मैक्सवेल ने भारत को ललकारा, कहा याद तो होगी पुरानी हार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया का सामना भारत से हो तो इससे पहले अपनी बातों से ललकारा माइंड गेम का हिस्सा माना जाता है। एक तरफ ऑस्ट्रेलिया के कप्तान माइकल क्लार्क ने टीम इंडिया और कप्तान धोनी की तारीफ की तो ऑस्ट्रेलिया के आक्रामक बल्लेबाज ग्लेन मैक्सवेल ने भारतीय टीम पर प्रेशर बनाने के लिए तंज कसा है।
पाकिस्तान को करारी शिकस्त देने के बाद ऑस्ट्रेलिया के धाकड़ ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल ने कहा कि भारतीय टीम को यह याद रखना चाहिए कि इन गर्मियों में वह उनकी टीम के खिलाफ एक भी मैच नहीं जीत पाई है। मेजबान टीम ऑस्ट्रेलिया गत चैंपियन भारत के खिलाफ बृहस्पतिवार को होने वाले आईसीसी क्रिकेट विश्व कप के सेमीफाइनल में भी इस क्रम को बरकरार रखना चाहती है।
मैक्सवेल से जब यह पूछा गया कि ऑस्ट्रेलिया के लिए भारत के अजेय अभियान को रोकना कितना मुश्किल होगा तो उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि इन गर्मियों में हमने उन्हें काफी अच्छी तरह निशाना बनाया। पूरी गर्मियों में वे हमारे खिलाफ एक भी मैच नहीं जीत पाए। उम्मीद करता हूं कि उन्हें यह अच्छी तरह याद है।"
हालांकि मैक्सवेल ने लगातार अच्छा प्रदर्शन करने के लिए भारतीय टीम की तारीफ भी की। इस बल्लेबाज ने कहा, "भारतीय टीम काफी अच्छी है। अगर वे अच्छी टीम नहीं होते तो सेमीफाइनल में नहीं पहुंचते। हमें इस हफ्ते उनके खिलाफ अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना होगा।"
"भारत के खिलाफ स्टॉर्क की होगी अहम भूमिका"
ऑस्ट्रेलिया के मुख्य प्रशिक्षक ज्योफ मार्श का मानना है कि स्पीडस्टर मिचेल स्टार्क का प्रदर्शन विश्व कप सेमीफाइनल में भारत के खिलाफ अहम भूमिका निभाएगा।
बाएं हाथ के तेज गेंदबाज स्टार्क अब तक छह मैचों में 18 विकेट ले चुके हैं। पूर्व सलामी बल्लेबाज मार्श ने कहा, "दोनों बड़ी प्रतियोगी टीमों के बीच कड़ा मुकाबला होगा। टीम इंडिया के प्रदर्शन में निरंतरता है तो ऑस्ट्रेलिया के पास कई बेहतरीन क्रिकेटर हैं। मेरी समझ में ऑस्ट्रेलिया के पास बेहतर चांस है।"
श्रीलंका और इंग्लैंड के होंगे अंपायर
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच 26 मार्च को होने वाले सेमीफाइनल मुकाबले के लिए मैदानी अंपायर नियुक्त कर दिया गया है। इस मैच में श्रीलंका के कुमार धर्मसेना और इंग्लैंड के रिचर्ड केटलब्रा अंपायरिंग करेंगे।
श्रीलंका के रंजन मदुगुले को इस मैच के लिए मैच रैफरी बनाया गया है। मराइस इरासमस तीसरे अंपायर होंगे तो रिचर्ड इलिंगर्व चौथे अंपायर होंगे।