IND vs NZ: क्या जीत के रथ पर सवार भारत को रोक पाएगा न्यूजीलैंड, आखिरी टी-20 आज
पिछले दो मैचों में हार की कगार पर पहुंचकर जीत दर्ज करने वाली भारतीय टीम पांचवें और आखिरी टी-20 मैच में रविवार को उतरेगी तो उसकी नजरें न्यूजीलैंड का 5-0 से सूपड़ा साफ करने पर लगी होंगी। न्यूजीलैंड ने तीन या अधिक मैचों की द्विपक्षीय टी-20 श्रृंखला में कभी सारे मैच नहीं गंवाए है।
साल 2005 से उसने अपनी सरजमीं पर द्विपक्षीय टी-20 श्रृंखला में सिर्फ एक बार सभी मैच गंवाए है जब फरवरी 2008 में इंग्लैंड ने उसे 2-0 से मात दी थी। भारत अगर यह श्रृंखला 5-0 से भी जीतता है तो टी-20 रैंकिंग में पाकिस्तान, ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड और दक्षिण अफ्रीका के बाद पांचवें स्थान पर रहेगा।
कितनी हुई वर्ल्ड टी-20 की तैयारी?
सैमसन को श्रीलंका और न्यूजीलैंड के खिलाफ सीमित मौकों में भी बल्लेबाजी क्रम में ऊपर उतारा गया, लेकिन वह आक्रामक खेलने के प्रयास में आउट हो गए। टीम प्रबंधन को उनसे संयमित पारी की उम्मीद होगी। दूसरी ओर दुबे के पास तेज गेंदबाजों और स्पिनरों दोनों को खेलने के लिए फुटवर्क नहीं है।
मनीष पांडे छठे नंबर पर अपनी जगह पुख्ता कर रहे हैं जबकि श्रेयस अय्यर को तीसरे नंबर पर उतारा जा सकता है। सवाल विकेटकीपर बल्लेबाज की जगह का है। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ घरेलू श्रृंखला के बाद से केएल राहुल दोहरी भूमिका निभा रहे हैं।
ऋषभ पंत को मिलेगा मौका?
कप्तान विराट कोहली ने संकेत दिए हैं कि वह तीन मैचों की वन-डे श्रृंखला में भी विकेटकीपिंग करेंगे। राहुल शानदार फार्म में है, लेकिन टीम प्रबंधन उन्हें आराम देकर ऋषभ पंत को उतार सकता है। इस प्रारूप में यह 2019-20 सत्र का भारत का आखिरी मैच है। इसके बाद सिर्फ आईपीएल खेलना है चूंकि श्रीलंका के खिलाफ अगली श्रृंखला काफी बाद में है। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मुंबई में पहले वन-डे में चोटिल होने के बाद से पंत बेंच पर है। वह पूरी तरह से फिट हो चुके हैं, लेकिन अंतिम एकादश में जगह नहीं बना पा रहे।
बुमराह भी बैठेंगे बाहर?
गेंदबाजी में जसप्रीत बुमराह को आराम दिया जा सकता है जबकि मोहम्मद शमी वापसी कर सकते हैं। दूसरी ओर कंधे की चोट से उबर सके केन विलियमसन इस मैच में कप्तानी करेंगे। न्यूजीलैंड की टीम दोनों मैच में जीत के करीब पहुंचकर सुपर ओवर में हारी है, उसे अंतिम क्षणों तक दबाव बनाने का शऊर सीखना होगा।
क्या फिट हो गए विलियसन?
न्यूजीलैंड की टीम चाहेगी वह इस सीरीज में भारत के हाथों 0-5 की क्लीन स्वीप से बचें। बल्लेबाजी में जहां चौथे मैच में विलियमसन की गैर मौजूदगी में कॉलिन मुनरो और टिम सिफर्ट ने अच्छा प्रदर्शन किया था, तो वहीं गेंदबाजी में साउदी का फॉर्म चिंता का विषय है। न्यूजीलैंड की टीम चाहेगी कि उसके कप्तान फिट होकर इस मैच में लौटे ताकि वह अपने अनुभव से टीम को क्लीन स्वीप होने से बचा सकें। हालांकि उनकी चोट के बारे में अबतक कोई खास अपडेट नहीं मिल पाया है।
दोनों टीम इस प्रकार है:
भारत: विराट कोहली (कप्तान), रोहित शर्मा, लोकेश राहुल, मनीष पांडे, ऋषभ पंत, संजू सैमसन, श्रेयस अय्यर, शिवम दुबे, रविंद्र जडेजा, कुलदीप यादव, युजवेंद्र चहल, मोहम्मद शमी, जसप्रीत बुमराह, शार्दुल ठाकुर, नवदीप सैनी और वाशिंगटन सुंदर।
न्यूजीलैंड: केन विलियमसन (कप्तान), मार्टिन गप्टिल, रोस टेलर, स्कॉट कुग्गेलैन, कॉलिन मुनरो, टॉम ब्रूस, डेरिल मिचेल, मिचेल सेंटनर, टिम सिफर्ट, हामिश बेनेट, ईश सोढ़ी, टिम साउदी और ब्लेयर टिकनर। समय: मैच भारतीय समयानुसार दोपहर 12 बजकर 30 मिनट पर शुरू होगा।