{"_id":"5c03a3eebdec2241ca08f37d","slug":"bangladesh-team-creates-history-after-beating-west-indies-by-an-innings-and-184-runs","type":"story","status":"publish","title_hn":"BANvWI: बांग्लादेश क्रिकेट के लिए ऐतिहासिक दिन, पहली बार टेस्ट में पारी के अंतर से जीता मैच","category":{"title":"Cricket News","title_hn":"क्रिकेट न्यूज़","slug":"cricket-news"}}
BANvWI: बांग्लादेश क्रिकेट के लिए ऐतिहासिक दिन, पहली बार टेस्ट में पारी के अंतर से जीता मैच
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला
Updated Sun, 02 Dec 2018 02:50 PM IST
विज्ञापन
बांग्लादेश क्रिकेट टीम
बांग्लादेश क्रिकेट टीम के लिए रविवार का दिन ऐतिहासिक बन गया है। बांग्लादेश ने टेस्ट क्रिकेट में पहली बार मुकाबला एक पारी के अंतर से जीता है। मेजबान टीम ने ढाका में खेले गए दूसरे टेस्ट में वेस्टइंडीज को एक पारी और 184 रन से मात दी। इस जीत के साथ ही बांग्लादेश ने वेस्टइंडीज का 2-0 से क्लीन स्वीप किया। बांग्लादेश ने पहला टेस्ट 64 रन से जीता था।
विज्ञापन
बांग्लादेश ने एक ही दिन में विंडीज के कुल 15 विकेट चटकाए। ऑफ स्पिनर मेहदी हसन को मैच में कुल 12 विकेट लेने के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया। पता हो कि बांग्लादेश ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया और 508 रन बनाए। जवाब में वेस्टइंडीज की पारियां क्रमश: 111 और 213 पर ढेर हुईं।
विज्ञापन
दूसरे टेस्ट के तीसरे दिन वेस्टइंडीज ने अपनी पहली पारी 75/5 के स्कोर से आगे बढ़ाई। बांग्लादेश के ऑफ स्पिनर मेहदी हसन की घातक गेंदबाजी के सामने कोई कैरेबियाई बल्लेबाज टिक नहीं पाया और उसके पांच विकेट कल के स्कोर में 36 रन का इजाफा करके पवेलियन लौट गए।
विज्ञापन
कैरेबियाई टीम की तरफ से पहली पारी में शिमरोन हेटमायर (39) सर्वोच्च स्कोरर रहे। इसके अलावा शेन डॉरिच (37) ने थोड़ा संघर्ष किया। बांग्लादेश की तरफ से मेहदी हसन ने 16 ओवर में एक मेडन सहित 58 रन देकर 7 विकेट चटकाए। इसके अलावा शाकिब अल हसन ने 15.4 ओवर में 4 मेडन सहित 27 रन देकर तीन विकेट झटके। मेजबान टीम ने वेस्टइंडीज को फॉलोऑन दिया।
वेस्टइंडीज की दूसरी पारी में भी शुरुआत खराब रही। मेहदी हसन और शाकिब अल हसन ने कैरेबियाई ओपनर्स क्रैग ब्रेथवेट (1) व काइरन पॉवेल (6) को जल्दी पवेलियन भेजा। दूसरी पारी में ताइजुल इस्लाम को भी अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिला और उन्होंने तीन विकेट चटकाए। वहीं मेहदी हसन ने पहली पारी के शानदार प्रदर्शन को दूसरी पारी में भी जारी रखा और पांच विकेट चटकाए।
वेस्टइंडीज की तरफ से शिमरोन हेटमायर ने उम्दा पारी खेली। हालांकि वह अपना शतक पूरा नहीं कर सके और टीम की हार को भी टालने में नाकाम रहे। बाएं हाथ के बल्लेबाज ने 92 गेंदों में एक चौके और 9 छक्कों की मदद से 93 रन बनाए। मेहदी हसन ने मोहम्मद मिथुन के हाथों कैच आउट कराकर युवा बल्लेबाज की पारी का अंत किया।