IND vs IRE: आयरलैंड की भारत पर पहली टी20 अंतरराष्ट्रीय जीत, श्रेयस अय्यर की कप्तानी का हुआ निराशाजनक आगाज
IND vs IRE T20 Highlights 2026:आयरलैंड ने भारत को 34 रनों से हरा दिया। शुक्रवार को बेलफास्ट में खेले गए पहले मुकाबले में आयरलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 182 रन बनाए। जवाब में टीम इंडिया 18.5 ओवर में सिर्फ 148 रन ही बना सकी और ऑलआउट हो गई। इस जीत के साथ आयरलैंड ने दो टी20 मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पहले बल्लेबाजी करते हुए आयरलैंड ने आक्रामक शुरुआत की, लेकिन भारतीय तेज गेंदबाजों ने जल्द ही मेजबान टीम को बैकफुट पर धकेल दिया। हर्षित राणा और अर्शदीप सिंह ने शुरुआती झटके देते हुए आयरलैंड का स्कोर 32 रन पर तीन विकेट कर दिया।
इसके बाद कप्तान लॉर्कन टकर और गैरेथ डेलानी ने पारी को संभाला। दोनों ने अहम साझेदारी करते हुए भारतीय गेंदबाजों पर दबाव कम किया। टकर ने 36 गेंदों में 50 रन की कप्तानी पारी खेली, जिसमें पांच चौके और दो छक्के शामिल रहे। वहीं डेलानी 31 गेंदों पर 49 रन बनाकर अर्धशतक से महज एक रन दूर रह गए। अंत में जॉर्ज डॉकरेल ने सिर्फ 10 गेंदों में 19 रन की तेज पारी खेलकर टीम को 182 रन तक पहुंचाया। भारत की ओर से हर्षित राणा सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने चार ओवर में 24 रन देकर तीन विकेट लिए। अर्शदीप सिंह ने दो, जबकि अक्षर पटेल ने भी दो विकेट अपने नाम किए।
A brilliant innings from Lorcan Tucker! 👏 #BackingGreen | #IREvIND | #FailteSolar pic.twitter.com/PyCld788UI
— Cricket Ireland (@cricketireland) June 26, 2026
183 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत तेज रही, लेकिन विकेट लगातार गिरते रहे। संजू सैमसन, ईशान किशन और कप्तान श्रेयस अय्यर सस्ते में पवेलियन लौट गए। सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने अकेले संघर्ष करते हुए महज 19 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया और 20 गेंदों में 50 रन की विस्फोटक पारी खेली। इसके साथ ही उन्होंने आयरलैंड के खिलाफ टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में तीसरा सबसे तेज अर्धशतक लगाने का रिकॉर्ड अपने नाम किया। उनसे आगे केवल स्टीफन मायबर्ग (17 गेंद) और लिटन दास (18 गेंद) हैं, जबकि फिल सॉल्ट ने 20 गेंदों में यह उपलब्धि हासिल की थी।
हालांकि अभिषेक के आउट होते ही भारतीय बल्लेबाजी पूरी तरह बिखर गई। तिलक वर्मा, शिवम दुबे और निचला क्रम बड़ी साझेदारी नहीं कर सका, जिसके चलते पूरी टीम 18.5 ओवर में 148 रन पर ऑलआउट हो गई। हालांकि इस मुकाबले में शिवम दुबे ने एक व्यक्तिगत उपलब्धि भी अपने नाम की। वह गेंदों के लिहाज से भारत के लिए सबसे तेज 1000 टी20 अंतरराष्ट्रीय रन पूरे करने वाले तीसरे बल्लेबाज बन गए। उन्होंने यह मुकाम 648 गेंदों में हासिल किया। इस सूची में अभिषेक शर्मा (528 गेंद) पहले और सूर्यकुमार यादव (573 गेंद) दूसरे स्थान पर हैं। आयरलैंड की ओर से मैट हॉलार्ड ने सबसे प्रभावी गेंदबाजी करते हुए तीन विकेट झटके, जबकि डेब्यू कर रहे जय मूंद्रा ने दो विकेट लेकर भारत को शुरुआती झटके दिए। अन्य गेंदबाजों ने भी कसी हुई गेंदबाजी कर भारतीय बल्लेबाजों पर लगातार दबाव बनाए रखा।
श्रेयस अय्यर के लिए यह मुकाबला भारत के नियमित टी20 कप्तान के रूप में पहला मैच था, लेकिन उनकी कप्तानी का आगाज हार के साथ हुआ। बल्लेबाजी में भी वह बड़ी पारी नहीं खेल सके और टीम को जीत नहीं दिला पाए। वहीं, युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी के अंतरराष्ट्रीय डेब्यू का इंतजार भी इस मुकाबले में खत्म नहीं हुआ, क्योंकि उन्हें अंतिम एकादश में जगह नहीं मिली।
Ireland win the first T20I in Belfast by 34 runs.#TeamIndia will now aim to level the series on Sunday.
— BCCI (@BCCI) June 26, 2026
Scorecard ▶️ https://t.co/gdoXw2dAKR#IREvIND pic.twitter.com/kxnHM9ApeV