T20 World Cup 2021: बीसीसीआई ने किया 15 सदस्यीय दल का चयन! आज किसी भी वक्त हो सकती है आधिकारिक घोषणा
आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप के लिए बीसीसीआई आज किसी भी वक्त भारतीय टीम के स्क्वॉड का ऐलान कर सकती है।
विस्तार
भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की टेस्ट सीरीज जारी है। भारतीय टीम चौथा टेस्ट मैच जीतकर सीरीज में 2-1 की बढ़त ले चुकी है और अब उसकी नजर मैनचेस्टर में होने वाले आखिरी मैच पर है। इसके अलावा भारतीय टीम और उनके समर्थकों को आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप के लिए चुने जाने वाले स्क्वॉड का भी इंतजार है। एक महीने बाद यूएई और ओमान में होने वाले टी-20 वर्ल्ड कप के लिए बीसीसीआई आज स्क्वॉड की आधिकारिक घोषणा कर सकती है।
बीसीसीआई के एक शीर्ष अधिकारी ने इनसाइडस्पोर्ट को पुष्टि की है कि चेतन शर्मा की अगुवाई वाली चयन समिति ने 15 सदस्यीय भारतीय टीम पर फैसला कर लिया है। चयनकर्ता पहले ही कप्तान विराट कोहली और कोच रवि शास्त्री दोनों से मिल चुके हैं और उनके इनपुट ले चुके हैं।
अगस्त के महीने में ही यह तय हो गया था कि आगामी टी-20 वर्ल्ड कप 2021 के लिए भारतीय टीम का ऐलान चौथे टेस्ट के बाद होगा। सूत्र के अनुसार, कप्तान विराट कोहली और चयन समिति ने टीम के चयन के बारे में ओवल में चौथे टेस्ट मैच से पहले एक वर्चुअल चर्चा की थी और उस बैठक के दौरान टीम का फैसला किया गया था। इसके अलावा, सूत्र ने कहा कि भारत के पास पहले से ही एक निर्धारित टी-20 टीम है और चर्चा केवल कुछ खिलाड़ियों को लेकर थी।
गौरतलब है कि आईसीसी ने सभी टीमों को 10 सितंबर तक अपना स्क्वॉड घोषित करने के लिए कहा है। आईसीसी सिर्फ 15 खिलाड़ियों का खर्चा उठाएगी और अन्य खिलाड़ियों का खर्चा उक्त बोर्ड को उठाना होगा। ऐसे में टी-20 वर्ल्ड कप 2021 के लिए बीसीसीआई 20 सदस्यीय दल का ऐलान कर सकती है। इनमें पांच खिलाड़ियों को रिज़र्व के तौर पर शामिल किया जा सकता है।
भारत की संभावित 15 सदस्यीय टीम:
केएल राहुल, रोहित शर्मा (उपकप्तान), विराट कोहली (कप्तान), सूर्यकुमार यादव, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, शार्दुल ठाकुर, मोहम्मद शमी, जसप्रीत बुमराह, दीपक चाहर, युजवेंद्र चहल, श्रेयस अय्यर, ईशान किशन (विकेटकीपर), भुवनेश्वर कुमार, हार्दिक पांड्या
रिजर्व और इंजरी कवर:
रविचंद्रन अश्विन, वरुण चक्रवर्ती, पृथ्वी शॉ, प्रसिद्ध कृष्णा, शिखर धवन, मोहम्मद सिराज