IND vs NZ: प्लेइंग XI में जगह बनाने के लिए हार्दिक की गेंदबाजी अहम, फिर से देना होगा फिटनेस टेस्ट
भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार अनुभवी ऑलराउंडर हार्दिक पांड्याने बुधवार को दुबई आईसीसी अकादमी के मैदान में फिटनेस टेस्ट पास करने के साथ ही गेंदबाजी में भी हाथ आजमाए। हार्दिक ने 15 मिनट तक गेंदबाजी की और उसके बाद फिटनेस ड्रिल में शामिल हुए।
विस्तार
भारतीय क्रिकेट टीम को टी-20 वर्ल्ड कप में न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाले अहम मुकाबले से पहले थोड़ी राहत मिली है। टीम के स्टार अनुभवी ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या ने लंबे समय बाद नेट्स में गेंदबाजी शुरू कर दी है, जिसके बाद उनसे थोड़ी उम्मीदें भी बढ़ी हैं। हार्दिक ने बुधवार को दुबई आईसीसी अकादमी के मैदान में फिटनेस टेस्ट पास करने के साथ ही गेंदबाजी में भी हाथ आजमाए। हार्दिक ने 15 मिनट तक गेंदबाजी की और उसके बाद फिटनेस ड्रिल में शामिल हुए।
हालांकि के न्यूजीलैंड खिलाफ मैच में टीम मैनेजमेंट किसी भी तरह का जोखिम नहीं उठाना चाहती, खासकर हार्दिक पांड्या के प्लेइंग XI में चयन को लेकर। यही कारण है कि मैनेजमेंट ने हार्दिक का एक और फिटनेस टेस्ट करने का फैसला किया है।
क्रिकबज की रिपोर्ट के मुताबिक, 'हार्दिक का शुक्रवार को एक और फिटनेस टेस्ट होगा और इसके बाद ही उन्हें अंतिम एकादश में रखने का निर्णय लिया जाएगा। पांड्या को इस टेस्ट के दौरान 3-4 ओवर की गेंदबाजी करनी होगी और इस दौरान उनपर करीब से नजर रखी जाएगी।'
■■■■■■■■■■■□□□ LOADING@hardikpandya7 | #TeamIndia | #T20WorldCup pic.twitter.com/hlwtrGDfNR
— BCCI (@BCCI) October 28, 2021
पहले प्रैक्टिस सत्र में दिखा बदलाव
समाचार एजेंसी एएनआई ने बीसीसीआई सूत्रों के हवाले से बताया कि हार्दिक के साथ गेंदबाजी में पहले दिक्कत यह होती थी कि उनकी पीठ की मांसपेशियां खींच जाती थी लेकिन फिलहाल ऐसा नहीं हो रहा।
उन्होंने कहा, 'अगर आप आईपीएल में भी देखें तो उन्होंने शुरुआत में नेट्स में गेंदबाजी की थी लेकिन उनकी मांसपेशियां में खिंचाव होने लगा और इसी वजह से उन्हें चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ एक मुकाबले में आराम करना पड़ा था। लेकिन बुधवार को उन्होंने गेंदबाजी के बाद बल्लेबाजी की और कुछ पुल शॉट्स भी लगाए जिसमें उन्हें कोई परेशानी नहीं दिखी। ऐसे में हमें उम्मीद है कि वह अपने कप्तान को गेंदबाजी में विकल्प दे पाएंगे।'
हार्दिक से खुद कप्तान विराट कोहली को भी काफी उम्मीदें हैं और यह बात वह खुद पाकिस्तान के खिलाफ खेले गए मैच से एक दिन पहले कह चुके हैं। उन्होंने कहा था कि हार्दिक हमें छठे नंबर पर वह मजबूती देते हैं और रातोंरात उनका विकल्प ढूंढना इतना आसान नहीं है।