धोनी के घर में टीम इंडिया का मैच, लाज बचाने का होगा दारोमदार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पुणे की विकेट को इंग्लिश करार देने वाले भारतीय कप्तान धोनी शुक्रवार को अपने घरेलू शहर में मैच खेलने उतरेंगे। उम्मीद है कि भारतीय उपमहाद्वीप के मिजाज की रनों से भरी पिच मिलेगी।
श्रीलंका टीम में काफी युवा खिलाड़ी हैं। मेहमान टीम के पास खोने को कुछ नहीं है ऐसे में वे सीरीज जीतने के लिए पूरी ताकत झोंक देंगे। बेशक पहला मैच श्रीलंका ने अपने गेंदबाजों के बेहतरीन प्रयासों से जीत लिया हो लेकिन बल्लेबाजी के अनुकूल विकेट होने पर भारतीय बल्लेबाज इस बार उनकी जमकर खबर ले सकते हैं। श्रीलंकाई की पेस तिकड़ी रजिता, दुष्मांता और शनाका की रांची में कड़ी परीक्षा हो सकती है।
ऑस्ट्रेलिया में भारत ने 3-0 से सीरीज जीती थी। भारत के मध्य और निचले क्रम के बल्लेबाज को बमुश्किल हाथ दिखाने का मौका मिला था क्योंकि शीर्ष क्रम जबर्दस्त फॉर्म में चल रहा था लेकिन पुणे में भारतीय बल्लेबाजों ने घासयुक्त पिच पर समझदारी से बल्लेबाजी करने की जगह बिना सोचे-समझे आक्रामक खेल दिखाने की कोशिश की और टीम पूरे बीस ओवर भी नहीं खेल पाई। आर. अश्विन ने जरूर धैर्यपूर्ण बल्लेबाजी और भारतीय टीम कुछ चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा कर पाई।
वर्ल्ड कप से पहले धोनी के पास अपने घर में मौका
ऐसे में जबकि वर्ल्ड टी-20 में ज्यादा दिन नहीं रह गए हैं। कप्तान महेंद्र सिंह धोनी चाहेंगे कि भारतीय बल्लेबाज परिस्थितियों को ध्यान में रखकर बल्लेबाजी करें। वर्ल्ड टी-20 से पहले एशिया कप में भी खेलना है जहां भारतीय टीम मजबूत दावेदारी रखती है।
गेंदबाजी में कप्तान धोनी आशीष नेहरा और जसप्रीत बुमराह को और मौका देना चाहेंगे। ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या भुवनेश्वर कुमार को मौका मिलता है या नहीं। चूंकि स्पिन विभाग में अश्विन और रविंद्र जडेजा अच्छा कर रहे हैं। ऐसे में हरभजन को शायद फिर बाहर बैठना पड़े।
भारत के लिए लकी है जेएससीए का मैदान
रांची के जेएससीए मैदान में शुक्रवार को पहला अंतरराष्ट्रीय टी-20 मुकाबला खेला जा रहा है। रांची में भारत ने तीन वनडे खेले हैं और किसी में उसे हार नहीं मिली है। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एक मुकाबला बेनतीजा रहा था। हाईस्कोरिंग मैच की उम्मीद की जा रही है।
अभी मैदान का आउटफील्ड पूरी तरह तैयार नहीं है, ऐसे में क्षेत्ररक्षकों को कुछ दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। जेएससीए अधिकारियों का कहना है कि उन्हें मैच की तैयारी के लिए कम समय मिला है। पहले यह मैच दिल्ली में होना था।
धोनी के सामने घर में फॉर्म पाने का मौका
कप्तान धोनी खुद बल्लेबाजी फॉर्म में नहीं हैं। अभी सीरीज में दो मैच बाकी है और टी-20 वर्ल्ड कप से पहले एशिया कप भी है। दुनिया के बेहतरीन फिनिशर की उनकी छवि अभी थोड़ी धुंधली पड़ रही है। बल्लेबाजी फॉर्म पाने के लिए घरेलू शहर की पिच धोनी के लिए अच्छा मंच साबित हो सकती है।