मैदान पर गुस्सा दिखाकर विरोध जताना बांग्लादेशी कप्तान को पड़ा महंगा, मिली कड़ी सजा
बांग्लादेश के कप्तान शाकिब अल हसन और बल्लेबाज नुरुल हसन पर आईसीसी ने मैच फीस का 25 प्रतिशत जुर्माना लगाया है। बांग्लादेश टीम के दोनों खिलाड़ियों को आईसीसी कोड ऑफ कंडक्ट के तहत दोषी पाया गया है। दोनों खिलाड़ियों को श्रीलंका के खिलाफ सेमीफाइनल में उनकी शर्मनाक हरकत के लिए दोषी ठहरया गया है।
शाकिब को आईसीसी की धारा 2.1.1 (साथी खिलाड़ियों को उकसाने) के तहत दोषी पाया गया है, तो वहीं नुरुल हसन को 2.1.2 (चेतावनी के बाद विवाद) करने के मामले में दोषी ठहराया गया है। इतना ही नहीं दोनों खिलाड़ियों को लेवल-1 का उल्लंघन करने के जुर्म में 1-1 डीमेरिट प्वॉइंट भी मिला है।
बता दें कि मैच के अंतिम ओवर में बांग्लादेशी कप्तान शाकिब अल हसन ने मुस्तफिजुर रहमान को गलत आउट देने पर विवाद खड़ा किया था। उनका आरोप था कि लेग अंपायर ने नो बॉल पर मुस्तफिजुर को आउट दिया है। इसके बाद कप्तान शाकिब अल हसन ने अंतिम ओवर में महमदुल्ला को मैदान छोड़कर वापस पवेलियन आने का इशारा किया।
वहीं नुरुल हसन पर भी आईसीसी ने मैच फीस का 25 प्रतिशत जुर्माना लगाया है। दरअसल मैच के दौरान नुरुल ने श्रीलंकाई कप्तान थिसारा पेरेरा को उंगली दिखाकर गैर व्यवहारिक संकेत दिया था, जो आईसीसी कोड ऑफ कंडक्ट के तहत गलत है।