फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Cricket ›   Cricket News ›   IND vs AUS: India has dominated Australia in Border Gavaskar Trophy, these factors will play an important role

IND vs AUS: बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी में भारत का ऑस्ट्रेलिया पर रहा है दबदबा, इस बार ये कारक निभाएंगे अहम भूमिका

Mon, 11 Nov 2024 04:23 PM IST
अक्षय अग्रवाल स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: अक्षय अग्रवाल Updated Mon, 11 Nov 2024 04:23 PM IST
सार

ऑस्ट्रेलिया धरती पर खेली गई पिछली दो टेस्ट सीरीज में भारत ने जीत हासिल की थी, लेकिन इस बार टीम के सामने कई चुनौतियां हैं। आइए जानते हैं...

विज्ञापन
IND vs AUS: India has dominated Australia in Border Gavaskar Trophy, these factors will play an important role
बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी - फोटो : PTI

विस्तार

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच पांच मैचों की टेस्ट सीरीज की शुरुआत 22 नवंबर से होने जा रही है। साल 1996 में भारत और ऑस्ट्रेलिया के दो दिग्गज खिलाड़ी सुनील गावस्कर और एलन बॉर्डर के नाम पर इस सीरीज का नाम बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी रखा गया था। पहले इसमें चार टेस्ट होते थे, लेकिन नए चक्र में इसमें एक टेस्ट और बढ़ाया गया और अब इस सीरीज में पांच मुकाबले खेले जाएंगे। रोहित शर्मा की कप्तानी में पहली बार भारतीय टीम ऑस्ट्रेलिया सरजमीं पर खेलने जा रही है। हालांकि, ऑस्ट्रेलिया धरती पर खेली गई पिछली दो टेस्ट सीरीज में भारत ने जीत हासिल की थी, लेकिन इस बार टीम के सामने कई चुनौतियां हैं। 
विज्ञापन


घर में मिली न्यूजीलैंड से हार
हाल ही में भारत में टेस्ट सीरीज खेलने आई न्यूजीलैंड की टीम ने तीन मैचों में सूपड़ा साफ कर इतिहास रच दिया था। तीन मैचों की टेस्ट सीरीज में भारत अपने ही घर में एक भी मैच जीतने में नाकाम रहा और पहली बार अपनी जमीन पर तीन या इससे ज्यादा मैचों की टेस्ट सीरीज में क्लीन स्वीप का सामना करना पड़ा। इसके साथ ही भारत ने 12 वर्षों में पहली बार अपनी जमीन पर टेस्ट सीरीज में हार का सामना किया। 
विज्ञापन


न्यूजीलैंड के खिलाफ नाकाम रही बल्लेबाजी 
भारत और न्यूजीलैंड की टेस्ट सीरीज वैसे तो मुख्य रूप से गेंदबाजों के नाम रही, लेकिन रन बनाने के मामले में टीम इंडिया मेहमानों से भी पीछे रही। टीम के सबसे अनुभवी खिलाड़ियों में कप्तान रोहित शर्मा ने छह पारियों में केवल 91 रन बनाए, जबकि विराट कोहली ने छह पारियों में महज 93 रन ही बना पाए। विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत ने जरूर थोड़ी हिम्मत दिखाई और सीरीज में सबसे ज्यादा 263 रन बनाए, लेकिन टीम को जीत तक नहीं ले जा सके। ऐसे में ऑस्ट्रेलिया की तेज और उछाल भरी पिचों पर बल्लेबाजों के लिए चुनौती और भी कड़ी रहने वाली है। 
विज्ञापन
विज्ञापन


BGT पर भारत का दबदबा
22 नवंबर से होने वाली इस सीरीज के अब तक के इतिहास की बात करें तो इस पर टीम इंडिया का दबदबा रहा है। साल 1996 से अब तक 16 बार इस ट्रॉफी के लिए दोनों टीमें आमने-सामने आ चुकी हैं। इसमें भारत ने 10 बार इस ट्रॉफी को अपने नाम किया है, तो पांच बार कंगारुओं का कब्जा रहा है। जबकि एक बार सीरीज ड्रॉ रही। वहीं, अगर पिछली पांच सीरीज की बात करें तो भारत ने चार बार ट्रॉफी जीतकर अपना दबदबा बनाए रखा है। साल 2014-15 की ऑस्ट्रेलिया में खेली गई सीरीज के बाद से भारत ने लगातार बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया है। इसमें से दो बार यह मुकाम भारत ने अपने घर में हासिल किया तो दो बार ऑस्ट्रेलिया को उसके घर में जाकर धूल चटाई है।

पिछली पांच सीरीज के आंकड़े 
इसके अलावा 16 बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी सीरीज में 12 बार (2022-2023 में अश्विन और जड़ेजा) भारतीय खिलाड़ी प्लेयर ऑफ द सीरीज चुने गए, जबकि ऑस्ट्रेलिया खिलाड़ियों को पांच बार यह अवॉर्ड जीता। पिछली पांच बीजीटी सीरीज में भारत की ओर से बल्ले और गेंद से कमाल दिखाने वाले खिलाड़ियों में से विराट कोहली, ऋषभ पंत, रविंद्र जडेजा और रविचंद्रन अश्विन इस बार भी टीम का हिस्सा होंगे। ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज स्पिनर नाथन लियोन के नाम इस सीरीज में सबसे ज्यादा 116 विकेट हैं और वह इस बार भी ऑस्ट्रेलिया की टीम में शामिल हैं।  भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच पिछली पांच बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी में कुल 20 मुकाबले खेले हैं। इसमें से भारत ने आठ मैच जीते, जबकि ऑस्ट्रेलियाई टीम को छह मैचों में जीत हासिल हुई। छह मुकाबले ड्रॉ रहे हैं। पिछली पांच में से तीन सीरीज ऑस्ट्रेलियाई जमीन पर खेली गई थीं। इनमें से भारत ने दो में जीत हासिल की है। 

ऑस्ट्रेलियाई जमीन पर भारत का प्रदर्शन
दोनों टीमें टेस्ट में अब तक 107 मैचों आमने-सामने आ चुकी हैं। इनमें भारत ने 32 मैच जीते, जबकि ऑस्ट्रेलिया ने 45 मुकाबले अपने नाम किए। 29 मुकाबले ड्रॉ रहे हैं। वहीं, अगर कंगारुओं की जमीन पर भारत के रिकॉर्ड की बात की जाए तो दोनों टीमें वहां कुल 52 बार आमने-सामने आ चुकी हैं। इसमें से भारत केवल नौ ही मैच जीत सका है। ऑस्ट्रेलिया ने 30 मैच जीते और 13 मुकाबले ड्रॉ रहे हैं। ऑस्ट्रेलिया में पिछली दो सीरीज में भारत ने आठ में से चार मैच जीते हैं, जबकि मेजबान टीम दो ही मैच जीत सकी। दो मुकाबले ड्रॉ रहे हैं।

2023 WTC और वनडे विश्व कप फाइनल का बदला 
साल 2023 में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को न केवल विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में हराया था बल्कि उसी साल भारतीय सरजमीं पर खेले गए वनडे विश्व कप के फाइनल में भी शिकस्त दी थी। ऐसे में भारतीय टीम अपनी उन दोनों बड़ी हारों का बदला कंगारुओं से लेना चाहेगी। हालांकि, भारत अगर इस द्विपक्षीय टेस्ट सीरीज को जीत भी जाता है तो शायद आईसीसी के दो बड़े टूर्नामेंट के फाइनल में मिली हार का बदला तो पूरा नहीं होगा, लेकिन मौजूदा विश्व टेस्ट चैंपियनशिप चक्र के फाइनल के लिए जरूर अपनी दावेदारी मजबूत कर लेगा। मौजूदा डब्ल्यूटीसी रैंकिग में ऑस्ट्रेलियाई टीम शीर्ष पर है, जबकि भारत दूसरे पायदान पर है। इस सीरीज को भारत अगर जीत लेता है तो शायद एक बार फिर विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में जगह बनाने में कामयाब हो पाए। मौजूदा हालात में टीम इंडिया को अपने बचे हुए पांच टेस्ट में से हर हाल में चार मैच जीतने होंगे। साथ ही यह भी सुनिश्चित करना होगा कि टीम एक भी मैच न गंवाए। हालांकि, यह दूसरी टीमों के नतीजों पर भी निर्भर होगा।

BGT नहीं जीती तो फाइनल की रेस से भारत होगा बाहर?
अगर भारत बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी जीतने में कामयाब नहीं हो पाता तो फिर उसे दूसरी टीमों के बचे हुए मैचों के परिणामों पर निर्भर रहना होगा। ऐसे टीम इंडिया के लिए यह सीरीज काफी अहम है। साथ ही टीम के चार सबसे अनुभवी खिलाड़ी रोहित शर्मा, विराट कोहली, रविंद्र जडेजा और रविचंद्रन अश्विन के लिए भी यह सीरीज काफी अहम मानी जा रही है। रोहित पहले टेस्ट में नहीं खेल सकते हैं। ऐसे में यशस्वी जायसवाल के साथ अभिमन्यु ईश्वरन या केएल राहुल में से कोई एक ओपनिंग करता हुआ दिख सकता है।

बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी 2024-25 का कार्यक्रम

 

मैच तारीख स्थान
पहला टेस्ट 22-26 नवंबर पर्थ
दूसरा टेस्ट 6-10 दिसंबर एडिलेड
तीसरा टेस्ट 14-18 दिसंबर ब्रिस्बेन
चौथा टेस्ट 26-30 दिसंबर मेलबर्न
पांचवां टेस्ट 3-7 जनवरी सिडनी

बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के लिए भारतीय टीम
रोहित शर्मा (कप्तान), जसप्रीत बुमराह (उपकप्तान), यशस्वी जयसवाल, अभिमन्यु ईश्वरन, शुभमन गिल, विराट कोहली, केएल राहुल, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), सरफराज खान, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), आर अश्विन, आर जडेजा, मोहम्मद सिराज, आकाश दीप, प्रसिद्ध कृष्णा, हर्षित राणा, नीतीश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर।

पर्थ टेस्ट के लिए ऑस्ट्रेलिया की टीम
पैट कमिंस (कप्तान), स्कॉट बोलैंड, एलेक्स कैरी, जोश हेजलवुड, ट्रेविस हेड, जोश इंगलिस, उस्मान ख्वाजा, मार्नस लाबुशेन, नाथन लियोन, मिचेल मार्श, नाथन मैकस्वीनी, स्टीव स्मिथ, मिचेल स्टार्क।
विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें क्रिकेट समाचार से जुड़ी ब्रेकिंग अपडेट। क्रिकेट जगत की अन्य खबरें जैसे क्रिकेट मैच लाइव स्कोरकार्ड, टीम और प्लेयर्स की आईसीसी रैंकिंग आदि से संबंधित ब्रेकिंग न्यूज़।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed