ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 24 फरवरी से शुरू होने वाली दो टी-20 और पांच वन-डे मुकाबले के लिए भारतीय टीम का एलान कर दिया है। टी-20 टीम में पहली बार मयंक मार्कंडेय को शामिल किया गया है। पंजाब के इस 21 वर्षीय लेग स्पिनर ने आईपीएल 2018 में मुंबई इंडियंस के लिए धमाल मचाया था।
अपने चयन से कुछ घंटे पहले ही मयंक ने इंग्लैंड लॉयंस के खिलाफ चार दिनी मैच में 31 रन देकर 5 विकेट झटकते हुए भारत-ए को पारी और 68 रन से जीत दिलाने में अहम योगदान दिया। मयंक ने पिछले कुछ महीनों से शानदार प्रदर्शन दिखाया है, अब उन्हें इसका इनाम भारतीय टीम में जगह के तौर पर मिला है।
आईपीएल 2018 में फ्रेंचाइजी मुंबई इंडियंस के लिए खेलते हुए उन्होंने 14 मैच में 24.53 के औसत से 15 विकेट लेकर सुर्खियां बटोरी थी। बीसीसीआई के मुख्य चयनकर्ता एमएसके प्रसाद ने कहा, 'हम मयंक को बैकअप स्पिनर के तौर पर देख रहे हैं। हम उन्हें इंडिया-ए के जरिए मौका देकर आगे बढ़ा रहे हैं और आज उन्होंने पारी में पांच विकेट लिए हैं। इसलिए हम उन्हें मौका देना चाहते हैं और वह हमारे बैकअप स्पिनर होंगे।'
मयंक ने अब तक 7 प्रथम श्रेणी मैचों में 21.26 के औसत से 34 विकेट लिए हैं, जिनमें तीन बार पारी में पांच विकेट लेना शामिल है। इसके अलावा उन्होंने 22 लिस्ट-ए मैचों में 19.97 की औसत से 45 विकेट झटके हैं।
बीसीसीआई ने शुक्रवार को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दो मैचों की टी-20 सीरीज के लिए लेग स्पिनर मयंक मार्कंडे को पहली बार भारतीय टीम में शामिल किया है। भारत-ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 24 फरवरी से 13 मार्च तक दो टी-20 और पांच वनडे मैचों की सीरीज खेलेगा।