नवदीप सैनी को कभी 'बाहरी' बुलाकर किया जाता था नजरअंदाज, टीम इंडिया में चयन होते ही गरजे गंभीर
मोहम्मद शमी की जगह अफगानिस्तान के खिलाफ होने जाने वाले एकमात्र टेस्ट मैच में टीम में शामिल किए गए नवदीप सैनी को लेकर गौतम गंभीर ने एक ट्वीट किया है। युवा खिलाड़ी के चयन पर खुश होते हुए गंभीर ने पूर्व भारतीय कप्तान बिशन सिंह बेदी और पूर्व भारतीय बल्लेबाज चेतन चौहान को आड़े हाथों लिया।
गंभीर ने अपने ट्वीट में लिखा कि, डीडीसीए के सदस्यों बिशन सिंह बेदी और चेतन चौहान के प्रति मेरी 'संवेदनाएं, भारतीय टीम में 'बाहरी' नवदीप सैनी को शामिल किया गया है। पता लगा कि बाजुओं पर बांधने वाली काली पट्टी बेंगलुरु में 225 रुपये में मिल रही हैं। सर, ध्यान रखिए कि नवदीप पहले भारतीय है और फिर बाद में स्थानीय।'
दरअसल, गंभीर हमेशा से इस युवा प्रतिभा को आगे बढ़ता देखना चाहते थे, लेकिन उन्हें हमेशा 'बाहरी' कहकर चयनकर्ता नजरअंदाज किया करते थे। एक बार रणजी टीम के चयन के लिए दिल्ली के चयनकर्ता बैठे तो कप्तान के नाते गंभीर ने नवदीप का नाम आगे बढ़ाया। चयनकर्ताओं ने एतराज जताया, लेकिन गंभीर नहीं माने। बैठक रद्द हो गई।
दिग्गज स्पिनर बिशन सिंह बेदी ने भी नवदीप के चयन पर एतराज जाहिर किया। इसके बाद हुई बैठक में भी बात नहीं बनी। गौतम गंभीर अपनी बात पर अडिग थे कि वह कप्तान के नाते इस गेंदबाज को अपनी टीम में लेना चाहते हैं। आखिरकार कप्तान की चली और नवदीप को दिल्ली की टीम में चुन लिया गया। उस समय चेतन चौहान डीडीसीए के उपाध्यक्ष थे।
बता दें कि मोहम्मद शमी के यो-यो टेस्ट में फेल होने के बाद युवा गेंदबाज नवदीप सैनी को उनकी जगह अफगानिस्तान के खिलाफ खेले जाने वाले एकलौते टेस्ट मैच में जगह दी गई। बेहद साधारण परिवार से आने वाले सैनी घरेलु क्रिकेट में सबसे तेज रफ्तार से गेंद फेंकने वाले खिलाड़ी हैं।
सोमवार को भारतीय टीम में जगह बनाने वाले सैनी ने कहा , 'गौतम भैया ने मुझसे कहा कि जैसे टेनिस बॉल से डालता है, वैसे ही डाल। कोई टेंशन नहीं। बाकी सब ठीक हो जाएगा।' उसने कहा , 'मैंने वही किया जो उन्होंने कहा। मैं आज उनकी वजह से ही यहां हूं। पता नहीं क्यों लेकिन जब भी मैं गौतम गंभीर के बारे में बोलता हूं तो भावुक हो जाता हूं।'