IND vs ENG: मैनचेस्टर टेस्ट रद्द होने के बाद एंडरसन ने संन्यास की अटकलों पर दिया जवाब, जानें क्या कहा
सीरीज के शुरू होने से पहले ही इस बात के कयास लगाए जा रहे थे कि एंडरसन मैनचेस्टर टेस्ट के बाद संन्यास ले सकते हैं, लेकिन अब उन्होंने ऐसी सभी अटकलों पर विराम लगा दिया है।
विस्तार
भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की टेस्ट श्रृंखला नाटकीय अंदाज में खत्म हो गई है। मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड में 10 सितंबर से शुरू होने वाले आखिरी टेस्ट मैच को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया गया। भारतीय दल में कोरोना के बढ़ते मामलों और खिलाड़ियों की घबराहट को देखते हुए बीसीसीआई और ईसीबी ने मैच को फिलहाल के लिए रद्द कर उसे भविष्य में रिशेड्यूल करने पर सहमति जताई।
सीरीज का आखिरी मुकाबला भले ही नहीं हो पाया लेकिन दोनों टीमों के बीच खेले गए चार टेस्ट मैच बेहद रोमांचक और कड़ी टक्कर वाले रहे। इंग्लैंड की तरफ से अनुभवी तेज गेंदबाज जेम्स एंडरसन और कप्तान जो रूट छाए रहे। एंडरसन से सीरीज में भारतीय कप्तान विराट कोहली को खूब परेशान किया और उन्हें कई बार आउट किया। हालांकि अब जब सीरीज खत्म हो गई है तो 39 वर्षीय एंडरसन के करियर पर भी चर्चा होने लगी है। इस सीरीज के शुरू होने से पहले ही इस बात के कयास लगाए जा रहे थे कि एंडरसन मैनचेस्टर टेस्ट के बाद संन्यास ले सकते हैं, लेकिन अब उन्होंने ऐसी सभी अटकलों पर विराम लगा दिया है।
एशेज सीरीज भी खेलूंगा
एंडरसन ने 'द टेलीग्राफ' के लिए अपने कॉलम में लिखा, 'मुझे उम्मीद है कि मैं इंग्लैड के लिए एक और समर खेल सकता हूं। इसका मतलब यह है कि मैं दिसंबर में एशेज सीरीज भी खेलूंगा। मैंने अपनी योजनाओं में वेस्टइंडीज के दौरे को भी शामिल कर रखा है।'
गौरतलब है कि इंग्लैंड ने अगले समर के लिए जो कार्यक्रम जारी किया है, उसमें उसे सबसे पहले न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन मैचों की टेस्ट सीरीज खेलनी है।
इसे लेकर एंडरसन ने कहा कि न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन मैचों की टेस्ट सीरीज में आराम करने और रिकवर करने के लिए काफी गैप है। यह मेरे लिए मैनेज करना काफी आसान लगता है।
बता दें कि भारत के खिलाफ टेस्ट सीरीज में एंडरसन ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 15 विकेट चटकाए। एंडरसन इस सीरीज में इंग्लैंड की तरफ से सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाजों में सिर्फ ओली रोबिन्सन से ही पीछे रहे, जिन्होंने सीरीज में सर्वाधिक 21 विकेट चटकाए।