IND vs ENG: विराट के बचाव में उतरे पाकिस्तान के सलमान बट, बोले- पहली गेंद पर आउट होना कोई बड़ी बात नहीं
पाकिस्तान के पूर्व कप्तान सलमान बट ने टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली का बचाव किया है। उनका कहना है कि पहली गेंद पर आउट होना कोई बड़ी बात नहीं है। नॉटिंघम टेस्ट में रन मशीन कोहली जेम्स एंडरसन की पहली गेंद पर आउट हुए थे।
विस्तार
इन दिनों भारत और इंग्लैंड के बीच पांच टेस्ट मैचों की सीरीज खेली जा रही है। इस श्रृंखला का पहला मुकाबला नॉटिंघम के ट्रेंट ब्रिज में खेला गया। जो खराब मौसम और बारिश के चलते ड्रॉ समाप्त हुआ। वैसे इस मैच में भारत की पकड़ मजबूत थी अगर बारिश ने खलल न डाला होता तो टीम इंडिया की जीत तय थी। सीरीज का टेस्ट टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली के लिए अच्छा नहीं रहा और वह खाता भी नहीं खोल पाए। इंग्लैंड के तेज गेंदबाज जेम्स एंडरसन ने उन्हें अपनी पहली गेंद पर आउट कर दिया। उसके बाद से विराट कोहली की फॉर्म चर्चा का विषय बनी हुई है। इस टेस्ट सीरीज में विराट कोहली से भारत को बहुत उम्मीद है लेकिन जिस तरह वह आउट हुए उसे लेकर चिंता करना लाजिमी है। इस बीच पाकिस्तान के पूर्व कप्तान सलमान बट ने विराट का बचाव किया है।
सलमान बट ने आगे कहा, यह सही है कि बीते दो वर्षों से वह अपने खेल में शीर्ष पर नहीं रहे, लेकिन वह अब भी आईसीसी की रैंकिंग में टॉप 5 क्रिकेटरों मे शामिल हैं, इससे पता चलता है कि उन्होंने कितना शानदार प्रदर्शन किया है और उनकी क्षमता क्या है, यह समय विराट के फॉर्म में वापस आने का है, यह सीरीज मुश्किल हो सकती है लेकिन मुझे लगता है कि वह शानदार वापसी करेंगे।
पाकिस्तान के पूर्व कप्तान के मुताबिक, पहली गेंद पर आउट होना कोई बड़ी बात नहीं है, यह बस समय की बात है, वह इससे बहुत चिंतित नहीं होंगे, हां यह जरूर है कि उनके फैंस में चिंता बनी रहती है कि विराट रन बनाए और मैच जिताऊ पारी हर बार खेलें, वह इस समय बुरे दौर से गुजर रहे हैं, लेकिन विराट इस पर भी जीत हासिल करेंगे और उनका अच्छा समय वापस आएगा।
भारत और इंग्लैंड के बीच नॉटिंघम में खेला गया पहला मुकाबला ड्रॉ रहा, हालांकि इस मैच में टीम इंडिया की पकड़ मजबूत थी। अगर मौसम ने साथ दिया होता को इसमें कोई शक नहीं था कि भारत इस सीरीज में 1-0 की बढ़त लेने कामयाब हो जाता। अब दोनों टीमों के बीच सीरीज का दूसरा मैच लॉर्ड्स पर 12 अगस्त से खेला जाएगा।