पाकिस्तान से शिकस्त के बाद क्या बोले कप्तान तिलक?: किस पर फोड़ा हार का ठीकरा, किसे माना मैच का टर्निंग पॉइंट?
तिलक वर्मा के शतक और अभिषेक शर्मा की तूफानी पारी के बावजूद भारत ए को पाकिस्तान ए के खिलाफ हार मिली। मुकाबले के बाद भारतीय कप्तान ने बताया कि किस साझेदारी से टीम की उम्मीदें जगी थीं और किस विकेट ने पूरा खेल बदल दिया। दूसरी ओर, पाकिस्तानी कप्तान ने भी अपनी रणनीति का खुलासा किया।
विस्तार
एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 में भारत ए को पाकिस्तान ए के खिलाफ 48 रन से हार का सामना करना पड़ा। कप्तान तिलक वर्मा ने शतक लगाकर टीम को जीत दिलाने की पूरी कोशिश की, लेकिन दूसरे छोर से उन्हें पर्याप्त साथ नहीं मिला। मैच के बाद तिलक ने अपनी बल्लेबाजी, शाहबाज अहमद के साथ साझेदारी और मुकाबले के निर्णायक मोड़ पर खुलकर बात की। उन्होंने यह भी बताया कि किस समय भारत के हाथ से मैच निकल गया। वहीं, पाकिस्तान ए के कप्तान अब्दुल समद ने अपनी टीम के प्रदर्शन पर खुशी जताई और 300 से ज्यादा रन बनाने के फैसले के पीछे की वजह बताई।
'शाहबाज दो ओवर और टिक जाते तो मैच खत्म कर सकता था'
तिलक वर्मा ने मैच के बाद कहा कि अभिषेक शर्मा की शुरुआत और शाहबाज अहमद के साथ उनकी साझेदारी भारत के लिए काफी अहम रही। हालांकि, जब टीम को तेजी से रन बनाने की जरूरत थी, तभी शाहबाज का विकेट गिर गया, जो कि टर्निंग पॉइंट साबित हुआ। उनके मुताबिक, अगर शाहबाज कुछ ओवर और टिक जाते तो भारत लक्ष्य हासिल कर सकता था।
तिलक ने कहा, 'जिस तरह अभिषेक ने शुरुआत की और बीच में शाहबाज ने मेरे साथ साझेदारी की, वह काफी अहम था। लेकिन दुर्भाग्य से जब हम तेजी से रन बनाना चाहते थे, तभी शाहबाज आउट हो गए। अगर वह दो ओवर और बल्लेबाजी कर लेते तो शायद मैं मैच खत्म कर सकता था।' शाहबाज अहमद का विकेट गिरना भारत के लिए निर्णायक साबित हुआ। दोनों ने सातवें विकेट के लिए 112 रन जोड़े थे। शाहबाज के आउट होते ही भारतीय पारी लड़खड़ा गई और जीत की उम्मीदें खत्म हो गईं।
'बीच में लगातार विकेट गंवाए, वरना 47वें-48वें ओवर में जीत जाते'
भारतीय कप्तान ने पिच की परिस्थितियों और पाकिस्तान के तेज गेंदबाजों की तारीफ भी की। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के तेज गेंदबाजों ने अच्छी लाइन और लेंथ से गेंदबाजी की। उन्होंने कहा, 'दूसरी पारी के शुरुआती 10 ओवर में गेंद थोड़ी स्विंग हो रही थी। इसका श्रेय उन दोनों तेज गेंदबाजों को जाता है, जिन्होंने बहुत अच्छी लाइन और लेंथ से गेंदबाजी की। लेकिन इसी दौरान हमने लगातार विकेट गंवाए। वरना हम 47वें या 48वें ओवर में ही मैच जीत सकते थे।'
'मेरे लिए सर्वश्रेष्ठ पारी वही, जिसमें टीम जीते'
तिलक वर्मा ने इस मुकाबले में जिम्मेदारी के साथ बल्लेबाजी की और अंत तक टीम को जीत दिलाने की कोशिश की। उन्होंने 149 गेंद में सात चौके और एक छक्के की मदद से 100 रन बनाए। जब उनसे पूछा गया कि क्या यह पिछले कुछ समय में उनकी सर्वश्रेष्ठ पारियों में से एक थी, जिसमें उन्होंने जिम्मेदारी लेते हुए मैच को अंत तक ले जाने का प्रयास किया। इस पर कप्तान ने कहा कि उनके लिए व्यक्तिगत प्रदर्शन से ज्यादा टीम की जीत मायने रखती है।
तिलक ने कहा, 'मैं इसे अपनी सर्वश्रेष्ठ पारी नहीं कहूंगा। मेरे लिए सर्वश्रेष्ठ वही है, जिसमें टीम जीतती है। अगर मैं मैच नहीं जिता पाता तो मेरे लिए यह सर्वश्रेष्ठ नहीं है। मैं हमेशा कोशिश करता हूं कि मैच को जितना हो सके अंत तक लेकर जाऊं। आज भी मेरा यही प्रयास था। अगर किसी दूसरे बल्लेबाज ने मेरा साथ दिया होता तो मैं मैच खत्म कर सकता था। अगर आप टीम के कप्तान हैं तो आपको जिम्मेदारी लेनी चाहिए। मुझे ऐसा करना पसंद है। भगवान की कृपा है कि उन्होंने मुझे इतने रन दिए।'
पाकिस्तान ए के कप्तान अब्दुल समद ने भी मैच के बाद अपनी टीम के प्रदर्शन पर बात की। उन्होंने सलामी बल्लेबाजों माज सदाकत और शमिल हुसैन की तारीफ की, जिन्होंने पहले विकेट के लिए तेजी से रन जोड़े। इसके बाद हसन नवाज की 79 रन की पारी ने पाकिस्तान को बड़े स्कोर तक पहुंचाया।
समद ने कहा, 'जिस तरह शमिल और माज ने पहली गेंद से ही विपक्षी टीम पर दबाव बनाया, वह शानदार था। इसके बाद हसन नवाज ने बेहतरीन बल्लेबाजी की। मैंने, फरहान यूसुफ और इमरान रंधावा ने भी कुछ योगदान दिया। सभी खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया और बोर्ड पर अच्छा स्कोर खड़ा किया। इस पिच पर 313 रन बहुत बड़ा स्कोर था।'
पहले बल्लेबाजी करने के फैसले पर उन्होंने बताया, 'पिच सूखी दिख रही थी। टॉस जीतने के बाद इजाज भाई और मैंने तय कर लिया था कि हम पहले बल्लेबाजी करेंगे और 300 से ज्यादा रन बनाएंगे। भारत अच्छी टीम है और इस पिच पर 300 से ज्यादा का स्कोर अच्छा रहता।' गेंदबाजों के प्रदर्शन पर समद ने कहा, 'अली रजा ने एक बार फिर शानदार शुरुआत दिलाई। अहमद दानियाल और बाकी गेंदबाजों ने भी अच्छा प्रदर्शन किया। इमरान रंधावा ने भी दबाव बनाया। सभी ने मिलकर योगदान दिया और आखिर में पाकिस्तान ने मैच में जीत हासिल की।'
पाकिस्तान ए ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 313 रन बनाए थे। माज सदाकत ने 59 और शमिल हुसैन ने 33 रन बनाए। वहीं, हसन नवाज ने 79 रन की अहम पारी खेली। 314 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारत ए की शुरुआत अच्छी नहीं रही। वैभव सूर्यवंशी और आयुष बदोनी जल्दी आउट हो गए। अभिषेक शर्मा ने 42 गेंद में छह चौके और छह छक्कों की मदद से 70 रन बनाए। उनके आउट होने के बाद भारत ने लगातार विकेट गंवाए और एक समय टीम का स्कोर 129 रन पर छह विकेट हो गया था।
इसके बाद शाहबाज अहमद ने तिलक के साथ सातवें विकेट के लिए 112 रन की साझेदारी कर मुकाबले में रोमांच पैदा किया। हालांकि, शाहबाज के आउट होते ही भारत की उम्मीदें टूट गईं। तिलक ने अपना शतक पूरा किया, लेकिन भारत ए की पूरी टीम 265 रन पर सिमट गई और पाकिस्तान ए ने 48 रन से मुकाबला जीत लिया।
