फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Cricket ›   Cricket News ›   India Vs England: Rohit Sharma on his retirement rumours after briliant knock at Lord's

IND Vs ENG: भविष्य की अटकलों पर रोहित शर्मा ने तोड़ी चुप्पी, लॉर्ड्स में शतकीय पारी के बाद क्या बोले हिटमैन?

Mon, 20 Jul 2026 12:56 PM IST
शोभित चतुर्वेदी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, लंदन
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, लंदन Published by: शोभित चतुर्वेदी Updated Mon, 20 Jul 2026 12:56 PM IST
सार

भारतीय टीम के सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा ने अपने भविष्य को लेकर चुप्पी तोड़ी है। रोहित ने इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे वनडे मैच में शानदार शतकीय पारी खेली थी और आलोचकों को जवाब दिया था। अब उन्होंने अपने संन्यास की खबरों पर बात की है।

विज्ञापन
India Vs England: Rohit Sharma on his retirement rumours after briliant knock at Lord's
रोहित शर्मा - फोटो : BCCI

विस्तार

भारत के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा ने रविवार को लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान पर शानदार शतक जड़कर आलोचकों को करारा जवाब दिया है। रोहित के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को लेकर कई तरह की अटकलें लग रही थीं। लॉर्ड्स में वनडे शतक बनाने वाले पहले भारतीय बने रोहित शर्मा ने अपने आलोचकों को कड़ा जवाब देते हुए साफ कर दिया कि संन्यास का उनका फिलहाल कोई इरादा नहीं है।
विज्ञापन

बल्ले से आलोचकों को दिया जवाब
इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे वनडे मैच से पहले रोहित शर्मा के वनडे भविष्य को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही थीं। मीडिया में लगातार यह दावे किए जा रहे थे कि लॉर्ड्स में होने वाला यह मुकाबला भारत के लिए उनका आखिरी मैच हो सकता है। हालांकि, भारतीय दिग्गज ने अपने बल्ले से इन सभी अफवाहों का करारा जवाब दिया। मैच से पहले भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के सचिव देवजीत सैकिया ने भी कहा था कि इन रिपोर्ट्स में कोई सच्चाई नहीं है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रोहित बोले- जब तक खेलूंगा, शोर बना रहेगा
मैच के बाद बीसीसीआई को दिए गए एक इंटरव्यू में रोहित शर्मा ने कहा, 'मेरा काम बल्ले से प्रदर्शन करना है। मैदान पर आना, खेलना और अपने देश का प्रतिनिधित्व करना ही मेरा लक्ष्य है। जब से मैंने डेब्यू किया है, मुझे यही करने को कहा गया है और मैं आगे भी यही करता रहूंगा।' बाहरी शोर और आलोचनाओं को खारिज करते हुए उन्होंने कहा, जब से मैंने डेब्यू किया है, तब से यह शोर मौजूद है। जब तक मैं खेलता रहूंगा, यह शोर बना रहेगा। इससे मुझे कोई फर्क नहीं पड़ता। मेरे लिए सबसे ज्यादा महत्वपूर्ण यह है कि मैं मैदान पर क्या करता हूं। मेरा पूरा ध्यान टीम की सफलता में योगदान देने पर है।

लगातार हो रही चर्चाओं और दबाव के सवाल पर रोहित ने अपने बेबाक अंदाज में कहा, अगर शोर नहीं होगा, तो मजा नहीं आएगा। मेरा काम मैदान के अंदर है और उनका (आलोचकों का) काम बाहर है। मैं इस चीज को इसी तरह देखता हूं।
विज्ञापन

मैच में जीत नहीं दिला पाने का है दुख
रोहित की शतकीय पारी के बावजूद भारत को इंग्लैंड के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज में 1-2 से हार का सामना करना पड़ा। रोहित टीम के प्रदर्शन से निराश हुए। उन्होंने कहा, नतीजे से थोड़ी निराशा हुई है क्योंकि मुझे लगता है कि हमने अच्छी क्रिकेट खेली थी। बर्मिंघम में हमने काफी अच्छी शुरुआत की थी, लेकिन कार्डिफ में बल्ले से बेहतर प्रदर्शन नहीं कर सके। हमने बोर्ड पर उम्मीद के अनुरूप स्कोर खड़ा नहीं किया। लॉर्ड्स में हमारे सामने विशाल लक्ष्य था। बल्ले से हम जो कर सकते थे, हमने पूरी कोशिश की। लेकिन 20-25 रन कम रह गए। अगर बात गेंदबाजी की करूं तो हमें समझना होगा कि इन खिलाड़ियों ने ज्यादा वनडे क्रिकेट नहीं खेला है। उन्हें कुछ समय देने की जरूरत है। उम्मीद है कि हम इस नतीजों से सबक लेंगे और कोशिश करेंगे कि आगे जब भी ऐसी स्थिति में आएं तो बेहतर प्रदर्शन करें।

इंग्लैंड में खेलने पर हिटमैन ने कहा, इसमें कोई शक नहीं है कि मुझे इंग्लैंड में खेलना काफी पसंद है। यहां का माहौल, परिस्थितियां और पिच ऐसी है कि आप किसी भी प्रारूप में यहां खेलोगे तो आपको चुनौती मिलेगी। एक क्रिकेटर के तौर पर आप यही चाहते भी हो। मैं मिडिल ओवरों में समय बिताया और इसका आनंद भी लिया। लेकिन नतीजों से मुझे निराशा हुई। हमने मैच का नतीजा अपने पक्ष में नहीं कर सके। लेकिन हमें इससे आगे बढ़ना होगा और व्यक्तिगत तौर पर नहीं, बल्कि एक ग्रुप के तौर पर देखना होगा कि हम क्या बेहतर कर सकते हैं। 

कोहली के साथ साझेदारी पर क्या बोले रोहित?
रोहित ने लॉर्ड्स में विराट कोहली के साथ दूसरे विकेट के लिए शतकीय साझेदारी भी की। इसे लेकर उन्होंने कहा, कोहली के साथ मैंने अपने पूरे करियर में खेला है। उनके साथ साझेदारी निभाना मजेदार रहता है। हमने साथ मिलकर कई साझेदारी की है। कोहली के साथ बल्लेबाजी करना हमेशा ही मजेदार रहता है। हम दोनों एक दूसरे को अच्छी तरह समझते हैं। जब हम साथ में बल्लेबाजी करते हैं तो हमारे बीच काफी चर्चा होती है।
विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें क्रिकेट समाचार से जुड़ी ब्रेकिंग अपडेट। क्रिकेट जगत की अन्य खबरें जैसे क्रिकेट मैच लाइव स्कोरकार्ड, टीम और प्लेयर्स की आईसीसी रैंकिंग आदि से संबंधित ब्रेकिंग न्यूज़।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed