फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Cricket ›   Cricket News ›   England vs West Indies 2020, 3rd Test, match Preview, West Indies Eye Historic Series Win against england

ENGvWI: 32 साल बाद सीरीज जीतने उतरेगा वेस्टइंडीज, इंग्लैंड के लिए प्रतिष्ठा की जंग

Fri, 24 Jul 2020 12:06 AM IST
मुकेश कुमार झा स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला Published by: मुकेश कुमार झा Updated Fri, 24 Jul 2020 12:06 AM IST
विज्ञापन
England vs West Indies 2020, 3rd Test, match Preview, West Indies Eye Historic Series Win against england
इंग्लैंड बनाम वेस्टइंडीज - फोटो : social media

करिश्माई बेन स्टोक्स के चमत्कारिक खेल से पिछले मैच में श्रृंखला बराबर करने वाला इंग्लैंड अब भी गेंदबाजों के चयन को लेकर असमंजस में है जबकि वेस्टइंडीज के लिए शीर्ष क्रम के बल्लेबाजों की फॉर्म चिंता का विषय बनी है जिससे शुक्रवार से शुरू होने वाले तीसरे और निर्णायक टेस्ट मैच में दोनों टीमों में कुछ अहम बदलाव देखने को मिल सकते हैं। 

विज्ञापन


वेस्टइंडीज ने साउथम्पटन में पहला टेस्ट मैच चार विकेट से जीता था लेकिन इंग्लैंड ने ओल्ड ट्रैफर्ड में ही जैव सुरक्षित वातावरण में खेले गए दूसरे मैच में 113 रन से जीत दर्ज करके तीन मैचों की श्रृंखला 1-1 से बराबर कराई। वेस्टइंडीज को अगर विजडन ट्रॉफी अपने पास बरकरार रखनी है तो उसे तीसरे मैच को कम से कम ड्रॉ करवाना होगा। 
विज्ञापन

 

32 साल बाद सीरीज जीतने उतरेगा वेस्टइंडीज

इस मैच में जीत दर्ज करने पर जेसन होल्डर की टीम 1988 के बाद इंग्लैंड की धरती पर श्रृंखला जीतने वाली पहली कैरेबियाई टीम बन जाएगी। पहले दोनों मैच बारिश से प्रभावित रहे और मौसम विज्ञान की भविष्यवाणी के अनुसार तीसरे मैच पर भी खराब मौसम का असर पड़ सकता है। दूसरे टेस्ट मैच में बारिश के कारण तीसरे दिन का खेल नहीं हो पाया था। 

इसके बावजूद अगर इंग्लैंड जीत दर्ज करने में सफल रहा तो उसमें स्टोक्स और गेंदबाजों का अहम योगदान रहा। स्टोक्स ने इस मैच में 176 और नाबाद 78 रन की पारियां खेली और तीन विकेट भी लिए लेकिन इंग्लैंड की रोटेशन की नीति के बावजूद उन्हें विश्राम दिए जाने की संभावना नहीं है।

तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर जैव सुरक्षित वातावरण के नियमों का उल्लंघन करने के कारण दूसरे मैच में नहीं खेल पाये थे लेकिन वह तीसरे मैच के लिए उपलब्ध रहेंगे। 

आर्चर को लेकर असमंजस बरकरार

आर्चर ने स्वयं कहा कि उन्हें मानसिक तौर पर पूरी तरह तैयार रहने की जरूरत है जबकि उनके साथी जेम्स एंडरसन ने कहा कि कप्तान जो रूट और कोच क्रिस सिल्वरवुड को देखना होगा कि क्या आर्चर खेलने के लिए अच्छी स्थिति में है।

एंडरसन को भी पिछले मैच में विश्राम दिया गया था लेकिन उनकी इस मैच में वापसी तय है। ऐसे में क्रिस वोक्स और सैम कुर्रेन को बाहर बैठना पड़ सकता है। आर्चर की वापसी होती है तो देखना होगा कि मार्क वुड और स्टुअर्ट ब्रॉड में से किसे मौका दिया जाता है। 

डॉम बेस की जगह बाएं हाथ के स्पिनर जैक लीच को अंतिम एकादश में रखा जा सकता है जो यहां अधिक प्रभावी हो सकते हैं। इंग्लैंड के बल्लेबाजी विभाग में किसी तरह के बदलाव की संभावना नहीं है। विकेटकीपर जोस बटलर अभी तक अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं लेकिन उनका अंतिम एकादश में बने रहना तय है। वेस्टइंडीज जरूर सलामी बल्लेबाज जॉन कैंपबेल और शाई होप की फॉर्म से चिंतित है। 

विज्ञापन

कैरेबियाई बल्लेबाजों को बड़े स्कोर बनाने की जरूरत

कैंपबेल चार पारियों में 52 जबकि होप ने 57 रन बनाए हैं। वेस्टइंडीज के कोच फिल सिमन्स ने बल्लेबाजों के प्रदर्शन को निराशाजनक करार दिया था। सिमन्स ने कहा, 'यह निराशाजनक है। हमारे गेंदबाज अच्छी भूमिका निभा रहे हैं लेकिन हमारे बल्लेबाजों को बड़े स्कोर बनाने की जरूरत है।'

वेस्टइंडीज ऐसे में जोशुआ डा सिल्वा और शेन मोजली को मौका दे सकता है। मोजली ने टेस्ट श्रृंखला से पूर्व अपनी टीम के बीच ही खेले गये अभ्यास मैच में 40 और नाबाद 83 रन बनाए थे। नक्रुमाह बोनर भी दावेदार हैं जो लेग स्पिन भी करा लेते हैं।

कैरेबियाई टीम के गेंदबाजी विभाग में भी बदलाव की संभावना है। ओल्ड ट्रैफर्ड के विकेट से स्पिनरों को मदद मिलने की संभावना है और ऐसे में वेस्टइंडीज तेज गेंदबाज शैनोन गैब्रियल की जगह राहकीम कार्नवाल को मौका दे सकता है।

आर्चर, एंडरसन और वुड की टीम में वापसी

इंग्लैंड ने तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर, जेम्स एंडरसन और मार्क वुड को वेस्टइंडीज के खिलाफ शुक्रवार से ओल्ड ट्रैफर्ड में शुरू होने वाले तीसरे और अंतिम टेस्ट मैच के लिए गुरुवार को अपनी 14 सदस्यीय टीम में शामिल किया। 

25 वर्षीय आर्चर को कोविड-19 जैव सुरक्षित प्रोटोकॉल का उल्लंघन करने के लिये दूसरे टेस्ट मैच की टीम से बाहर कर दिया गया था। उन पर जुर्माना भी लगाया गया था। एंडरसन और वुड को उस मैच में विश्राम दिया गया था। 

आर्चर, एंडरसन और वुड को हालांकि इंग्लैंड की अंतिम एकादश में जगह बनाने के लिए स्टुअर्ट ब्रॉड, क्रिस वोक्स और सैम कुर्रेन से प्रतिस्पर्धा करनी होगी। तीसरे टेस्ट मैच में इंग्लैंड किस तेज गेंदबाजी आक्रमण के साथ उतरता है यह देखना दिलचस्प होगा क्योंकि ब्रॉड, कुर्रेन और वोक्स ने दूसरे मैच में अच्छा प्रदर्शन करके जीत में अहम भूमिका निभायी थी।

तीसरे टेस्ट के लिए इंग्लैंड की 14 सदस्यीय टीम इस प्रकार है : जो रूट (कप्तान), जेम्स एंडरसन, जोफ्रा आर्चर, डोमिनिक बेस, स्टुअर्ट ब्रॉड, रोरी बर्न्स, जोस बटलर, जॉक क्राउली, सैम करन ओली पोप, डोम सिब्ली, बेन स्टोक्स, क्रिस वोक्स और मार्क वुड।

विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें क्रिकेट समाचार से जुड़ी ब्रेकिंग अपडेट। क्रिकेट जगत की अन्य खबरें जैसे क्रिकेट मैच लाइव स्कोरकार्ड, टीम और प्लेयर्स की आईसीसी रैंकिंग आदि से संबंधित ब्रेकिंग न्यूज़।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed