इंग्लैंड के ऑलराउंडर ने विराट के विकेट को बताया खास, बोला- यह प्रक्रिया का हिस्सा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
इंग्लैंड के ऑफ स्पिनर डॉम बेस ने भारतीय कप्तान विराट कोहली के विकेट को अपने करियर के सर्वश्रेष्ठ विकेटों में से एक करार दिया है। उन्होंने कहा कि वह एक बेहतरीन और प्रतिभावान खिलाड़ी हैं। निश्चित रूप से मैं उन्हें आउट करना चाह रहा था।
तीसरे दिन का खेल समाप्त होने के बाद पत्रकारों से बातचीत में बेस ने कहा, 'विराट का विकेट लेना वाकई मेरे लिए बड़ी बात है। वह एक बेहतरीन और प्रतिभावान खिलाड़ी हैं। वह विश्व स्तरीय खिलाड़ी हैं और सर्वश्रेष्ठ में से एक हैं। गेंदबाजी एक प्रक्रिया ही है। मैं जो सीख रहा हूं और कर रहा हूं, वह मुझे वहीं ले जा रही है, जहां मैं होना चाहता हूं।'
उन्होंने कहा, 'हां, यह प्रक्रिया ही थी। निश्चित रूप से मैं उन्हें आउट करना चाह रहा था। मगर यह कोई जादुई गेंद फेंकना नहीं था। बस सही क्षेत्र में से 10 से 15 अच्छी गेंद फेंकना था। मैं इसी चीज से खुश हूं। मैंने एक ही जगह गेंदबाजी जारी रखी और एक गेंद सीधे ओली पोप के हाथ में चली गई।'
चार विकेट लेने वाले बेस ने कहा, 'मैं 23 साल का हूं और शायद आगे बढ़ता रहूं। यह यात्रा उतार चढ़ाव भरी होगी। विकेट से मेरा आत्मविश्वास काफी बढ़ गया। मैं मैच के बीच में इसके बारे में ज्यादा सोचना नहीं चाहता। हमें काफी कुछ काम करना है। हमने उन्हें आउट किया और अगली पारी में भी उन्हें आउट करने की कोशिश करेंगे। यह लंबी श्रृंखला है।'
श्रीलंका के दौरे पर 12 विकेट चटकाने वाले बेस ने कहा, 'ईमानदारी से कहूं तो मैं इस समय काफी अच्छी गेंदबाजी कर रहा हूं। हमने मैचों में इतनी गेंदबाजी नहीं की है। लेकिन मैं गेंदबाजी करने के लिए सचमुच आत्मविश्वास से भरा था। सबसे अहम चीज है एकजुट प्रयास। हमने आज छह विकेट झटके।'
बेस ने कहा, 'इससे मैच अच्छी तरह आगे बढ़ रहा है और गेंद स्पिन होना शुरू हो गई है। और यह आगे और स्पिन होगी। नई गेंद भी लेनी होगी तो हम इस समय अच्छी स्थिति में हैं।' बता दें कि बेस का यह भारतीय सरजमीं पर पहला दौरा है। बेस ने 55 रन देकर चार विकेट हासिल किए। इस दौरान उन्होंने कोहली के अलावा अजिंक्य रहाणे, ऋषभ पंत और चेतेश्वर पुजारा जैसे अहम खिलाड़ियों को पवेलियन का रास्ता दिखाया।