IPL 2018 में सोमवार को मेजबान चेन्नई सुपरकिंग्स ने दिल्ली डेयरडेविल्स को 13 रन से मात दी। मैच के बाद सीएसके के बल्लेबाज फाफ डू प्लेसी ने कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की खुलकर तारीफ की। शानदार फॉर्म में चल रहे धोनी की प्रशंसा करते हुए प्लेसी ने कहा कि वह किसी भी विरोधी कप्तान का जीना दूभर कर सकते हैं।
डुू प्लेसी ने मैच के बाद कहा ,‘धोनी जिस अंदाज में मौजूदा आईपीएल में बल्लेबाजी कर रहे हैं उनके सामने कोई भी गेंदबाज टिक नहीं पाएगा। फिलहाल उनके सामने गेंदबाजी करना काफी कठिन है। आपकी ऑफ साइड की बाहर की गेंदों को भी यह बल्लेबाज लेग साइड में छक्का उड़ाने की ताकत रखता है। उनके पास काफी विकल्प हैं और किसी भी गेंदबाज या कप्तान के लिए वह परेशानी का सबब बन सकते हैं।
डू प्लेसी ने भारतीय बल्लेबाज अंबाती रायुडू की भी तारीफ की। उन्होंने कहा ,‘रायुडू की बल्लेबाजी देखकर काफी मजा आता है। क्रीज पर आकर पहली ही गेंद से चौके-छक्के लगाना आसान नहीं होता। यह हर किसी की बस की बात नहीं। अंबाती ओपनिंग में भी उसी अंदाज में खेलते हैं, जैसा खेल नंबर 4 पोजिशन में दिखाते हैं। हर कोई ऐसा नहीं कर पाता। मैं उनके लचीलेपन से बेहद प्रभावित हूं।
बता दें कि सोमवार रात चेन्नई सुपरकिंग्स और दिल्ली डेयरडेविल्स के बीच हुए आईपीएल के 30वें मुकाबले में शेन वॉटसन के 78 और धोनी के नाबाद 51 रनों की मदद से चेन्नई ने यह मुकाबला 13 रन से जीत लिया।