IND vs NZ: विराट का 10 साल पुराना ट्वीट वायरल, मुंबई टेस्ट में अंपायर की गलती से आउट हुए कोहली
भारत और न्यूजीलैंड के बीच मु्ंबई में खेले जा रहे टेस्ट मैच में टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली पहली पारी में खाता नहीं खोल पाए। वह अंपायर की गलती की वजह से आउट हुए। विराट के आउट होने के बाद उनका 10 पुराना एक ट्वीट वायरल हो रहा है।
विस्तार
भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेली जा रहा दो टेस्ट मैचों की सीरीज का दूसरा और अंतिम मुकाबला मुंबई में खेला जा रहा है। पहले दिन इस मैच में अंपायर ने जिस तरह से टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली को आउट दिया उसे लेकर पूरे दिन चर्चा होती रही। चेतेश्वर पुजारा के आउट होने के बाद चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए विराट कोहली ने एजाज पटेल की एक गेंद खेलने की कोशिश की। इस दौरान बॉलर ने अपील की और अंपायर अनिल चौधरी ने उन्हें एलबीडब्ल्यू आउट दे दिया। विराट को भरोसा था कि गेंद पहले बैट पर लगने के बाद पैड की तरफ आई है। जिसके चलते उन्होंने रिव्यू ले लिया। टीवी रिप्ले में यह स्पष्ट नजर नहीं आया की गेंद पहले बैट पर लगी है यह पैड पर। जिसके बाद तीसरे अंपायर वीरेंद्र शर्मा को मैदान अंपायर के निर्णय से सहमत होना पड़ा और उन्होंने विराट को आउट करार दिया।
विराट का 10 साल पुराना ट्वीट वायरल
टीवी अंपायर वीरेंद्र शर्मा द्वारा आउट दिए जाने के बाद इस पर राय देने वाले लोग दो धड़ों में बंट गए। कुछ लोगों का मानना था कि विराट आउट हैं जबकि कुछ का कहना है कि विराट नॉट आउट थे। इस दौरान विराट कोहली का एक 10 पुराना ट्वीट वायरल हो रहा है। यह ट्वीट उन्होंने 6 दिसंबर 2011 को किया था। इस ट्वीट में विराट ने लिखा था, गलतियां सबसे होती हैं, मैंने भी कल गलती की, आप गलतियों से सीख सकते हैं और आगे बढ़ सकते हैं।
everyone makes mistakes. i made one yesterday. you can only learn from them and move forward.
— Virat Kohli (@imVkohli) December 6, 2011
विराट ने जाहिर किया गुस्सा
अंपायर द्वारा गलत आउट दिए जाने के बाद विराट कोहली ने गुस्सा दिखाया। वह आउट होकर जब मैदान के बाहर आ रहे थे तो उन्होंने अपने बैट को बाउंड्री लाइन के पास लगे छोटे-छोटे विज्ञापनों पर दे मारा। क्रिकेट फैंस को उम्मीद थी की विराट इस मुकाबले में बड़ी पारी खेलेंगे। लेकिन ऐसा हो न सका। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में विराट को दो वर्ष से ज्यादा समय बीत गया है तब वह शतक नहीं लगा पाए हैं। उन्होंने साल 2019 में आखिरी शतक बांग्लादेश के खिलाफ कोलकाता में खेले गए डे/नाइट टेस्ट मैच में लगाया था।