क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया को BCCI का साफ जवाब, कहा- डे नाइट टेस्ट मैच नहीं खेलेगी टीम इंडिया
बीसीसीआई ने क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया से स्पष्ट कर दिया कि इस साल के अंत में होने वाली बॉर्डर-गावस्कर सीरीज में टीम इंडिया कोई भी डे नाइट टेस्ट मैच नहीं खेलेगी। इसकी अधिकारिक पुष्टि की जा चुकी है। याद हो कि इस दौरे पर भारत-ऑस्ट्रेलिया के बीच 4 टेस्ट खेले जाएंगे। बॉर्डर-गावस्कर सीरीज का पहला टेस्ट 6 दिसंबर को एडिलेड में खेला जाएगा।
कोच रवि शास्त्री ने CoA से स्पष्ट कर दिया कि टीम इंडिया को डे नाइट मैच के लिए कम से कम 18 महीने की तैयारी की जरूरत है। इस बारे में बोर्ड के कार्यकारी सचिव अमिताभ चौधरी ने क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के सीईओ जेम्स सदरलैंड को सूचित भी कर दिया है। इसके पहले सीईओ जेम्स सदरलैंड ने कहा था कि वो एडिलेड में डे-नाइट टेस्ट खेलने के लिए बीसीसीआई को मनाने में जुटी है।
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया चाहता था कि एडिलेड में 6-10 दिसंबर के बीच खेले जाने वाला सीरीज का पहला मैच गुलाबी गेंद से दूधिया रोशनी में खेला जाए। बता दें कि ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम ने अबतक अपने घर में खेले एक भी डे-नाइट टेस्ट मैच में हार का स्वाद नहीं चखा है। दूसरी ओर टीम इंडिया के सिर्फ 2 खिलाड़ी चेतेश्वर पुजारा और मुरली विजय के ही पास ही गुलाबी गेंद से डे-नाइट टेस्ट खेलने का अनुभव है।
यहां जानिए टीम इंडिया का पूरा ऑस्ट्रेलियाई शेड्यूल
बता दें कि ऑस्ट्रेलिया में टीम इंडिया को टेस्ट, वनडे और टी-20 समेत कुल 10 मैच खेलने हैं। दौरे की शुरुआत T-20 सीरीज से होगी फिर टेस्ट सीरीज की बारी आएगी अंत वनडे से होगा।
T20 सीरीज
- नवंबर 21- पहला टी20 - गाबा, ब्रिसबेन
- नवंबर 23 - दूसरा टी20 - मेलबर्न
- नवंबर 25 - तीसरा टी20 - सिडनी
टेस्ट सीरीज
- पहला टेस्ट- 6-10 दिसंबर, एडिलेड ओवल
- दूसरा टेस्ट- 14-18 दिसंबर, पर्थ
- तीसरा टेस्ट- 26-30 दिसंबर, मेलबर्न
- चौथा टेस्ट- 3-7 जनवरी, सिडनी
वनडे सीरीज
- जनवरी 12, पहला वनडे, सिडनी
- जनवरी 15, दूसरा वनडे, ओवल
- जनवरी 18, तीसरा वनडे, मेलबर्न