AUSW vs INDW: स्मृति मंधाना की पारी पर मूनी का शतक पड़ा भारी, रोमांचक मुकाबले में आखिरी गेंद पर हारी भारतीय टीम
भारतीय महिला क्रिकेट टीम को शुक्रवार को करीबी मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया के हाथों हार का सामना करना पड़ा। मैकॉय में खेले गए सीरीज के दूसरे वनडे मुकाबले में मेजबान ऑस्ट्रेलिया ने आखिरी गेंद पर बाजी अपने नाम की।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
भारतीय महिला क्रिकेट टीम को शुक्रवार को करीबी मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया के हाथों हार का सामना करना पड़ा. मैकॉय में खेले गए सीरीज के दूसरे वनडे मुकाबले में मेजबान ऑस्ट्रेलिया ने आखिरी गेंद पर बाजी अपने नाम की. ऑस्ट्रेलिया को आखिरी छह गेंदों में 13 रनों की दरकार थी, लेकिन भारत की अनुभवी तेज गेंदबाज झूलन गोस्वामी के दो नो बॉल ने मैच को भारत की मुट्ठी से छीनकर ऑस्ट्रेलिया की झोली में डाल दिया।
सलामी बल्लेबाज बेथ मूनी की नाबाद शतकीय पारी (125*) के दम पर ऑस्ट्रेलियाई महिला टीम ने तीन मैचों की श्रृंखला के रोमांचक दूसरे एकदिवसीय में भारत को पांच विकेट से हराकर 2-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली। ऑस्ट्रेलिया ने इसी के साथ इस प्रारूप में लगातार 26वीं जीत दर्ज करने में सफल रही।
जीत के लिए 275 रन के लक्ष्य का पीछा कर रही ऑस्ट्रेलियाई टीम अपनी पारी के शुरुआती 25 ओवरों में दबाव में थी लेकिन मूनी की 133 गेंद में 125 रन की नाबाद साहसिक पारी के दम पर लक्ष्य का पीछा करते हुए महिला क्रिकेट में सफलतापूर्वक सबसे बड़ा लक्ष्य हासिल किया। ऑस्ट्रेलिया टीम का जीत का यह सिलसिला 2018 में शुरू हुआ था जिसके बाद उसके खिलाफ बना यह सबसे बड़ा स्कोर था। इससे पहले सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना की 86 रन की संयमित पारी के दम पर भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने सात विकेट पर 274 रन बनाए।
What a match 🙌#AUSvIND pic.twitter.com/cxlAi9k967
— ICC (@ICC) September 24, 2021
आखिरी गेंद तक चला मैच
एक समय भारतीय टीम आखिरी ओवर की पांचवीं गेंद पर जीत का जश्न मनाने लगी थी जब झूलन की गेंद पर मूनी का कैच लपक लिया गया लेकिन तीसरे अंपायर ने कई बार रिप्ले देखकर कमर से ऊपर के फुलटॉस गेंद होने के कारण इसे नो बॉल करार दिया। इसके बाद ऑस्ट्रेलिया को आखिरी गेंद पर दो रन की दरकार थी, जिसे निकोल केरी ने हासिल कर लिया।
आखिरी ओवर में जीत के लिए चाहिए थे 13 रन
ऑस्ट्रेलिया को जीत के लिए आखिरी ओवर में 13 रन की जरूरत थी और गेंद भारत की अनुभवी गेंदबाज झूलन गोस्वामी के हाथ में थी। लेकिन झूलन के दो नो बॉल ने ऑस्ट्रेलिया के लिए जीत की राह आसान कर दी. मूनी ने निकोल केरी (38 गेंद में नाबाद 39) के साथ मिलकर छठे विकेट के लिए नाबाद 97 रन की साझेदारी की। एक समय ऑस्ट्रेलियाई टीम 52 रन पर चार विकेट गंवाकर मुश्किल में थी लेकिन मूनी ने ताहलिया मैकग्रा (77 गेंद में 74 रन) के साथ 126 रन की साझेदारी कर जीत की नींव रखी।
स्मृति-शेफाली ने भारत को दिलाई ठोस शुरूआत
टॉस गंवाने के बाद पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने के बाद मंधाना और शेफाली वर्मा (22) ने पहले पावरप्ले (शुरुआती 10 ओवर) में 68 रन बनाकर भारत को शानदार शुरुआत दिलाई। इस साल खेले गए 10 एकदिवसीय मैचों में यह दोनों की सर्वश्रेष्ठ साझेदारी रही।
चौथे विकेट के लिए अच्छी साझेदारी
मंधाना ने इसके बाद विकेटकीपर बल्लेबाज रिचा घोष (44) के साथ भी चौथे विकेट के लिए 76 रन की शानदार साझेदारी की। रिचा ने 50 गेंद की पारी में तीन चौके और एक छक्का जड़ा। भारत की ओर से पूजा वस्त्राकर ने 29 और झूलन गोस्वामी ने नाबाद 28 रन बना कर अच्छा योगदान दिया। शानदार लय में चल रही कप्तान मिताली राज (8) मंधाना के साथ गफलत का शिकार होकर रन आउट हो गई। भारतीय टीम कम अंतराल में तीन विकेट गंवाने के बाद परेशानी में थी लेकिन मंधाना और रिचा की शानदार साझेदारी ने टीम को मुश्किल परिस्थिति से बाहर निकाला। दोनों ने रन गति बनाए रखी और ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों को हावी होने का मौका नहीं दिया। पूजा और झूलन ने आखिरी ओवरों में 53 रन की साझेदारी कर टीम के स्कोर को 250 के पार पहुंचाया। झूलन ने इस दौरान आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 25 गेंद की नाबाद पारी में तीन चौके लगाए। ऑस्ट्रेलिया की तरफ से ताहलिया मैकग्रा ने 45 रन देकर तीन विकेट लिए जबकि मोलिनेक्स ने दो विकेट झटके।