भारतीय गेंदबाजों का कमाल, तीसरे दिन आसानी से ऑल आउट हो गई श्रीलंका
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
श्रीलंका भारत की पहली पारी में 487 रनों के जवाब में पहली पारी में दूसरे दिन रविवार को ही महज 135 रनों पर ऑल आउट हो गई थी। भारत से 352 रन से पिछड़ने के बाद कप्तान विराट कोहली ने श्रीलंका को फॉलोआन दिया। फॉलोआन खेलते हुए श्रीलंका ने दूसरी पारी में 181 रन बनाए।
फॉलोऑन खेल रही श्रीलंका ने तीसरे दिन अपनी पारी 15/1 के स्कोर से आगे बढ़ाई। उसकी शुरुआत खराब रही। अश्विन ने दिन के पहले ही ओवर में दिमुथ करुनारत्ने (16) को अजिंक्य रहाणे के हाथों की शोभा बनाया। जल्द ही मोहम्मद शमी ने नाईटवॉचमैन मलिंडा पुष्पकुमारा (1) और कुसल मेंडिस (12) को अपना शिकार बनाया।
लंच के ठीक बाद दिनेश चंडीमल 36 रन बनाकर कुलदीप यादव का शिकार बने। उन्हें यादव की गेंद पर चेतेश्वर पुजारा ने लपका। इसके कुछ देर बाद ही एंजेला मैथ्यूज को अश्विन ने पगबाधा आउट कर दिया। मैथ्यूज ने 35 रन बनाए। 8 रन के व्यक्तिगत स्कोर पर दिलरूआन परेरा को अश्विन की गेंद पर हार्दिक पांड्या ने लपका। मोहम्मद शमी ने विकेट के पीछे संदाकन को विकेटकीपर साहा के हाथों कैच कराया। संदाकन ने 8 रन बनाए। श्रीलंका के विकेट कीपर बल्लेबाज डिकवेला को उमेश यादव ने अजिंक्य रहाणे के हाथों कैच कराया। डिकवेला ने 41 रन बनाए। अंतिम विकेट के रूप में लहिरा कुमार को 10 रन के व्यक्तिगत स्कोर पर अश्विन ने बोल्ड कर श्रीलंका की पारी को खत्म किया। टीम इंडिया की ओर से दूसरी पारी में अश्विन ने 4 तथा मोहम्मद शमी ने 3 विकेट लिए। उमेश यादव ने 2 तथा कुलदीप यादव ने 1 विकेट लिया।
टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली ने कहा कि इस जीत से टीम को आगामी सीरीज के लिए विश्वास मिलेगा। ऐसी जीत हमेशा राहत देती है। टीम के हर सदस्य ने बेहतरीन प्रदर्शन किया है। हार्दिक ने विशेष तौर पर टीम को नई मजबूती दी है। हार्दिक ने जिस प्रकार का विश्वास दिखाया है वह काबिले तारीफ है। कोहली ने कहा कि हार्दिक ने अपनी क्रिकेट क्षमता से टेस्ट टीम में हमें नया संतुलन दिया है। उन्होंने काफी परिपक्व क्रिकेट खेली है।
श्रीलंका के कप्तान दिनेश चंडीमल ने कहा कि टीम इंडिया ने पूरी सीरीज में बेहतरीन खेल दिखाया। उन्होंने हर पारी में बड़ा स्कोर खड़ा किया। हम बेहतर क्रिकेट खेल नहीं सके। हमारी गेंदबाजी और बल्लेबाजी काफी स्तरहीन रही। हमें इसमें काफी कुछ करने की जरूरत है। उम्मीद है पाकिस्तान के खिलाफ सीरीज में हम वापसी करेंगे।
पहली पारी में 108 रन बनाने वाले हार्दिक पांड्या को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया। जबकि शिखर धवन को मैन ऑफ द सीरीज का पुरस्कार दिया गया। धवन ने सीरीज में दो शतक लगाए।
सीरीज में लगातार दूसरे मैच में फॉलोआन खेलने उतरी श्रीलंकाई टीम ने मैच की दूसरी पारी में दूसरे दिन रविवार को स्टंप्स तक एक विकेट खोकर 15 रन बनाए थे। दूसरी पारी में भारत को पहली सफलता 11वें ओवर में उमेश यादव ने दियाई। उमेश की गेंद पर थरंगा 7 रन बनाकर बोल्ड हो गए। थरंगा को समझ में ही नहीं आया कि गेंद किस दिशा में जा रही है। उन्होंने बिना फुटवर्क का इस्तेमाल किए उमेश की इन स्विंग को खेलने का प्रयास किया लेकिन गेंद सीधे स्टंप्स पर जा लगी।
भारत ने पहली पारी में 487 रन बनाए थे। जवाब में श्रीलंका की पहली पारी 135 रन पर सिमट गई थी। पहली पारी के आधार पर 352 रन की बढ़त हासिल करने के बाद टीम इंडिया ने श्रीलंका को फॉलोऑन खिलाने का फैसला किया। पहली पारी में भारत की ओर से कुलदीप यादव ने 4 विकेट लिए। अश्विन और शमी को 2-2 विकेट मिले। हार्दिक पांड्या ने ताबड़तोड़ पारी खेलते हुए अपना पहला अंतरराष्ट्रीय शतक लगाया। उनकी तूफानी बल्लेबाजी की वजह से टीम इंडिया ने बड़ा स्कोर खड़ा किया। हार्दिक पांड्या 108 रन बनाकर अंतिम विकेट के रूप में आउट हुए। भारत की तरफ से सलामी बल्लेबाज शिखर धवन ने पहली पारी में 119 रन बनाए थे। केएल राहुल ने 85 रन बनाए। विराट कोहली ने 42 रन बनाए।