ICC Awards: जसप्रीत बुमराह बने 2024 के सर्वश्रेष्ठ टेस्ट क्रिकेटर, सम्मान पाने वाले पहले भारतीय तेज गेंदबाज
भारतीय टीम के स्टार गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को 2024 का सर्वश्रेष्ठ टेस्ट क्रिकेटर चुना गया है। बुमराह यह कीर्तिमान दर्ज करने वाले छठे भारतीय हैं।
विस्तार
बुमराह ने हाल ही में टेस्ट में 200 विकेट पूरे किए थे। बुमराह 2024 में टेस्ट क्रिकेट में सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज रहे हैं। उन्होंने 13 मैच में 14.92 की औसत और 30.16 के स्ट्राइक रेट से 71 विकेट चटकाए, जो पारंपरिक प्रारूप में किसी भी गेंदबाज का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। आईसीसी ने पर्थ में बुमराह के मैच का रुख बदलने वाले स्पैल को उनके सबसे यादगार प्रदर्शन में से एक माना था जिसकी बदौलत भारत ने 295 रन से जीत दर्ज की।
पिछले कैलेंडर वर्ष में बुमराह ने अपना अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 71 विकेट चटकाए और इस प्रारूप में सबसे सफल गेंदबाज रहे। चाहे दक्षिण अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया में तेज गेंदबाजों के लिए अनुकूल परिस्थितियां हों या स्वदेश में तेज गेंदबाजों के लिए कठिन परिस्थितियां, बुमराह ने पूरे साल प्रभावशाली प्रदर्शन किया। भारत के ऑस्ट्रेलिया दौरे पर इस तेज गेंदबाज ने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया था।
71 विकेट लेने के बाद बुमराह एक कैलेंडर वर्ष में 70 से अधिक टेस्ट विकेट लेने वाले चौथे भारतीय गेंदबाज बने। इस तरह वह रविचंद्रन अश्विन, अनिल कुंबले और कपिल देव की लिस्ट में शामिल हो गए।
बुमराह से पहले राहुल द्रविड़ (2004), गौतम गंभीर (2009), वीरेंद्र सहवाग (2010), रविचंद्रन अश्विन (2016) और विराट कोहली (2018) भी यह पुरस्कार प्राप्त कर चुके हैं। बुमराह हालांकि, भारत के पहले तेज गेंदबाज हैं जिन्हें साल का सर्वश्रेष्ठ टेस्ट खिलाड़ी चुना गया है।
बुमराह ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के पांचवें टेस्ट मुकाबले के दौरान पीठ की समस्या से जूझ रहे थे। इस कारण उन्हें इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए भी नहीं चुना गया, जबकि वनडे सीरीज के शुरुआती दो मैचों से भी वह बाहर हैं। इसके अलावा तीसरे वनडे में भी उनका खेलना तय नहीं है। अनुभवी गेंदबाज को चैंपियंस ट्रॉफी के लिए भी 15 सदस्यीय टीम में चुना गया है, लेकिन उनका इस टूर्नामेंट में खेलना पूरी तरह फिटनेस पर निर्भर करेगा।
जसप्रीत बुमराह के सर्वश्रेष्ठ टेस्ट क्रिकेटर बनने पर भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने उन्हें बधाई दी है। बोर्ड की तरफ से एक्स पर लिखा गया, 'गेम चेंजर जसप्रीत बुमराह को आईसीसी पुरुष टेस्ट क्रिकेटर ऑफ द ईयर 2024 से सम्मानित किया गया। बुमराह ने 14.92 की शानदार औसत से 71 विकेट लिए, 2024 में टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बने।'
'Game Changer' Jasprit Bumrah is awarded the ICC Men's Test Cricketer of the Year 2024 🥁🥁
— BCCI (@BCCI) January 27, 2025
Bumrah took 71 wickets at a stunning average of 14.92, finishing as the highest wicket taker in Test cricket in 2024.#TeamIndia | @Jaspritbumrah93 pic.twitter.com/WHUciUK2Qb