बांग्लादेशी ओपनरों ने टीम इंडिया के खिलाफ बनाया यह रिकॉर्ड
ढाका में तीन मैचों की वनडे सीरीज का पहला मैच भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के अलावा बांग्लादेश के 2 युवा क्रिकेटरों के लिए बेहद खास मैच रहा। धोनी वर्ल्ड कप के बाद टीम इंडिया की अगुवाई करने उतरे। वह अब वनडे और टी-20 क्रिकेट में ही टीम इंडिया के कप्तान हैं।
वैसे बांग्लादेश के दो युवा क्रिकेटरों लिट्टन दास और सबीर रहमान ने इस मैच से अपने वनडे करियर का आगाज किया। लिट्टन ने पिछले हफ्ते भारत के खिलाफ खेले गए टेस्ट मैच से अपने टेस्ट करियर की शुरुआत की थी। लिट्टन बांग्लादेश की ओर से वनडे क्रिकेट खेलने वाले 117वें और रहमान 118वें खिलाड़ी बन गए। दोनों टीमों ने इस मैच में वर्ल्ड कप में एक-दूसरे के आमने-सामने उतरने वाले अपने अंतिम एकादश में कई बदलाव भी किए।
बारिश की संभावनाओं के बीच जब मुकाबला शुरू हुआ तो बांग्लादेश की ओर से तमीम इकबाल और सौम्य सरकार ने गजब की शुरुआत की। उनकी 102 रनों की यह शतकीय शुरुआत कई रिकॉर्ड भी बना गई। उन्हीं की शानदार शुरुआत का नतीजा था बांग्लादेश ने इस मैदान पर टीम इंडिया के खिलाफ अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर दिया। इससे पहले बांग्लादेश ने इस मैदान पर 7 जनवरी, 2010 को भारत के खिलाफ 6 विकेट पर 296 रन बनाए थे। हालांकि टीम वह मैच भारत से हार गई थी।
बांग्लादेश ने बनाए भारत के खिलाफ ये रिकॉर्ड
ढाका में पहले वनडे मुकाबले में टीम इंडिया के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करने उतरी बांग्लादेशी टीम अलग ही मूड में नजर आई। उन्होंने भारतीय गेंदबाजों पर बिल्कुल भी रहम नहीं किया और शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया। बांग्लादेश ने पहली बार टीम इंडिया के खिलाफ 300 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया।
इसके अलावा इस वनडे मुकाबले में बांग्लादेश ने कई और रिकॉर्ड भी बनाए। टॉप 8 टीमों के खिलाफ बल्लेबाजी करते हुए बांग्लादेश ने 79 गेंदों में 100 रन पर पहुंचने का रिकॉर्ड बनाया। इससे पहले बांग्लादेश ने 2005 में जिम्बाब्वे के खिलाफ 73 गेंदों में 100 रन पूरे किए थे।
बांग्लादेशी ओपनरों ने टीम इंडिया के खिलाफ दूसरी बार पहले विकेट के लिए 50 से ज्यादा रनों की साझेदारी पूरी की। इससे पहले बांग्लादेश यह कारनामा पाक के खिलाफ भी दो बार जबकि न्यूजीलैंड के खिलाफ एक बार कर चुकी है। इसके अलावा बांग्लादेश ने पहली बार भारत के खिलाफ शुरुआती 40 गेंदों में 50 रन पूरे किए।