द्रविड़-सहवाग के बेटों का जलवा: अन्वय ने ठोके 38 रन, आर्यवीर भी चमके; भारत ने ऑस्ट्रेलिया को सात रन से हराया
भारत अंडर-19 ने बारिश से प्रभावित मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 को सात रन से हराया। अन्वय द्रविड़ ने 18 गेंदों में 38 रन की तूफानी पारी खेली, जबकि आर्यवीर सहवाग ने 26 गेंदों में 28 रन बनाए। यशवर्धन चौहान के 54 रन और दो विकेट ने भारत की जीत में अहम भूमिका निभाई।
विस्तार
भारत और ऑस्ट्रेलिया की अंडर-19 टीमों के बीच तीन यूथ वनडे मैचों की सीरीज के पहले मुकाबले में रोमांच देखने को मिला। बारिश से प्रभावित मुकाबले में भारत ने ऑस्ट्रेलिया को सात रन से हरा दिया। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में छह विकेट पर 182 रन बनाए। जवाब में ऑस्ट्रेलिया की टीम सात विकेट पर 175 रन ही बना सकी।
इस मुकाबले में पूर्व भारतीय कप्तान राहुल द्रविड़ के बेटे अन्वय द्रविड़ और पूर्व भारतीय सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर सहवाग भी मैदान पर उतरे। अन्वय ने नंबर छह पर बल्लेबाजी करते हुए महज 18 गेंदों में 38 रन की तेज पारी खेली। उन्होंने दो चौके और तीन छक्के लगाए। उनका स्ट्राइक रेट 211.11 रहा। वहीं, आर्यवीर ने अपने पिता की तरह पारी की शुरुआत की और 26 गेंदों में 28 रन बनाए। उनकी पारी में पांच चौके शामिल रहे।
चौहान ने संभाली भारत की पारी
पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और 12वें ओवर तक उसका स्कोर चार विकेट पर 88 रन था। इसके बाद यशवर्धन चौहान और अन्वय द्रविड़ ने पांचवें विकेट के लिए 69 रन की साझेदारी कर टीम को मुश्किल स्थिति से बाहर निकाला।
चौहान ने 34 गेंदों में 54 रन की शानदार पारी खेली। उन्होंने पांच चौके और दो छक्के लगाए। अन्वय ने भी तेजी से रन बनाते हुए भारत के स्कोर को 182 रन तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। ऑस्ट्रेलिया की ओर से ऑफ स्पिनर एली ब्रेन सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने चार ओवर में 29 रन देकर दो विकेट लिए।
ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत अच्छी, लेकिन आखिरी ओवर में पलटा मैच
183 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलिया की टीम ने अच्छी शुरुआत की। उसके शीर्ष चार में से तीन बल्लेबाजों ने 40 या उससे ज्यादा रन बनाए। कप्तान जैक कॉजनेक ने 27 गेंदों में 55 रन की तूफानी पारी खेली। उन्होंने छह चौके और तीन छक्के लगाए। ऑस्ट्रेलिया को आखिरी 11 गेंदों में 24 रन की जरूरत थी। कॉजनेक ने लगातार तीन चौके लगाकर मुकाबले में रोमांच बढ़ा दिया। दूसरी बाउंड्री के साथ उन्होंने 25 गेंदों में अपना अर्धशतक भी पूरा किया, लेकिन अगली ही गेंद पर आउट हो गए।
इसके बाद ऑस्ट्रेलिया को अंतिम ओवर में 11 रन की जरूरत थी। भारतीय तेज गेंदबाज मोहित उल्वा ने आखिरी ओवर में सिर्फ तीन रन दिए और भारत को सात रन से रोमांचक जीत दिला दी भारत की ओर से यशवर्धन चौहान ने गेंदबाजी में भी कमाल किया। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के प्रमुख बल्लेबाजों में शामिल हेडन बारबुलोविक को 40 और नील पटेल को 45 रन के स्कोर पर आउट किया। चौहान ने दो विकेट हासिल किए।