IND vs SA: जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद शमी के अलावा पहले टेस्ट में कौन होगा तीसरा तेज गेंदबाज, आशीष नेहरा ने बताया
भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच तीन टेस्ट मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला 26 दिसंबर से सेंचुरियन में खेला जाएगा। इस मैच में टीम इंडिया की तरफ से जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद शमी के अलावा तीसरा फास्ट बॉलर कौन होगा इसके बारे में आशीष नेहरा ने बताया है।
विस्तार
विराट कोहली की अगुवाई वाली भारतीय क्रिकेट टीम 26 दिसंबर को टेस्ट में एक्शन में होगी। जब टीम टीम इंडिया तीन मैचों की श्रृंखला के पहले टेस्ट में दक्षिण अफ्रीका से भिड़ेगी। इस सीरीज में भारत के कई खिलाड़ी वापसी कर रहे हैं जिन्हें इस महीने की शुरुआत में न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू श्रृंखला के लिए या तो आराम दिया गया था या उन्हें चोट लगी थी। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेले जाने वाले पहले टेस्ट मैच में तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद शमी टीम में वापसी करना तय है। ऐसे में तीसरा तेज गेंदबाज कौन होगा जिस पर चर्चा की जा रही है। इशांत शर्मा, उमेश यादव और मोहम्मद सिराज ने हाल ही में शानदार प्रदर्शन किया है जिससे टीम प्रबंधन की दुविधा बढ़ गई है कि वह अंतिम एकादश में किस तीसरे तेज गेंदबाज को मौका देगा।
नेहरा ने बताया सिराज होंगे तीसरे तेज गेंदबाज
पूर्व भारतीय गेंदबाज आशीष नेहरा ने तीसरे भारतीय टीम में तीसरे गेंदबाज की समस्या का समाधान करते हुए विकल्प बताया है। उनका कहना है कि सिराज वह गेंदबाज हैं जो पहले टेस्ट मैच में जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद शमी का साथ देते नजर आएंगे। उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा देखिए, मुझे लगता है कि भारत के तेज आक्रमण में बुमराह और शमी दो पहले विकल्प हैं, जहां तक तीसरे पेसर की बात है तो वह मोहम्मद सिराज हो सकते हैं। इशांत चोटिल हो गए थे और दूसरे टेस्ट में न्यूजीलैंड के खिलाफ मौका नहीं मिला था, जबकि सिराज ने उस मैच में काफी अच्छा प्रदर्शन किया, यह टीम प्रबंधन की विचार प्रक्रिया और गेम प्लान पर भी निर्भर करता है कि नेट पर कौन तेज दिख रहा है।
टीम के पास बेहतर तेज गेंदबाज
आशीष नेहरा ने इस दौरान कहा अच्छी बात यह है कि जहां तक उनकी पेस बैटरी का सवाल है भारत के पास जितने विकल्प हैं। उनके पास उमेश यादव जैसा कोई है जिनके पास पचास से ज्यादा मैच खेलने का अनुभव है। इसलिए टीम की स्थित काफी अच्छी है। इस सबके बावजूद शार्दुल ठाकुर भी टेस्ट टीम का हिस्सा हैं जो गेंद और बल्ले से शानदार प्रदर्शन करने की काबिलियत रखते हैं।