IND vs SL: ईशान किशन का खुलासा, बोले- सभी से कहा था पहली गेंद पर छक्का मारूंगा
ईशान किशन ने श्रीलंका के खिलाफ अपने डेब्यू वनडे में पहली गेंद पर छक्का लगाकर खाता खोला। यह करिश्मा करने वाले किशन दुनिया के पहले बल्लेबाज हैं। उन्होंने पहली गेंद पर छक्का लगाकर अपना खाता क्यों खोला? इस बात का उन्होंने खुद खुलासा किया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
भारत और श्रीलंका के बीच तीन वनडे मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला 18 जुलाई को कोलंबो के आर प्रेमादासा स्टेडियम में खेला गया। यह भारतीय टीम के उभरते सितारे ईशान किशन का डेब्यू मैच था। इस मुकाबले में उन्होंने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 42 गेंदों पर 59 रन बनाए। इसके अलावा वह भारत के पहले बल्लेबाज बने जिन्होंने अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय डेब्यू मैच और पहले वनडे में अर्धशतक लगाया।
ईशान किशन जब तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए तो इस समय भारत का स्कोर 1 विकेट पर 58 रन था। पारी का आगाज करने आए सलामी बल्लेबाज पृथ्वी शॉ 43 रन बनाकर आउट हो चुके थे। इसके बाद ईशान किशन ने श्रीलंकाई गेंदबाजों पर धावा बोलते हुए उनपर जमकर प्रहार किया। उनकी इस तूफानी पारी ने शिखर धवन पर से दबाव हटा दिया। धवन ने इस मुकाबले में कप्तानी पारी खेलते हुए नाबाद 86 रन बनाए। उनकी इस बेशकीमती धैर्यपूर्ण भारी पारी के चलते भारत ने श्रीलंका को 7 विकेट से हरा दिया।
इस मैच में सबसे ज्यादा चर्चा का विषय ईशान किशन का छक्का रहा। उन्होंने डेब्यू वनडे में अपना खाता छक्के के जरिए खोला। वह छठे ओवर में पृथ्वी शॉ के आउट होने के बाद बल्लेबाजी करने आए। इस दौरान ईशान किशन ने धनंजय डि सिल्वा की गेंद पर गगनचुंबी छक्का लगाकर अपना खाता खोला।
मैच के बाद ईशान किशन ने सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क पर पूर्व क्रिकेटर अजय जडेजा के साथ बातचीत करते हुए कहा, मैंने सबको बता दिया था कि मैं पहली गेंद पर छक्का मारूंगा। उन्होंने आगे कहा, वास्तव में सब लोग इसके बारे में जानते थे, मैंने सबको पहले ही बताया था कि जब मैं खेलने जाऊंगा पहली गेंद चाहे जहां हो मैं उस पर छक्का ही मारूंगा। ईशान किशन के मुताबिक, हालात मेरे पक्ष में थे, जन्मदिन और एक अच्छी पिच मैं अपना पहले वनडे खेल रहा था, मुझे लगा कि मैं उसे निशाना बना सकता हूं।
उन्होंने आगे कहा, मेरे लिए सबसे विशेष चीज यही थी कि मेरा जन्मदिन था और मैं अपना पहला वनडे खेल रहा था। सबने मुझसे रिटर्न गिफ्ट के बारे में कहा था, इसलिए मैंने एक अच्छी पारी खेलकर टीम को मैच जिताने में मदद की। किशन ने यह भी बताया, कि कोच राहुल द्रविड़ ने कहा था कि मुझे तीसरे नंपर पर बैटिंग करने जाना है। उन्होंने कहा कि द्रविड़ सर ने मुझसे अभ्यास सत्र के दौरान कहा था कि मैं तीन नंबर पर बल्लेबाजी करूंगा।