Shahid Afridi Covid Positive: शाहिद अफरीदी आए कोरोना पॉजिटिव, पीएसएल 2022 के शुरुआती मुकाबलों से हुए बाहर
पूर्व पाकिस्तानी ऑलराउंडर शाहिद अफरीदी कोरोना से संक्रमित पाए गए हैं। वह अब 27 जनवरी से शुरू होने वाले पाकिस्तान सुपर लीग 2022 के शुरुआती मैचों से बाहर हो गए हैं। अफरीदी इस सीजन में क्वेटा ग्लैडिएटर्स का हिस्सा हैं।
विस्तार
पूर्व पाकिस्तानी ऑलराउंडर शाहिद अफरीदी कोरोना से संक्रमित पाए गए हैं। वह अब 27 जनवरी से शुरू होने वाले पाकिस्तान सुपर लीग 2022 (पीएसएल 2022) के शुरुआती मैचों से बाहर हो गए हैं। अफरीदी इस सीजन में क्वेटा ग्लैडिएटर्स का हिस्सा हैं।
46 वर्षीय स्टार ऑलराउंडर ने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट से खुद के संक्रमित होने की जानकारी दी। उन्होंने लिखा, "दुर्भाग्य से मैं पॉजिटिव मिला हूं लेकिन मुझमें कोई लक्षण नहीं है।"
अफरीदी ने आगे लिखा, "उम्मीद है जल्दी ठीक हो जाऊंगा और नेगेटिव रिपोर्ट के साथ जल्द से जल्द क्यूजी (क्वेटा ग्लैडिएटर्स) में लौटूंगा। पीएसएल 7 में सभी टीमों को शुभकामनाएं, मैं अपने आखिरी पीएसएल संस्करण में अपना सब कुछ देने के लिए प्रतिबद्ध हूं।"
I have unfortunately tested positive but have no symptoms at all. InshALLAH hope to recover soon, test negative and rejoin QG as soon as possible. Good luck to all teams in #HBLPSL7 I'm committed to giving it my all in my last PSL edition. pic.twitter.com/wCiEb5laZS
— Shahid Afridi (@SAfridiOfficial) January 27, 2022
शाहिद अफरीदी पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड द्वारा तय किए गए प्रोटोकॉल का पालन करते हुए घर पर ही क्वारंटीन रहेंगे। पीएसएल टीम की तरफ से जारी बयान में कहा गया कि क्वारंटीन अवधि और एक निगेटिव आरटी-पीसीआर टेस्ट के पूरा होने के बाद उन्हें क्वेटा ग्लैडिएटर्स की टीम में फिर से शामिल किया जाएगा।
शाहिद पीएसएल के पिछले सीजन में मुल्तान सुल्तांस का हिस्सा थे लेकिन इस सत्र के लिए उन्हें क्वेटा ग्लैडिएटर्स ने खरीदा है। स्टार ऑलराउंडर ने पीएसएल में 50 मैच खेले हैं और 3 फ्रेंचाइजी- सुल्तान, पेशावर ज़ालमी और कराची किंग्स के लिए खेलते हुए 465 रन बनाए हैं। गेंद के साथ भी उन्होंने अहम योगदान दिया है और सात रन प्रति ओवर से कम की इकॉनमी के साथ 44 विकेट चटकाए हैं।
शाहिद अफरीदी ने सीजन की शुरुआत से पहले कहा था कि पीएसएल 2022 में उनकी आखिरी उपस्थिति होगी और वह अपना पीएसएल करियर खिताब के साथ खत्म करना चाहते हैं।