पाकिस्तान के खिलाफ 10 साल के सूखे को खत्म करने उतरेगा इंग्लैंड, तीसरा टेस्ट आज से
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कोरोना काल में इंग्लैंड की टीम लगातार दूसरी टेस्ट सीरीज जीतने की तैयारी में है। वेस्टइंडीज को हराने के बाद अब इंग्लैंड की नजर पाकिस्तान के खिलाफ सीरीज जीतने पर है। इंग्लैंड ने पिछले दस वर्षों में लगभग हर टीम के खिलाफ टेस्ट श्रृंखला जीती है, लेकिन इनमें पाकिस्तान शामिल नहीं है। हालांकि शुक्रवार से होने वाले तीसरे और अंतिम टेस्ट मैच में वो जीत दर्ज करके 2010 से चले आ रहे इंतजार को खत्म करने की कोशिश करेगा।
इंग्लैंड ने ओल्ड ट्रैफर्ड में खेले गए पहले टेस्ट मैच में जोस बटलर और क्रिस वोक्स की साहसिक पारियों की बदौलत तीन विकेट से जीत दर्ज की थी जबकि दूसरा टेस्ट मैच बारिश के कारण बिना किसी परिणाम के समाप्त हुआ था। इससे इंग्लैंड ने स्वदेश में पिछली 13 श्रृंखलाओं से अपना अजेय रिकार्ड बरकरार रखा लेकिन वह पाकिस्तान के खिलाफ श्रृंखला नहीं जीत पाया।
इंग्लैंड ने पाकिस्तान के खिलाफ आखिरी टेस्ट श्रृंखला 2010 में 3-1 से जीती थी। इसके बाद पाकिस्तान ने उसे 2012 और 2015 में संयुक्त अरब अमीरात में क्रमश: 3-0 और 2-0 से पराजित किया था। पाकिस्तान 2016 के इंग्लैंड दौरे में श्रृंखला 2-2 से और 2018 में 1-1 से बराबर करने में सफल रहा था। वह फिर से इसी परिणाम की उम्मीद में मैदान पर उतरेगा।
बारिश बन सकती है बाधा, समय में हो सकता है बदलाव
बारिश के कारण ओल्ड ट्रैफर्ड में दूसरे टेस्ट मैच में केवल 134.3 ओवर का ही खेल हो पाया था और इसलिए इंग्लैंड एवं वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) ने बारिश का व्यवधान पड़ने पर समय की भरपायी के लिए अगले दिनों के मैच आधे घंटे पहले यानि स्थानीय समयानुसार सुबह 10:30 बजे (भारतीय समयानुसार दोपहर बाद तीन बजे) शुरू करने का फैसला किया है।
मौसम विभाग ने मैच के पांच दिनों में से तीन दिन बारिश की भविष्यवाणी की है। पहले दिन बादल छाए रहने की संभावना है और ऐसे में टॉस जीतने वाली टीम पहले क्षेत्ररक्षण का फैसला कर सकती है। इसलिए दोनों टीमें अपने तेज गेंदबाजी विभाग को मजबूत रखना चाहेंगी।
टेस्ट चैंपियनशिप की अंक तालिका पर पड़ेगा फर्क
इंग्लैंड अगर इस मैच में जीत दर्ज करता है तो वह न सिर्फ 2010 के बाद पाकिस्तान के खिलाफ पहली टेस्ट श्रृंखला जीतेगा बल्कि आईसीसी टेस्ट चैंपियनशिप में भी आस्ट्रेलिया से आगे दूसरे स्थान पर पहुंच जाएगा। इंग्लैंड के अभी 279 अंक हैं तथा वह भारत और आस्ट्रेलिया के बाद तीसरे स्थान पर है। पाकिस्तान के 153 अंक हैं और यह मैच जीतने पर वह न्यूजीलैंड से आगे चौथे स्थान पर पहुंच जाएगा।
इंग्लैंड को स्टोक्स की कमी खलेगी
इंग्लैंड को ऑलराउंडर बेन स्टोक्स की कमी खलेगी जो अपने पिता के खराब स्वास्थ्य के कारण पिछले मैच में भी नहीं खेल पाए थे। इंग्लैंड ने उनकी जगह जॉक क्राउली को रखा था जिन्होंने अर्धशतक जमाया था। स्टोक्स की अनुपस्थिति में इंग्लैंड वोक्स और सैम कुरेन को अंतिम एकादश में बनाए रख सकता है।
तेज गेंदबाजी विभाग में स्टुअर्ट ब्राड लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले टेस्ट मैच में बाहर किए जाने के बाद उन्होंने पिछले चार मैचों में 26 विकेट लिए हैं। जेम्स एंडरसन यहां की परिस्थितियों में सफल हो सकते हैं। इंग्लैंड अगर तेज गेंदबाजों की रोटेशन की नीति पर चलता है तो फिर जोफ्रा आर्चर या मार्क वुड में से किसी को मौका मिल सकता है।
बाबर आजम पर निर्भर पाकिस्तान
पाकिस्तान ने पिछले मैच में मध्यक्रम के बल्लेबाज फवाद आलम को मौका दिया था, जिन्होंने लंबे अर्से बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी की लेकिन वह केवल चार गेंद तक टिक पाए। यह देखना दिलचस्प होगा कि पाकिस्तानी टीम प्रबंधन घरेलू क्रिकेट के इस अनुभवी बल्लेबाज पर भरोसा दिखाता है या नहीं। पाकिस्तान की बल्लेबाजी काफी हद तक बाबर आजम पर निर्भर है, भले ही कुछ अवसरों पर शान मसूद और आबिद अली ने अच्छा प्रदर्शन किया। पिछले मैच में विकेटकीपर मोहम्मद रिजवान ने पुछल्ले बल्लेबाजों के साथ अच्छी बल्लेबाजी की थी।
पाकिस्तान की मजबूत तेज गेंदबाजी
तेज गेंदबाजी विभाग में शाहीन अफरीदी और मोहम्मद अब्बास ने अब तक नई गेंद से अच्छा प्रदर्शन किया है जबकि नसीम शाह ने पहले बदलाव के रूप में अच्छी भूमिका निभायी है। पाकिस्तान इसी गेंदबाजी आक्रमण के साथ उतर सकता है। पिच से भी शुरू में तेज गेंदबाजों को मदद मिलने की उम्मीद है।
आगे पता नहीं कि अगला टेस्ट मैच कब खेलेंगे: रूट
इंग्लैंड के कप्तान जो रूट ने तीसरे टेस्ट से एक दिन पहले बृहस्पतिवार को कहा कि वह नहीं जानते कि उनकी टीम अगली टेस्ट श्रृंखला कब खेलेगी, इसलिए वह जैव सुरक्षित वातावरण में लगातार दूसरी श्रृंखला जीतने में कोई कसर नहीं छोड़ेगी।
गौरतलब है कि कोरोना वायरस महामारी के कारण एक समय इंग्लैंड के ग्रीष्मकालीन क्रिकेट सत्र पर खतरा मंडरा रहा था लेकिन इंग्लैंड एवं वेल्स क्रिकेट बोर्ड ने जैव सुरक्षित वातावरण तैयार किया तथा वेस्टइंडीज और पाकिस्तान के खिलाफ तीन-तीन टेस्ट मैचों की श्रृंखलाएं आयोजित की।
रूट ने पाकिस्तान के खिलाफ मैच की पूर्व संध्या पर वीडियो कॉन्फ्रेन्स में कहा, ‘हम नहीं जानते कि अगली बार हम कब टेस्ट क्रिकेट खेलेंगे।’ उन्होंने कहा, ‘इसलिए यह सुनिश्चित करें कि हम इस सप्ताह अपनी तरफ से पूरा प्रयास करें। हम अपनी तरफ से कोई कसर नहीं छोड़ेंगे।’