फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Cricket ›   Cricket News ›   IND vs NZ 1st T20: India beat New Zealand by 5 wickets; 1st T20I in Jaipur, News Updates in Hindi

IND vs NZ T-20: भारत ने न्यूजीलैंड को 5 विकेट से हराया, पंत ने लगाया विजयी चौका, सीरीज में 1-0 से आगे

Wed, 17 Nov 2021 11:11 PM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, जयपुर
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, जयपुर Published by: स्वप्निल शशांक Updated Wed, 17 Nov 2021 11:11 PM IST
सार

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड ने 20 ओवर में छह विकेट पर 164 रन बनाए। जवाब में भारत ने 19.4 ओवर में 5 विकेट गंवाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। भारत के लिए सूर्यकुमार यादव ने सबसे ज्यादा 62 रन की पारी खेली। 

विज्ञापन
IND vs NZ 1st T20: India beat New Zealand by 5 wickets; 1st T20I in Jaipur, News Updates in Hindi
खेल जगत की रोचक खबर - फोटो : Amar Ujala

विस्तार

भारत ने न्यूजीलैंड को जयपुर में खेले गए पहले टी-20 में पांच विकेट से हरा दिया है। नए कोच राहुल द्रविड़ और नए टी-20 कप्तान रोहित शर्मा की मौजूदगी में भारतीय क्रिकेट के नए युग की जीत के साथ शुरुआत हुई है। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड ने 20 ओवर में छह विकेट पर 164 रन बनाए।
विज्ञापन


जवाब में भारत ने 19.4 ओवर में 5 विकेट गंवाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। भारत के लिए सूर्यकुमार यादव ने सबसे ज्यादा 62 रन की पारी खेली। इस जीत के साथ भारत तीन मैचों की सीरीज में 1-0 से आगे हो गया है। सीरीज का दूसरा मुकाबला रांची में 19 नवंबर को खेला जाएगा। 
विज्ञापन

 
आखिरी ओवर का रोमांच
आखिरी ओवर में भारत को 10 रन की जरूरत थी। स्ट्राइक पर डेब्यूटांट वेंकटेश अय्यर थे, जबकि गेंदबाजी डेरिल मिचेल कर रहे थे। पहली गेंद वाइड रही। इसके बाद वेंकटेश ने मिचेल को चौका लगाया। हालांकि, इसकी अगली गेंद पर रिवर्स शॉट लगाने की कोशिश की और शॉर्ट थर्ड मैन पर कैच आउट हो गए। इसके बाद अक्षर पटेल स्ट्राइक पर आए। वहीं, दूसरी छोर पर अक्षर पटेल मौजूद थे। मिचेल ने एक और वाइड फेंकी। तीसरी गेंद पर अक्षर ने एक रन लिया। चौथी गेंद पर पंत ने आगे बढ़कर मिड ऑफ पर शानदार चौका लगाकर टीम इंडिया को जीत दिलाई।

गुप्टिल-चैपमैन ने न्यूजीलैंड को अच्छे स्कोर तक पहुंचाया
टॉस हारकर पहले खेलते हुए कीवी टीम की शुरुआत खराब रही। पहले ओवर की तीसरी गेंद पर भुवनेश्वर कुमार ने डेरिल मिचेल को क्लीन बोल्ड किया। मिचेल शून्य पर आउट हुए। मिचेल 21 टी-20 अंतरराष्ट्रीय पारियों में पहली बार शून्य पर आउट हुए। इसके बाद मार्टिन गुप्टिल और मार्क चैपमैन ने पारी संभाली। दूसरे विकेट के लिए दोनों के बीच 77 गेंदों पर 109 रन की साझेदारी हुई। 
 
गुप्टिल ने टी-20 में 19वीं फिफ्टी लगाई
इस साझेदारी को रविचंद्रन अश्विन ने तोड़ा। उन्होंने मार्क चैपमैन (63) को आउट किया। चैपमैन का टी-20 अंतरराष्ट्रीय में ये तीसरा अर्धशतक रहा। इसी ओवर में अश्विन ने ग्लेन फिलिप्स (0) को भी एलबीडब्लू आउट किया। गुप्टिल इसके बाद तेजी से रन बनाने लगे और चौके-छक्के लगाए। गुप्टिल को दीपक चाहर ने कैच आउट कराया। उन्होंने 42 गेंदों पर 70 रन की पारी खेली। अपनी पारी में गुप्टिल ने तीन चौके और चार छक्के लगाए। गुप्टिल ने टी-20 में 19वां अर्धशतक लगाया।
 
सिराज को आखिरी ओवर में गेंद से लगी चोट
टीम इंडिया को पांचवीं सफलता भुवनेश्वर कुमार ने दिलाई। टिम सीफर्ट 12 रन बनाकर आउट हुए। आखिरी ओवर की पहली ही गेंद पर मोहम्मद सिराज चोटिल हो गए थे। मिचेल सेंटनर ने पहली ही गेंद पर एक तेज शॉट खेला और गेंद को रोकने के प्रयास में सिराज खुद को चोटिल कर बैठे। गेंद रफ्तार के साथ सिराज की उंगली पर लगी और उनकी उंगली से खून भी निकलने लगा।

भुवनेश्वर-अश्विन ने मैच में दो-दो विकेट झटके
हालांकि, इसके बाद भी सिराज ने गेंदबाजी जारी रखी और पांचवीं गेंद पर रचिन रवींद्र (7) को क्लीन बोल्ड किया। इस तरह न्यूजीलैंड ने 164 रन बनाए। भारत की ओर से भुवनेश्वर कुमार और अश्विन ने दो-दो विकेट लिए। वहीं, दीपक चाहर और मोहम्मद सिराज को एक-एक विकेट मिला।

रोहित-राहुल के बीच चौथी 50+ की साझेदारी
लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत शानदार रही। रोहित शर्मा और केएल राहुल ने 31 गेंदों पर 50 रन जोड़े। दोनों के बीच पिछले चार टी-20 में यह चौथी पचास रन की साझेदारी थी। मिचेल सैंटनर ने राहुल को आउट को इस साझेदारी को तोड़ा। वे 15 रन बना सके। इसके बाद रोहित ने सूर्यकुमार यादव के साथ मिलकर भारतीय पारी को आगे बढ़ाया। दोनों ने 49 गेंदों पर 59 रन जोड़े। 

 
सूर्यकुमार ने टी-20 में तीसरा अर्धशतक लगाया
109 रन के कुल स्कोर पर रोहित के रूप में भारत को दूसरा झटका लगा। वे अर्धशतक से चूक गए और 36 गेंदों पर 48 रन बनाकर आउट हुए। ट्रेंट बोल्ट ने रोहित को रचिन के हाथों कैच कराया। अपनी पारी में रोहित ने पांच चौके और दो छक्के लगाए। इसके बाद सूर्यकुमार ने ऋषभ पंत के साथ मिलकर पारी संभाली। सूर्या ने इस बीच टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का तीसरा अर्धशतक लगाया। 

सूर्यकुमार को बोल्ट ने क्लीन बोल्ड किया
सूर्यकुमार को बोल्ट ने क्लीन बोल्ड किया। तब सूर्या थर्ड मैन के ऊपर से शॉट लगाने की कोशिश कर रहे थे। सूर्यकुमार 40 गेंदों पर 62 रन बनाकर आउट हुए। अपनी पारी में उन्होंने छह चौके और तीन छक्के लगाए। भारत को आखिरी तीन ओवर में 21 रन की जरूरत थी। इसके बाद श्रेयस अय्यर कुछ खास नहीं कर सके और पांच रन बनाकर 19वें ओवर की आखिरी गेंद पर आउट हो गए।

वेंकटेश ने पहली गेंद पर लगाया शानदार चौका
वेंकटेश अय्यर (4) ने अंतरराष्ट्रीय डेब्यू की पहली गेंद पर चौका तो लगाया, लेकिन अगली ही गेंद पर आउट हो गए। इसके बाद पंत ने चौका लगाकर टीम इंडिया को जीत दिलाई। पंत 17 गेंदों पर दो चौके की मदद से 17 रन बनाकर नाबाद रहे। वहीं, अक्षर पटेल एक गेंद पर एक रन बनाकर नाबाद रहे। न्यूजीलैंड की ओर से ट्रेंट बोल्ट ने सबसे ज्यादा दो विकेट लिए। वहीं, साउदी, सैंटनर और मिचेल को एक-एक विकेट मिला।

मैच में बने कुछ आंकड़े
टिम साउदी की भारत के खिलाफ बतौर कप्तान यह लगातार तीसरी हार रही। लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत की टी-20 अंतरराष्ट्रीय में यह 50वीं जीत रही। भारत और न्यूजीलैंड के बीच अब तक 18 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले गए हैं। इस जीत के साथ आंकड़ा अब बराबरी पर पहुंच गया। भारत और न्यूजीलैंड दोनों ने 9-9 मैच जीते हैं। इससे पहले न्यूजीलैंड ही एक ऐसा देश था, जिसके खिलाफ भारत ने टी-20 में जीत की तुलना में ज्यादा मैच हारे थे। अब मुकाबला बराबरी का हो गया है।

 
विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें क्रिकेट समाचार से जुड़ी ब्रेकिंग अपडेट। क्रिकेट जगत की अन्य खबरें जैसे क्रिकेट मैच लाइव स्कोरकार्ड, टीम और प्लेयर्स की आईसीसी रैंकिंग आदि से संबंधित ब्रेकिंग न्यूज़।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed