बारिश के साये के बीच डेल स्टेन को चाहिए सिर्फ एक विकेट
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दुनिया की नंबर वन टीम दक्षिण अफ्रीका ने विदेशी धरती पर 2006 के बाद से टेस्ट क्रिकेट में कोई टेस्ट सीरीज नहीं गंवाई है। लेकिन उसके विजयी रथ पर लगाम लगाने के लिए अब बारिश का खतरा सामने नजर आ रहा है।
30 जुलाई से मीरपुर में दक्षिण अफ्रीका को बांग्लादेश के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच में उतरना है। दो मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मैच बारिश के कारण धुल गया था। इस तरह से मेजबान बांग्लादेश टेस्ट क्रिकेट में दक्षिण अफ्रीका से पहली बार कोई मैच ड्रॉ कराने में कामयाब रहा था।
मेहमान दक्षिण अफ्रीका जहां इस मैच को जीतकर सीरीज पर कब्जा करना चाहेगा, वहीं लगातार 4 वनडे सीरीज जीतने वाली बांग्लादेश की टीम टेस्ट में भी कामयाबी चूमना चाहेगी। अभी तक टेस्ट क्रिकेट में दक्षिण अफ्रीका का बांग्लादेश पर दबदबा कायम रहा है। लेकिन 8 टेस्ट मैचों में बड़ी जीत के बाद दक्षिण अफ्रीका को पिछले मैच में बारिश के कारण ड्रॉ पर मजबूर होना पड़ा था।
दक्षिण अफ्रीका जैसी मजबूत टीम के खिलाफ बांग्लादेश के कुछ खिलाड़ी खासकर तमीम इकबाल, महमुदुल्लाह, लिटन दास और शाकिब अल हसन शानदार खेल दिखाकर अपनी छाप छोड़ना चाहेंगे। हालांकि सब की नजर नवोदित तेज गेंदबाज मुस्ताफिजुर रहमान पर होगी जिन्होंने अपने पिछले मैच में जो उनके करियर का पहला टेस्ट मैच भी था, शानदार खेल दिखाते हुए मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार जीता था।
सिर्फ एक सफलता से डेल स्टेन चूमेंगे कामयाबी का मजा
बारिश ने पिछले मैच में न सिर्फ दक्षिण अफ्रीका को जीत से दूर कर दिया था बलि्क टीम के धाकड़ तेज गेंदबाज डेल स्टेन भी इसके शिकार बने थे।
दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज डेल स्टेन टेस्ट क्रिकेट में अब तक 399 शिकार कर चुके हैं और 400 विकेट लेने वाले क्लब में शामिल होने के लिए उन्हें अब एकमात्र सफलता की दरकार है।
टेस्ट में अगली सफलता हासिल करते ही वह टेस्ट में 400 विकेट हासिल करने वाले दक्षिण अफ्रीका के दूसरे गेंदबाज बन जाएंगे। जहां तक ओवरऑल रिकॉर्ड की बात है तो यहां तक पहुंचने वाले वे दुनिया के 13वें गेंदबाज होंगे।
दूसरी ओर, बांग्लादेश के हरफनमौला शाकिब अल हसन को भी एक विशिष्ट क्लब में शामिल होने के लिए 3 विकेट और चाहिए। अगर वह 3 और विकेट झटक लेते हैं तो टेस्ट में 150 विकेट और 2500 रन बनाने वाले दुनिया के 17वें ऑलराउंडर बन जाएंगे।