एक रन से शतक से चूका बल्लेबाज, वनडे में हुआ यह 28वीं बार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम के बाहर धमाकों के बीच कप्तान अजहर अली ने अपना ध्यान नहीं खोया और शानदार शतक लगाकर टीम को वनडे सीरीज दिलवा दी।
पाकिस्तान और जिम्बाब्वे के बीच इस समय तीन मैचों की वनडे सीरीज खेली जा रही है और सीरीज के दूसरे मैच में शुक्रवार को पाक ने मेहमान टीम को 16 गेंद शेष रहते 6 विकेट से हरा दिया।
इस जीत के साथ ही मेजबान टीम ने जिम्बाब्वे के खिलाफ सीरीज में लगातार दूसरी जीत हासिल करते हुए सीरीज में अजेय बढ़त बना ली है। पाक ने करीब 2 साल बाद कोई वनडे सीरीज जीती है।
बतौर कप्तान अजहर के लिए यह परिणाम बेहद सुखद कहा जा सकता है क्योंकि बांग्लादेश के हाथों शुरुआती 3 मैचों में हार के बाद उनकी अगुवाई में टीम को लगातार दूसरी जीत दिलवाई।
पाक ने जिम्बाब्वे से मिले 269 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए 48वें ओवर में 4 विकेट खोकर यह स्कोर खड़ा कर लिया। पाक की इस जीत में कप्तान और ओपनर अजहर अली का बड़ा योगदान रहा जिन्होंने शानदार शतक लगाते हुए 102 रनों की पारी खेली और टीम को जीत के द्वार पहुंचा दिया।
बतौर कप्तान हार की हैट्रिक लगाने के बाद लगातार 2 जीत
बांग्लादेश के खिलाफ सीरीज के दौरान वनडे टीम की कप्तानी हासिल करने वाले अजहर अली की शुरुआत बतौर कप्तान खराब रही थी और बांग्लादेश जैसी टीम के हाथों उसके ही घर में पाकिस्तान को पहली बार लगातार 3 मैचों में हार का सामना करना पड़ा था।
लेकिन 6 साल बाद अपने घर में वनडे सीरीज खेल रही पाक टीम ने एक बार फिर जीत की राह पकड़ ली है क्योंकि पाक ने करीब 2 साल बाद कोई वनडे सीरीज जीती है।
जिम्बाब्वे ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 7 विकेट पर 268 रन बनाए। उसकी ओर से पाक मूल के बल्लेबाज सिकंदर रजा ने नाबाद 100 रन बनाए। उनके अलावा ओपनर चामू चिभाभा ने अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ पारी खेली और 99 रनों का योगदान दिया। वह महज एक रन से अपने शतक से चूक गए।
वनडे क्रिकेट में नर्वस नाइंटीज बने चिभाभा जिम्बाब्वे के ऐसे पहले बल्लेबाज बन गए हैं जो 99 रन पर आउट हुए। ओवरऑल देखा जाए तो एक रन से शतक से चूकने की यह 28वीं घटना है।
इन दोनों के अलावा मेहमान टीम का और कोई बल्लेबाज कमाल नहीं देखा पाया। पाक के लिए वहाब रियाज और यासिर शाह ने 2-2 विकेट झटके।
जवाब में पाक ने कप्तान और ओपनर अजहर अली (102) के शानदार शतक और हैरिस सोहैल के नाबाद 52 रनों की बदौलत मैच जीत लिया। सीरीज का तीसरा मैच 31 मई को लाहौर के इसी गद्दाफी स्टेडियम में खेला जाएगा।