हार्दिक नहीं अक्षर पटेल का है ये कमाल, 6 ओवर, 0 रन और 4 विकेट
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विराट कोहली की अगुवाई में जहां टीम इंडिया इस समय श्रीलंका में श्रीलंका से टेस्ट सीरीज खेल रही है और 22 साल पुराने सूखे को खत्म करने को कोशिश में लगी है तो वहीं भारत में अक्षर पटेल का कमाल का प्रदर्शन जारी है।
युवा ऑलराउंडर पटेल ने दक्षिण अफ्रीका की टीम के खिलाफ जोरदार खेल दिखाया और मैच में पहले 5 विकेट झटका फिर शानदार बल्लेबाजी करते हुए फिफ्टी भी ठोंक डाली। इसके बाद दूसरी पारी में उन्होंने लाजवाब अंदाज में गेंदबाजी की और 6 ओवर में 6 मेडन के साथ 4 विकेट झटक लिए।
वायनाड (केरल) में खेले गए दक्षिण अफ्रीका-ए के खिलाफ 4 दिवसीय दूसरे अनाधिकारिक टेस्ट मैच के चौथे और अंतिम दिन भारत-ए टीम ने अपन कल के स्कोर 8 विकेट पर 417 रन पर ही घोषित कर दिया। इस तरह से भारत ने अफ्रीकी टीम पर 157 रनों की महत्वपूर्ण बढ़त हासिल कर ली।
इसके बाद दूसरी पारी में भी अक्षर ने अपना कमाल दिखाते हुए जोरदार गेंदबाजी की और अफ्रीकी टीम पर भारत को एक पारी और 81 रनों से बड़ी जीत दिला दी। भारतीय गेंदबाजों ने ताबड़तोड़ विकेट झटकते हुए महज 76 रन पर मेहमान टीम की दूसरी पारी समेट दी। दो मैचों की सीरीज में पहला मैच अफ्रीकी टीम ने जीता था।
द्रविड़ की कोचिंग में भारत-ए टीम ने कर दिया कमाल
राहुल द्रविड़ की कोचिंग में भारत-ए टीम ने बढ़िया खेल दिखाया है। चौथे दिन के खेल की शुरुआत में भारत ने 157 रनों की बढ़त हासिल करने के बाद गेंदबाजों ने कमाल कर दिया।
भारतीय गेंदबाजों ने अफ्रीकी टीम को पहला झटका चौथे ओवर में दिया जब टीम का स्कोर सिर्फ एक रन था। यह पहली सफलता अक्षर पटेल ने हासिल की। इसके बाद अफ्रीकी टीम के विकेटों का पतन शुरू हो गया और 48 रन पर ही उसके 6 विकेट गिर चुके थे।
उसकी ओर से कि्वंटन डी कॉक ने सबसे ज्यादा 20 रन बनाए। उनकी बल्लेबाजी इस कदर ढह गई कि सिर्फ दो बल्लेबाज ही दहाई का आंकड़ा छू सके। अक्षर ने पारी में कुल 4 विकेट लिए और एक भी रन नहीं दिया। उनके अलावा जयंत यादव ने 2, शार्दूल ठाकुर, करण शर्मा और बाबा अपराजित ने एक-एक विकेट झटके।
तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक भारतीय टीम ने 8 विकेट पर 417 रन बना लिए थे। उस समय अक्षर पटेल 69 और करण शर्मा (0) खेल रहे थे। भारत की ओर से 4 अर्धशतक लगे। ओपनर्स जीवनजोत सिंह (52), अभिनव मुकुंद (72) के अलावा कप्तान अंबाती रायडू ने 71 रन बनाए। इसके बाद पटेल ने भी फिफ्टी ठोंक दी।
दक्षिण अफ्रीका की ओर से डेन पीड्ट ने सबसे अधिक 5 विकेट झटके जबकि सोतसोबे के खाते में दो विकेट गया। अक्षर ने पहली पारी में 92 रन देकर 5 विकेट लिए थे। फिर 69 रनों की नाबाद पारी खेली। इसके बाद उन्होंने दक्षिण अफ्रीका की दूसरी पारी में कमाल दिखाया और भारत को जीत के करीब पहुंचा दिया।