, फैंस नहीं चाहते थे कि ऐसा हो, लेकिन कोहली ने वर्कलोड का हवाला देते हुए टेस्ट की कप्तानी से इस्तीफा दे दिया। दरअसल, पिछले साल टी20 वर्ल्ड कप में खराब प्रदर्शन के बाद कोहली को टी20 के साथ वनडे की कप्तानी से भी हटा दिया गया था। ऐसे में कोहली ने यह भी कहा कि स्प्लिट कैप्टेंसी भारत के लिए मददगार नहीं होती। ऐसे में रोहित टी20, वनडे के बाद टेस्ट के भी कप्तान बनाए गए।
विज्ञापन

आईपीएल मेगा ऑक्शन में चमके बिहार के ईशान किशन

3cv5qdc8

फरवरी में आईपीएल 2022 के लिए हुए मेगा ऑक्शन में बिहार के ईशान किशन का जलवा रहा। वह मेगा ऑक्शन के सबसे महंगे खिलाड़ी रहे। उन्हें मुंबई इंडियंस ने 15.25 करोड़ रुपये में खरीदा। वहीं, दीपक चाहर (सीएसके) 14 करोड़ रुपये के साथ दूसरे सबसे महंगे खिलाड़ी बने। श्रेयस अय्यर (केकेआर) 12.25 करोड़ रुपये के साथ मेगा ऑक्शन के तीसरे सबसे महंगे खिलाड़ी बने। हालांकि, आईपीएल 2022 में इन तीनों को खरीदने वाली टीमों का प्रदर्शन खराब रहा। मुंबई पॉइंट्स टेबल में सबसे नीचे 10वें स्थान पर रही। सीएसके नौवें स्थान पर रही। ईशान ने 14 मैचों में 418 रन बनाए।

डेब्यू आईपीएल में ही चैंपियन बनी गुजरात टाइटंस, हार्दिक पांड्या की शानदार वापसी

g38dpmso

आईपीएल 2022 में दो टीमों ने डेब्यू किया- लखनऊ सुपरजाएंट्स और गुजरात टाइटंस। किसी को उम्मीद नहीं थी कि यह दो टीमें प्लेऑफ तक पहुंचेंगी, लेकिन राहुल के नेतृत्व में लखनऊ और हार्दिक पांड्या के नेतृत्व में गुजरात प्लेऑफ तक पहुंची। गुजरात तो अपने पहले ही आईपीएल में चैंपियन भी बनी। इसके साथ ही हार्दिक-द कैप्टन का उदय भी हुआ। बतौर कप्तान हार्दिक का यह पहला टूर्नामेंट था और उन्होंने अपने ऑलराउंड प्रदर्शन से टीम को चैंपियन बनाया। गुजरात ने फाइनल में राजस्थान रॉयल्स को हराया।

आईपीएल 2022 में चमके जोस बटलर और युजवेंद्र चहल

bne8iafo

आईपीएल 2022 में राजस्थान रॉयल्स के जोस बटलर सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी रहे। उन्होंने चार शतक की बदौलत 17 मैचों में 149.05 के स्ट्राइक रेट से 863 रन बनाए। वहीं, युजवेंद्र चहल सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज रहे। उन्होंने 17 मैचों में 27 विकेट झटके। इस दौरान उनकी इकोनॉमी रेट 7.75 की रही। 40 रन देकर पांच विकेट उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा।

बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों में भारतीय महिला टीम को रजत पदक

ifmpk68

भारतीय महिला क्रिकेट टीम को बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों में रजत पदक से संतोष करना पड़ा। फाइनल में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को नौ रन से हरा दिया। इस तरह राष्ट्रमंडल खेलों में पहली बार शुरू हुए महिला क्रिकेट में ऑस्ट्रेलियाई टीम ने ऐतिहासिक स्वर्ण पदक जीता। इससे पहले 1998 में मलेशिया में हुए कॉमनवेल्थ गेम्स में पुरुषों की टीम ने हिस्सा लिया था। तब भी ऑस्ट्रेलिया ने स्वर्ण पदक जीता था। 

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलियाई महिला टीम ने 20 ओवर में आठ विकेट गंवाकर 161 रन बनाए। बेथ मूनी ने सबसे ज्यादा 61 रन की पारी खेली। वहीं, कप्तान मेग लेनिंग ने 26 गेंदों में 36 रन की पारी खेली। जवाब में भारतीय टीम 152 रन पर सिमट गई। कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 65 रन की पारी खेली। वहीं, जेमीमा रॉड्रिग्स ने 33 रन की पारी खेली। 

मिताली राज और झूलन गोस्वामी ने लिया संन्यास

n79s6a68

भारतीय महिला क्रिकेट की दो महानतम खिलाड़ी- मिताली राज और झूलन गोस्वामी ने क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास ले लिया। मिताली राज ने अपने 23 साल लंबे अंतरराष्ट्रीय करियर में कई रिकॉर्ड बनाए। उन्होंने 232 वनडे मैचों में 7805 रन बनाए, जबकि 89 टी20 में उनके नाम 2364 रन हैं। 12 टेस्ट में मिताली ने 699 रन बनाए, जिसमें एक शतक और चार अर्धशतक शामिल है। वहीं, झूलन ने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर में 12 टेस्ट, 204 वनडे और 68 टी20 मैच खेले। सभी प्रारूपों को मिलाकर झूलन ने कुल 355 विकेट लिए।

भारत को इंग्लैंड के खिलाफ री-शेड्यूल टेस्ट में मिली हार

Indian Cricket Team in 2022 from Split Captaincy Controversy to India Wins against Bangladesh in Test Series
इंग्लैंड ने भारत को पांचवें टेस्ट में हराया - फोटो : अमर उजाला
साल 2021 में भारतीय टीम इंग्लैंड के दौरे पर पांच टेस्ट मैचों की सीरीज खेलने गई थी। हालांकि, सीरीज का पांचवां मैच कोरोना की वजह से नहीं खेला जा सका था। उस वक्त भारत ने इंग्लैंड पर 2-1 की बढ़त बना ली थी। ऐसे में पांचवें टेस्ट को लेकर पहले काफी विवाद हुआ था, फिर उसे 2022 में री-शेड्यूल किया गया। पांचवां टेस्ट इस साल जुलाई में खेला गया। दोनों टीमों के कप्तान नए थे। इस सीरीज के बाकी चार मैच विराट कोहली (भारत) और जो रूट (इंग्लैंड) की कप्तानी में खेले गए थे। वहीं, पांचवें टेस्ट में रोहित के चोटिल होने पर जसप्रीत बुमराह भारतीय टीम की कमान संभाल रहे थे। वहीं, बेन स्टोक्स इंग्लैंड के कप्तान थे। एजबेस्टन में हुए इस मैच में इंग्लिश टीम ने भारत को सात विकेट से हरा दिया। भारत ने इंग्लैंड के सामने 378 रन का लक्ष्य रखा था, जिस इंग्लिश टीम ने दो सेशन बाकी रहते हासिल कर लिया। जो रूट (नाबाद 142 रन) और जॉनी बेयरस्टो (नाबाद 114 रन) इंग्लैंड की जीत के हीरो रहे। इस तरह सीरीज 2-2 की बराबरी पर खत्म हुई।

कोहली के फॉर्म ने बढ़ाई चिंता

Indian Cricket Team in 2022 from Split Captaincy Controversy to India Wins against Bangladesh in Test Series
रोहित शर्मा और विराट कोहली - फोटो : सोशल मीडिया
जुलाई में इंग्लैंड दौरे तक भारतीय टीम मैनेजमेंट के लिए सबसे बड़ी परेशानी दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली का फॉर्म में नहीं होना था। ऐसे में उनका सेलेक्शन भी सवालों के घेरे में था। सुनील गावस्कर, कपिल देव जैसे पूर्व दिग्गज क्रिकेटर कोहली को बाहर करने की मांग कर रहे थे। ऐसे में इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज के बाद कोहली ने क्रिकेट से ब्रेक लिया। इस दौरान वह बैट-बॉल से दूर रहे। इसके बाद जो हुआ वह चमत्कार था।

एशिया कप में अच्छी शुरुआत के बाद सुपर-फोर से बाहर हुई भारतीय टीम

Indian Cricket Team in 2022 from Split Captaincy Controversy to India Wins against Bangladesh in Test Series
भारतीय टीम - फोटो : सोशल मीडिया
रोहित शर्मा की कप्तानी में भारतीय टीम एशिया कप टूर्नामेंट खेलने पहुंची। भारत ने टूर्नामेंट में शानदार शुरुआत किया और पाकिस्तान को ग्रुप स्टेज में हराया। टीम ग्रुप स्टेज में अपने सभी मैच जीतकर सुपर-फोर में पहुंची। हालांकि, सुपर-फोर में पाकिस्तान और श्रीलंका से हारकर टूर्नामेंट से बाहर हो गई। इसके बाद भारतीय टीम चयन और रोहित शर्मा की कप्तानी पर सवाल उठने लगे। 

कोहली ने 33 महीने बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में शतक लगाया

Indian Cricket Team in 2022 from Split Captaincy Controversy to India Wins against Bangladesh in Test Series
विराट कोहली - फोटो : सोशल मीडिया
विराट कोहली ने एशिया कप में अफगानिस्तान के खिलाफ शतक जड़ा। उन्होंने 33 महीने बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में शतक लगाया। पिछला शतक कोहली ने 23 नवंबर 2019 को बांग्लादेश के खिलाफ लगाया था। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 83 पारियों के बाद कोहली ने सेंचुरी लगाई। यह उनके अंतरराष्ट्रीय करियर का 71वां शतक और टी-20 में पहला शतक रहा। इससे पहले टी-20 अंतरराष्ट्रीय में उनका बेस्ट स्कोर 94* रन का था। कोहली ने- 
  • 1020 दिन
  • दो साल, नौ महीने, 16 दिन
  • 33 महीने, 16 दिन
  • 145 हफ्ते और 5 दिन बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में शतक लगाया।

टी20 वर्ल्ड कप में भारतीय टीम की शानदार शुरुआत, पाकिस्तान को रोमांचक मैच में हराया

Indian Cricket Team in 2022 from Split Captaincy Controversy to India Wins against Bangladesh in Test Series
भारत बनाम पाकिस्तान - फोटो : सोशल मीडिया
टी20 वर्ल्ड कप में भारत और पाकिस्तान को एक ही ग्रुप में रखा गया था। दोनों को एकदूसरे के खिलाफ ही वर्ल्ड कप अभियान की शुरुआत करनी थी। मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड में खेले गए मैच में भारत को 160 रन का लक्ष्य मिला था, जिसे टीम ने सात विकेट गंवाकर हासिल कर लिया। आखिरी गेंद पर भारत ने दो रन बनाकर मैच जीता था। कोहली ने 53 गेंदों पर नाबाद 82 रन की यादगार पारी खेली थी। भारतीय टीम अपने ग्रुप में शीर्ष पर रहते हुए सेमीफाइनल में पहुंची थी।

इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल में टीम इंडिया की हार

Indian Cricket Team in 2022 from Split Captaincy Controversy to India Wins against Bangladesh in Test Series
इंग्लैंड के खिलाफ हार के बाद भारतीय टीम - फोटो : सोशल मीडिया
भारतीय टीम को टी20 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ 10 विकेट से करारी शिकस्त झेलनी पड़ी। भारतीय टीम 168 रन को डिफेंड नहीं कर सकी। जोस बटलर और एलेक्स हेल्स ने भारतीय गेंदबाजों की जमकर धुनाई की और भारत को 2007 के बाद एक और वर्ल्ड कप जीतने से दूर कर दिया। इस हार के बाद भारतीय टीम पर खूब सवाल उठे। साथ ही रोहित शर्मा की कप्तानी भी सवालों के घेरे में आ गई। 

इंग्लैंड ने जीता टी20 वर्ल्ड कप, दूसरी बार बना चैंपियन

Indian Cricket Team in 2022 from Split Captaincy Controversy to India Wins against Bangladesh in Test Series
ट्रॉफी के साथ इंग्लैंड की टीम - फोटो : T20 World Cup/Twitter
इंग्लैंड की टीम ने पाकिस्तान को फाइनल में हराकर टी20 वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम किया। टीम दूसरी बार टी20 चैंपियन बनी। पिछली बार उन्होंने 2010 में यह खिताब जीता था। इसी के साथ इंग्लिश टीम वनडे और टी20 दोनों में डिफेंडिंग चैंपियन बन गई। 2019 वनडे वर्ल्ड कप भी इंग्लैंड ने अपने नाम किया था। फाइनल में पाकिस्तान से मिले 138 रन के लक्ष्य को इंग्लैंड की टीम ने पांच विकेट गंवाकर हासिल कर लिया। स्टार ऑलराउंडर सैम करन फाइनल में प्लेयर ऑफ द मैच बनने के साथ-साथ प्लेयर ऑफ द सीरीज भी बने।

केएल राहुल और रोहित शर्मा की बल्लेबाजी रही सवालों के घेरे में

Indian Cricket Team in 2022 from Split Captaincy Controversy to India Wins against Bangladesh in Test Series
केएल राहुल और रोहित शर्मा - फोटो : सोशल मीडिया
इस साल केएल राहुल और रोहित शर्मा का फॉर्म सवालों के घेरे में रहा। दोनों ही कुछ खास प्रदर्शन नहीं कर सके। टी20 में जहां रोहित के नाम 29 मैचों में 656 रन रहे, वहीं राहुल ने 16 मैचों में 434 रन बनाए। सबसे बड़ा सवाल यह था कि ईशान किशन पूरे साल टी20 में भारत के लिए खेलते रहे, वहीं राहुल चोट से जूझते रहे। एशिया कप से ठीक पहले राहुल फिट हुए और उन्हें टीम में शामिल कर लिया गया। वनडे में रोहित-राहुल का प्रदर्शन खराब रहा। रोहित ने इस साल आठ वनडे में 249 रन बनाए, जबकि राहुल ने 10 वनडे में 251 रन बनाए। टेस्ट में राहुल चार मैचों में 137 रन ही बना सके, जबकि रोहित ने दो मैचों में 90 रन बनाए।

चेतन शर्मा की अगुआई वाली चयन समिति को बर्खास्त किया गया

Indian Cricket Team in 2022 from Split Captaincy Controversy to India Wins against Bangladesh in Test Series
चेतन शर्मा की अगुआई वाली चयन समिति - फोटो : सोशल मीडिया
टी20 वर्ल्ड कप में भारत के बाहर होने के बाद बीसीसीआई ने चेतन शर्मा की अगुआई वाली चयन समिति को बर्खास्त कर दिया। हालांकि, अगली समिति के चुने जाने तक टीम चयन की जिम्मेदारी उन्हें दी गई। साथ ही नई चयन समिति के रोल में तीनों फॉर्मेट के लिए नया कप्तान नियुक्त करने की भी जिम्मेदारी दी गई। इसके अलावा यह बात भी सामने आई कि अब 2024 टी20 वर्ल्ड कप के लिए नए सिरे से टीम बनाई जाएगी। हार्दिक पांड्या को टी20 कप्तान बनाए जाने की बात सामने आई।

सूर्यकुमार यादव दुनिया के नंबर-वन टी20 बल्लेबाज बने

Indian Cricket Team in 2022 from Split Captaincy Controversy to India Wins against Bangladesh in Test Series
सूर्यकुमार यादव शतक लगाने के बाद - फोटो : सोशल मीडिया
सूर्यकुमार यादव ने इस साल अपनी बल्लेबाजी से दुनियाभर के लोगों और पूर्व क्रिकेटरों को अपना दिवाना बना दिया। वह टी20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान के मोहम्मद रिजवान को पीछे छोड़ते हुए आईसीसी टी20 रैंकिंग में नंबर वन बल्लेबाज भी बन गए। सूर्यकुमार इस साल टी20 में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे। उन्होंने 31 टी20 मैचों में 46.56 की औसत और 187.43 के स्ट्राइक रेट से 1164 रन बनाए। एक कैलेंडर ईयर में टी20 में हजार रन पूरे करने वाले वह भारत के पहले बल्लेबाज भी बने। सूर्यकुमार मैदान के किसी भी कोने में छक्के लगाने में माहिर हैं और इसी वजह से उन्हें नया मिस्टर 360 डिग्री भी बुलाया जाने लगा। इससे पहले यह नाम दक्षिण अफ्रीका के पूर्व बल्लेबाज एबी डिविलियर्स के लिए इस्तेमाल किया जाता था।

महिला आईपीएल के शुरुआत की घोषणा

3qk31frg

बीसीसीआई ने बड़ा फैसला लेते हुए महिला आईपीएल की घोषणा की। बीसीसीआई महिला आईपीएल के पहले सीजन का आयोजन अगले साल मार्च में करने वाला है। टूर्नामेंट में 20 लीग मैच होंगे, जिसमें टीमें एक-दूसरे से दो बार खेलेंगी। अंक तालिका में शीर्ष पर रहने वाली टीम सीधे फाइनल में जाएगी। वहीं, दूसरे और तीसरे स्थान पर रहने वाली टीम के बीच एलिमिनेटर मुकाबला खेला जाएगा।

भारत दृष्टिबाधित टी20 विश्व कप में लगातार तीसरी बार चैंपियन बना

khgu31gg

भारतीय टीम ने दृष्टिबाधित टी20 विश्व कप के फाइनल में बांग्लादेश को हराकर खिताब अपने नाम किया। टीम लगातार तीसरी बार चैंपियन बनी। टीम इंडिया फाइनल 120 रनों से जीती। उसने पहले बल्लेबाजी करते हुए दो विकेट पर 277 रन बनाए। जवाब में बांग्लादेश की टीम 20 ओवर में तीन विकेट पर 157 रन ही बना सकी। भारतीय टीम इससे पहले 2012 और 2017 में भी इस टूर्नामेंट को जीती थी। 

आईपीएल मिनी ऑक्शन में विदेशी खिलाड़ियों का रहा दबदबा

Indian Cricket Team in 2022 from Split Captaincy Controversy to India Wins against Bangladesh in Test Series
आईपीएल नीलामी - फोटो : अमर उजाला
आईपीएल-2023 का मिनी ऑक्शन विदेशी क्रिकेटरों के लिए मेगा ऑक्शन बन गया। आईपीएल फ्रेंचाइजी मालिकों ने विदेशी क्रिकेटरों पर दिल खोलकर पैसे लुटाए। बोली इतनी बड़ी लगी कि आईपीएल इतिहास के सारे रिकॉर्ड टूट गए। इंग्लैंड के ऑलराउंडर सैम करन को 18.5 करोड़ और ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर कैमरन ग्रीन 17.50 करोड़ रुपये के साथ आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे पहले दो क्रिकेटर बन गए। करन को पंजाब किंग्स और ग्रीन को मुंबई इंडियंस ने खरीदा।

करीब छह घंटे तक चले ऑक्शन में कुल 405 खिलाड़ियों की किस्मत दांव पर थी। इसमें से सिर्फ 80 खिलाड़ियों पर बोली लगी। इनमें से 29 खिलाड़ी विदेशी रहे। 10 टीमों को मिलाकर कुल 206.5 की रकम खिलाड़ियों को खरीदने के लिए थी। इसमें से सिर्फ 167 करोड़ रुपये खर्च हुए। इसमें से 103.95 करोड़ यानी 62.25 फीसदी राशि ऑलराउंडर्स के खाते में गई।

बांग्लादेश ने सात साल बाद भारत से वनडे सीरीज जीती, टेस्ट में टीम इंडिया ने किया सूपड़ा साफ

qp6a724

भारतीय टीम साल की अंतिम सीरीज के लिए बांग्लादेश पहुंची। तीन मैचों की वनडे सीरीज में बांग्लादेश ने भारत को 2-1 से हराया। बांग्लादेश ने भारत को सात साल बाद वनडे सीरीज में शिकस्त दी। वहीं, दो मैचों की टेस्ट सीरीज में भारत ने बांग्लादेश का क्लीन स्वीप कर दिया। इस तरह टीम इंडिया के इस साल का अंत हुआ।
विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें क्रिकेट समाचार से जुड़ी ब्रेकिंग अपडेट। क्रिकेट जगत की अन्य खबरें जैसे क्रिकेट मैच लाइव स्कोरकार्ड, टीम और प्लेयर्स की आईसीसी रैंकिंग आदि से संबंधित ब्रेकिंग न्यूज़।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed